Last Updated:
राजस्थान रॉयल्स आज जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटंस की मेजबानी करेगी. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ की रेस अब रोमांचक हो चुकी है. इस मैच का नतीजा सीधे तौर पर पॉइंट्स टेबल को प्रभावित करेगा. चौथे नंबर पर मौजूद राजस्थान रॉयल्स की नजरें पांचवें स्थान पर काबिज गुजरात टाइटंस को पछाड़ने पर होंगी, जो शुरुआती चैंपियन से बहुत पीछे नहीं हैं.
राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस की टीमों के पास फिलहाल 12-12 अंक हैं. दोनों ने 10 में से 6 मैच जीते और 4 हारे हैं. दोनों के बीच सिर्फ नेट रन रेट का फर्क है. इंडियन प्रीमियर लीग के पूर्व चैंपियन राजस्थान और गुजरात को पता है कि पिंक सिटी के खूबसूरत स्टेडियम में क्या दांव पर लगा है. दोनों ही जीत के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं.

यशस्वी जायसवाल ने हाल के समय में परिस्थितियों के मुताबिक खुद को ढालना सीख लिया है. दूसरे छोर पर विस्फोटक वैभव सूर्यवंशी के साथ ओपनिंग करते हुए उनकी बल्लेबाजी टीम के लिए काफी फायदेमंद रही है. उनका संयमित अंदाज, जो तेज रन भी दिलाता है, पिछले कुछ सीजन में टीम की कामयाबी की बड़ी वजह रहा है.

तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने राजस्थान की गेंदबाजी की अगुवाई की है. मौजूदा सीजन में टीम के लिए अहम भूमिका निभाई है. इंग्लैंड के इस घातक पेसर की रफ्तार और सटीकता दिल्ली के बल्लेबाजों के लिए चुनौती साबित हो सकती है. शुरुआती ओवर में विकेट लेकर वो विरोधी टीम को दबाव में डाल रहे हैं. राजस्थान को गुजरात के खिलाफ भी ऐसी ही उम्मीद रहेगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

भले ही वैभव सूर्यवंशी की उम्र 15 साल हो लेकिन बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने हर मैच में विरोधी टीम के गेंदबाजों को धोया है. उनके मैदान पर रहते कप्तान की हालत खराब रहती है. उन्होंने धमाकेदार पारी से विरोधी से मैच छीनकर दिखा दिया है कि वह किसी से कम नहीं हैं. उनके पास अकेले दम पर मैच जिताने की ताकत है और वह इस सीजन में अब तक की अपनी शानदार फॉर्म को आगे भी जारी रखना चाहेंगे.

दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने आरसीबी के खिलाफ अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. उनकी तेज गेंदबाजी और मूवमेंट ने विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया. गुजरात के लिए उनकी गेंदबाजी मैच का रुख बदल सकती है और टीम एसएमएस स्टेडियम से पूरे अंक हासिल करने की कोशिश करेगी.

युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन ने इस टूर्नामेंट में अपनी टीम को कई बार मजबूत शुरुआत दिलाई है. इस सीजन में उनके नाम एक शतक और दो अर्धशतक हैं. वह अपनी शानदार फॉर्म को आगे भी बरकरार रखना चाहेंगे और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने की कोशिश करेंगे.

कप्तान शुभमन गिल ने टीम की अगुवाई करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है. बाएं हाथ के सुदर्शन के साथ उनकी साझेदारी टीम के लिए लगातार रन दिलाने का जरिया बनी है. जोस बटलर के टीम से जुड़ने के बाद गुजरात की टॉप 3 बल्लेबाजों की ताकत और बढ़ गई है, जो किसी भी टीम के लिए चुनौती बन सकती है. कप्तान गिल इसी ताकत का पूरा फायदा उठाना चाहेंगे.


