Last Updated:
IPL 2026 में ऐसे एक दर्जन से ज्यादा ओपनर्स हैं जो अपने-अपने अंदाज में आग उगल रहे हैं. कोई सिर्फ चौके-छक्के में डील कर रहा है तो कोई स्ट्राइक रेट और आक्रामकता के दम पर चयनकर्ताओं की टेंशन बढ़ा रहा है. फिलहाल संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा टीम इंडिया के परमानेंट ओपनर्स हैं, लेकिन इन दो प्लेयर्स को छह अन्य सलामी बल्लेबाजों से कड़ी टक्कर भी मिल रही है.
पंजाब किंग्स के 25 वर्षीय सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने आईपीएल 2026 में खेली गई अपनी छह पारियों में 287 रन बना चुके हैं. पंजाब अगर टूर्नामेंट चैंपियन बनने की हॉट फेवरेट मानी जा रही है तो प्रभसिमरन सिंह एक बड़ी वजह है. 57.40 की एवरेज और 192.61 के स्ट्राइक रेट के साथ 31 चौके और 16 छक्के लगा चुके हैं और पिछले कई सीजन से सिलेक्टर्स को प्रभावित कर रहे हैं.

पंजाब किंग्स के एक और सलामी बल्लेबाज और प्रभसिमरन सिंह के जोड़ीदार प्रियांश आर्या भारतीय टीम के ओपनर बनने के एक और मजबूत दावेदार हैं. प्रियांश आर्या ने पंजाब के लिए छह पारी में 249 रन बना चुके हैं. 42.33 की एवरेज और 249.01 के स्ट्राइक रेट के साथ 16 चौके और 26 छक्के लगा चुके हैं. बाएं हाथ के इस ओपनर की क्लीन हिटिंग क्षमता उन्हें आयरलैंड या जिम्बाब्वे जैसे दौरों के लिए चयनकर्ताओं की पहली पसंद बना सकती है.

महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी किसी भी वक्त टीम इंडिया में डेब्यू कर सकते हैं. अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत को चैंपियन बनाने वाले सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स के लिए ताबड़तोड़ पारियां खेल रहे हैं. आईपीएल 2026 में एक शतक के साथ आठ पारी में 357 रन बना चुके हैं. 44.62 की एवरेज और 234.86 के स्ट्राइक रेट के साथ वैभव ने 31 चौके और 32 छक्के मारे हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

राजस्थान रॉयल्स के एक और ओपनर यशस्वी जायसवाल. मुंबई का यह टैलेंटेड युवा ओपनर टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में सिलेक्ट नहीं हो पाए. इसके बावजूद उन्होंंने हिम्मत नहीं हारी और हर सीजन की तरह इस बार भी विपक्षी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ रहे हैं. यशस्वी जायसवाल के नाम इस सीजन की आठ पारियों में 255 रन आ चुके हैं. 42.50 की एवरेज, 153.61 का स्ट्राइक रेट, 29 चौके और 12 छक्के लगा चुके यशस्वी टीम इंडिया का दरवाजा खटखटा रहे हैं.

अभिषेक शर्मा फिलहाल टीम इंडिया के परमानेंट ओपनर हैं. 68 गेंदों में नाबाद 135 रन ठोकने के बाद उन्होंने अपने आलोचकों को करारा जवाब भी दिया था. आठ पारी में वह एक शतक के साथ 380 रन बना चुके हैं. अभिषेक के पास 54.28 की जबरदस्त एवरेज है. 36 चौके और 28 छक्के के साथ सनराइजर्स हैदराबाद का यह जांबाज 212.29 के स्ट्राइक रेट से बॉलर्स को पीट रहा है.

संजू सैमसन ने भारत को 2026 का टी-20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. सेमीफाइनल और फाइनल में खेली उनकी यादगार पारियां भला कौन भूल सकता है. संजू अब आईपीएल 206 में पीली जर्सी में नजर आ रहे हैं. चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए सात पारियों में 293 रन बना चुके हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है. संजू के साथ प्लस पॉइंट उनका विकेटकीपर होना भी है. केरल से आने वाला यह स्टाइलिश बल्लेबाज 50.67 की एवरेज, 169.83 का स्ट्राइक रेट के साथ 31 चौके और 15 छक्के मार चुका है.

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से ऐन पहले शुभमन गिल को सिलेक्टर्स ने टीम इंडिया से ड्रॉप कर दिया था, लेकिन शुभमन गिल टीम इंडिया में कमबैक के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं. गुजरात टाइटंस के कप्तान गिल सात पारियों में 330 रन बना चुके हैं. 30 चौके और 14 छक्के मारने वाले गिल का औसत भले ही 47.14 हो, लेकिन 148.64 का स्ट्राइक रेट उन्हें सुधारना होगा. अगर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और टीम से जगह दोनों जाती है तो हो सकता है गिल का कमबैक हो जाएं.

साई सुदर्शन के नाम आईपीएल 2026 में एक शतक आ चुका है. टेस्ट डेब्यू कर चुके सुदर्शन की इमेज एक भरोसेमंद बल्लेबाज की है. अपनी निरंतरता के साथ सिलेक्टर्स को हमेशा प्रभावित करने वाले सुदर्शन गुजरात के लिए 46 की एवरेज से आठ पारियों में 322 रन बना चुके हैं. 164.28 का स्ट्राइक रेट, 32 चौके और 17 छक्के पर चयनकर्ता ध्यान देंगे वैसे अभी टूर्नामेंट आधा ही हुआ है. सुदर्शन के पास खुद को और मजबूत बनाने का और मौका है.


