Last Updated:
Salman Agha ICC News: बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में आउट होने के बाद गुस्से में विज्ञापन बोर्ड पर बल्ला मारने के कारण पाकिस्तानी बल्लेबाज सलमान आगा को आईसीसी ने आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई है. सलमान को अनुच्छेद 2.2 का दोषी पाया गया और उन्हें एक डिमेरिट अंक भी दिया गया है. 24 महीने के भीतर उनका यह दूसरा अपराध है. सलमान ने अपराध स्वीकार कर लिया इसलिए उन पर औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी.
सलमान आगा पर आईसीसी ने लिया एक्शन.
नई दिल्ली. पाकिस्तानी बल्लेबाज सलमान आगा को सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन करने के लिए आईसीसी ने आधिकारिक तौर पर फटकारा है. यह घटना मंगलवार को पाकिस्तान की दूसरी पार के 82वें ओवर में हुई, जब सलमान आउट होने के बाद पवेलियन लौट रहे थे, तो उन्होंने अपने बल्ले को एक विज्ञापन बोर्ड पर मार बैठे.
आईसीसी के अनुसार, सलमान ने ‘खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी कर्मियों के लिए आईसीसी की आचार संहिता’ के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन किया, जो किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरणों या कपड़ों, मैदान के उपकरणों या फिक्स्चर और फिटिंग का दुरुपयोग करने से संबंधित है.
दूसरी बार की गलती
आधिकारिक फटकार के अलावा, सलमान आगा के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है. यह 24 महीनों के भीतर में उनका दूसरा अपराध था, जिससे उनके कुल डिमेरिट प्वाइंट्स की संख्या बढ़कर 2 हो गई है. इसी साल 13 मार्च को ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ एक वनडे मैच के दौरान सलमान को अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया था.
यह आरोप ऑन-फील्ड अंपायर रिचर्ड केटलबोरो और अलाउद्दीन पालेकर, थर्ड अंपायर कुमार धर्मसेना और फोर्थ अंपायर मसूदुर रहमान मुकुल ने लगाया था. सलमान ने अपना अपराध स्वीकारते हुए आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जेफ क्रो की प्रस्तावित सजा को मान लिया. ऐसे में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. उल्लेखनीय है कि आचार संहिता के तहत लेवल-1 के उल्लंघनों के लिए न्यूनतम सजा के तौर पर आधिकारिक फटकार और अधिकतम सजा के तौर पर खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना, साथ ही एक या दो डिमेरिट प्वाइंट्स दिए जाते हैं.
पाकिस्तान का क्लीन स्वीप
पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में 78 रन से हार का सामना करना पड़ा. इससे पहले पाकिस्तान ने सीरीज का पहला मैच 104 रन से गंवा दिया था. इस हार के साथ पाकिस्तान डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर खिसक गया है. मौजूदा चक्र में उसने चार मुकाबलों में से केवल एक ही जीता है.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


