Ganga Expressway: उत्तर प्रदेश में अब केवल दूरियां ही कम नहीं हो रही हैं, बल्कि आस्था और आधुनिकता का एक ऐसा संगम तैयार हो रहा है जो आने वाले दशकों में राज्य की तस्वीर बदल देगा. उत्तर प्रदेश का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘गंगा एक्सप्रेस-वे’ सिर्फ कंक्रीट की सड़क नहीं है, बल्कि यह वह धुरी है जिसके इर्द-गिर्द यूपी का नया आर्थिक और आध्यात्मिक भविष्य घूमने वाला है. मेरठ से प्रयागराज तक बिछने वाला यह 594 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे, प्रदेश के पांच प्रमुख स्पिरिचुअल कॉरिडोर (आध्यात्मिक गलियारों) को संजीवनी देने जा रहा है.
गंगा एक्सप्रेस-वे: आस्था की नई लाइफलाइन
गंगा नदी सदियों से भारत की आस्था का केंद्र रही है. अब इसी के समानांतर बन रहा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के धार्मिक पर्यटन को ‘डेस्टिनेशन’ से ‘सर्किट’ में बदलने की ताकत रखता है. इसका मतलब यह है कि अब श्रद्धालु किसी एक मंदिर या शहर तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि एक ही सुगम यात्रा में कई पवित्र तीर्थों के दर्शन कर सकेंगे.
5 स्पिरिचुअल कॉरिडोर: जो बदल देंगे पर्यटन का अंदाज
यह एक्सप्रेस-वे यूपी के प्रमुख धार्मिक केंद्रों को एक व्यवस्थित नेटवर्क में पिरो देगा. आइए समझते हैं कैसे:
- प्रयागराज-विंध्याचल-काशी कॉरिडोर: संगम की पावन डुबकी लगाने के बाद अब श्रद्धालुओं के लिए मां विंध्यवासिनी और बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी तक पहुंचना बेहद तेज और आरामदायक होगा. यह कॉरिडोर शक्ति और शिव के मिलन का मार्ग बनेगा.
- प्रयागराज-अयोध्या-गोरखपुर कॉरिडोर: रामभक्तों के लिए यह सबसे बड़ी सौगात है. संगम से सीधे रामलला के दरबार और वहां से नाथ पंथ के केंद्र गोरखपुर तक की यात्रा अब घंटों का नहीं, बल्कि मिनटों का खेल होगी.
- प्रयागराज-मथुरा-वृंदावन कॉरिडोर: कृष्ण भक्ति में सराबोर होने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए यह एक्सप्रेस-वे एक सेतु का काम करेगा. पश्चिम से पूर्व यूपी को जोड़ते हुए यह ब्रज और संगम के बीच की दूरी मिटा देगा.
- प्रयागराज-लखनऊ-नैमिषारण्य कॉरिडोर: 88 हजार ऋषियों की तपोभूमि नैमिषारण्य, जो अब तक बेहतर कनेक्टिविटी के अभाव में पिछड़ा हुआ था, इस एक्सप्रेस-वे के कारण आध्यात्मिक पर्यटन के ग्लोबल मैप पर उभरेगा.
- प्रयागराज-राजापुर-चित्रकूट कॉरिडोर: गोस्वामी तुलसीदास की जन्मभूमि और भगवान राम के वनवास से जुड़े पवित्र स्थलों तक अब आम आदमी की पहुंच पहले से कहीं अधिक सुलभ हो जाएगी.
गंगा एक्सप्रेस-वे: यूपी के 5 धार्मिक कॉरिडोर को मिलेगी विकास की नई रफ़्तार (फोटो-AI)
आर्थिक मोर्चे पर ‘गेमचेंजर’ साबित होगा एक्सप्रेस-वे
गंगा एक्सप्रेस-वे सिर्फ श्रद्धालुओं के लिए ही नहीं, बल्कि यूपी के 12 जिलों के किसानों और युवाओं के लिए भी उम्मीद की नई किरण है. जी हां…मेरठ, हापुड़, बुलन्दशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज के करीब 500 से ज्यादा गांवों को इस प्रोजेक्ट से सीधा लाभ मिलेगा. शाहजहांपुर के तिलहर से लेकर उन्नाव के सफीपुर तक, अब किसानों की सब्जियां और अनाज सीधा दिल्ली-एनसीआर के बाजारों तक पहुंचेगा.
जमीन की कीमतें और निवेश का ‘बूम’
एक्सप्रेस-वे के किनारे लॉजिस्टिक्स हब, वेयरहाउस और औद्योगिक क्लस्टर बनाने की तैयारी है. तो वहीं, दूसरी तरफ जब भी कोई बड़ा एक्सप्रेस-वे बनता है, उसके आसपास की जमीन सोना उगलने लगती है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रायबरेली और प्रतापगढ़ जैसे इलाकों में रियल एस्टेट और इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट में भारी उछाल देखा जा रहा है. गंगा एक्सप्रेस-वे के रूट पर आने वाले प्रतापगढ़, रायबरेली और संभल जैसे जिलों में रियल एस्टेट में भारी निवेश देखा जा रहा है.
सिर्फ हाईवे नहीं, यूपी की तरक्की का इंजन है गंगा एक्सप्रेस-वे; 12 जिलों और 500 गांवों की बदलेगी किस्मत
नए बिजनेस हब और रोजगार के अवसर
इतना ही नहीं, आने वाले समय में यहां बड़े होटल, मोटल, पेट्रोल पंप, सर्विस सेंटर और होटलों की एक लंबी चेन तैयार होगी और बड़े गोदाम बनेंगे. इससे न केवल सरकार को राजस्व मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को अपनी ही जमीन पर व्यापार के नए मौके मिलेंगे. वहीं, स्थानीय युवाओं को अपने घर के पास ही रोजगार मिलेगा और पलायन रुकेगा. यूपी के स्थानीय उत्पादों (ODOP) को एक्सप्रेस-वे के जरिए नया बाजार मिलेगा, जिससे हस्तशिल्प और कुटीर उद्योगों से जुड़े परिवारों की आय बढ़ेगी.
पलायन पर लगेगी लगाम
उत्तर प्रदेश के कई ग्रामीण इलाकों से युवाओं का बड़े शहरों की ओर पलायन एक बड़ी समस्या रही है. लेकिन गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण और इसके चालू होने के बाद सर्विस सेक्टर में नौकरियों की बाढ़ आने वाली है. होटल मैनेजमेंट, ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक्स और टूरिस्ट गाइड जैसे क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा. जब गांव के पास ही काम मिलेगा, तो शहरों की ओर भागने की मजबूरी खत्म होगी.
गढ़मुक्तेश्वर से त्रिवेणी संगम तक: दूरी घटी, श्रद्धा बढ़ी
एक्सप्रेस-वे की वजह से अब दूरी सिर्फ किलोमीटर में नहीं, बल्कि घंटों में मापी जाएगी. गढ़मुक्तेश्वर का पवित्र स्नान हो या बेल्हा देवी धाम के दर्शन, या फिर प्रतापगढ़ की चंद्रिका देवी शक्तिपीठ इन सभी स्थानों तक पहुंचना अब परिवार के साथ एक सुखद पिकनिक जैसा होगा. सड़क जितनी अच्छी होगी, बुजुर्गों और बच्चों के लिए यात्रा उतनी ही आसान होगी.


