Last Updated:
Kathua Nakul Murder Case: कठुआ पुलिस ने नकुल मर्डर केस की गुत्थी सुलझा 24 घंटे के अंदर सुलझा ली, मगर सवाल ये बन रहा है कि कैसे एक जिगरी दोस्त उनके खून का प्यासा हो गया. मृतक का दोस्त पार्थ वर्मा ही मुख्य आरोपी है. आरोपी ने घर में घुसकर नकुल और उसके छोटे भाई निखिल पर क्रिकेट बैट से जानलेवा हमला किया, जिसमें नकुल की मौत हो गई. घायल निखिल वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहा है.
कठुआ पुलिस ने वारदात के महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
जिस दोस्त के साथ कल तक खेल-कूद और हंसी-मजाक चलता था, वही दोस्त एक रात अचानक ‘यमराज’ बनकर घर की दहलीज पार करेगा, ऐसा नकुल और निखिल के परिवार ने सपने में भी नहीं सोचा था. जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में 6 मई को हुए सनसनीखेज नकुल हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया. हालांकि, कठुआ पुलिस ने अपनी तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर इस खूनी खेल का पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने खुलासा किया है कि इस हत्या के पीछे कोई अनजान दुश्मन नहीं, बल्कि घर का भेदी और मृतक का जिगरी दोस्त ही था.
घटना कठुआ शहर के वार्ड नंबर 10 की है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी पार्थ वर्मा (19) ने सुनियोजित तरीके हत्या की प्लानिंग की. चुपके से नकुल सिंह के घर में प्रवेश किया. उस वक्त घर में 18 वर्षीय नकुल और उसका छोटा भाई 16 वर्षीय निखिल मौजूद थे. पार्थ ने किसी धारदार हथियार का नहीं, बल्कि खेल के मैदान में इस्तेमाल होने वाले क्रिकेट बैट को अपना हथियार बनाया.
पार्थ ने दोनों भाइयों पर सिर और शरीर के ऊपरी हिस्सों पर इतनी बेरहमी से वार किए कि नकुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हमले की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग या परिजन कुछ समझ पाते, आरोपी वहां से फरार हो चुका था. छोटा भाई निखिल खून से लथपथ हालत में मिला, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, निखिल की हालत अभी भी बेहद नाजुक है और वह वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है.
हत्या की खबर मिलते ही कठुआ पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया. एसपी कठुआ मोहिता शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया. पुलिस ने घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की कॉल डिटेल्स खंगाली. जांच के दौरान तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट ने पुलिस का शक पार्थ वर्मा की ओर घुमा दिया. जब पुलिस ने पार्थ को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस का कहना है कि आरोपी पार्थ मृतक नकुल का जिगरी दोस्त था. वह अक्सर उनके घर आया-जाया करता था. यही वजह थी कि उसे घर के रास्तों और वहां मौजूद लोगों की सटीक जानकारी थी.
सबसे बड़ा सवाल यह था कि एक 19 साल का लड़का अपने ही दोस्तों का दुश्मन कैसे बन गया? पुलिस की प्रारंभिक जांच में जो बात निकलकर सामने आई है, वह और भी चौंकाने वाली है. सूत्रों और पुलिस जांच के अनुसार, इस जघन्य हत्याकांड के पीछे कथित तौर पर प्रेम प्रसंग (Love Affair) की बात सामने आ रही है. माना जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते पार्थ के मन में नफरत का बीज पनपा, जिसने अंततः एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं.
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मोहिता शर्मा ने बताया, ‘कठुआ पुलिस ने तकनीकी सबूतों के आधार पर मुख्य आरोपी पार्थ वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने क्रिकेट बैट से हमला करने की बात स्वीकार की है. 18 वर्षीय नकुल की इस हमले में मौत हो गई है, जबकि निखिल का इलाज चल रहा है. हम मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके.’
कठुआ के नकुल हत्याकांड का मुख्य आरोपी कौन है?
इस मामले का मुख्य आरोपी 19 वर्षीय पार्थ वर्मा है, जो मृतक नकुल का ही दोस्त बताया जा रहा है।
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें



