0.9 C
Munich

वर्ल्ड कप 2026 में 4 मैन ऑफ द मैच जीतने वाला मुंबई से जुड़ा, दूसरी जीत के बाद मिला जादूगर का साथ, पटरी पर लौटेगी पलटन

Must read


नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मुंबई इंडियंस ने 20 अप्रैल को गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराकर अपनी चार मैचों की हार का सिलसिला खत्म किया. इस जीत के तुरंत बाद टीम को एक और बड़ी मजबूती मिली जब इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर विल जैक्स आखिरकार टीम से जुड़ गए हैं. उनकी वापसी ऐसे समय पर हुई है जब मुंबई इंडियंस को सीजन में लय पकड़ने की सख्त जरूरत है.विल जैक्स पिछले कुछ महीनों से लगातार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे थे, जिसके चलते उन्होंने मानसिक और शारीरिक आराम के लिए ब्रेक लेने का फैसला किया.

दिसंबर से जनवरी के बीच उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में प्रतिष्ठित एशेज टेस्ट सीरीज खेली. इसके बाद श्रीलंका दौरे पर सीमित ओवरों की सीरीज में हिस्सा लिया. फिर सीधे आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में उतरे, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया. टी20 वर्ल्ड कप में जैक्स इंग्लैंड के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहे.8 मैचों में 226 रन बनाए और 9 विकेट हासिल किए. जैक्स 4 बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए जो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा था. उनका यह प्रदर्शन उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का प्रबल दावेदार बना रहा था, लेकिन संजू सैमसन के लगातार बेहतरीन स्कोर (97*, 89, 89) के चलते यह सम्मान उनसे छिन गया. इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में 5 मार्च को बाहर हो गई, जिसके बाद जैक्स ने ब्रेक लेने का फैसला किया. शुरुआत में उम्मीद थी कि वह अप्रैल की शुरुआत में मुंबई इंडियंस से जुड़ जाएंगे, लेकिन उनका ब्रेक अपेक्षा से लंबा खिंच गया.

टीम मैनेजमेंट की चिंता और अब राहत

मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच पारस म्हाब्रे ने पहले ही संकेत दिए थे कि जैक्स जल्द टीम से जुड़ेंगे, लेकिन हर मैच के बाद वही बयान दोहराया जाता रहा, जिससे अनिश्चितता बनी रही. अब जब जैक्स ने 21 अप्रैल को मुंबई में टीम के साथ अभ्यास शुरू कर दिया है, तो यह साफ हो गया है कि वह चयन के लिए उपलब्ध हैं. यह वापसी ऐसे समय पर हुई है जब टीम को लगातार हार के बाद आत्मविश्वास की जरूरत थी और अब जीत के साथ-साथ स्क्वाड भी मजबूत हो गया है.

प्लेइंग इलेवन का सबसे बड़ा सवाल

विल जैक्स के आने से टीम का संतुलन बेहतर होता है, लेकिन इससे एक नई समस्या भी खड़ी हो गई है—प्लेइंग इलेवन में जगह किसे मिलेगी?गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस ने चार विदेशी खिलाड़ियों को खिलाया था. डि कॉक, रदरफॉर्ड, सैनटर और गजनफर. उम्मीद है कि रदरफोर्ड की जगह जैक्स को खिलाया जा सकता है. दोनों ही आक्रामक बल्लेबाज हैं और मिडिल ऑर्डर में फिनिशिंग की भूमिका निभाते हैं. लेकिन जैक्स अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प भी देते हैं, जिससे टीम को संतुलन मिलता है.

टीम कॉम्बिनेशन पर जैक्स का प्रभाव

विल जैक्स की सबसे बड़ी ताकत उनकी बहुमुखी प्रतिभा है. वह ओपनिंग से लेकर नंबर 5-6 तक कहीं भी बल्लेबाजी कर सकते हैं. पावरप्ले और डेथ ओवर्स दोनों में तेजी से रन बना सकते हैं. जरूरत पड़ने पर 2-3 ओवर निकाल सकते हैं, जिससे मुख्य गेंदबाजों पर दबाव कम होता है. उनकी मौजूदगी से कप्तान को टीम संयोजन में ज्यादा विकल्प मिलते हैं और मैच के दौरान रणनीति बदलना आसान हो जाता है.

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अहम मुकाबला

मुंबई इंडियंस अब 23 अप्रैल को अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी चेन्नई सुपर किंग्स का सामना करेगी. यह मुकाबला सीजन के लिहाज से बेहद अहम है.अगर मुंबई यह मैच जीतती है, तो वह पॉइंट्स टेबल में तेजी से ऊपर जा सकती है. विल जैक्स की उपलब्धता टीम के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकती है, विल जैक्स की वापसी मुंबई इंडियंस के लिए सिर्फ एक खिलाड़ी का जुड़ना नहीं, बल्कि रणनीतिक मजबूती का संकेत है. उनकी ऑलराउंड क्षमता टीम को संतुलन देती है, जिससे बल्लेबाजी गहराई और गेंदबाजी विकल्प दोनों बढ़ते हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि टीम मैनेजमेंट सही कॉम्बिनेशन कैसे चुनता है. अगर मुंबई इंडियंस इस मौके का सही फायदा उठाती है, तो सीजन की खराब शुरुआत के बावजूद प्लेऑफ की दौड़ में मजबूत वापसी कर सकती है.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article