Last Updated:
PM Modi Siliguri Wedding Attending Video: पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली के बीच सिलीगुड़ी में एक शादी समारोह ऐतिहासिक बन गया. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अचानक दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने पहुंच गए. मेफेयर टी रिजॉर्ट में श्रेया और अक्षय की शादी की रस्में चल रही थीं, तभी पीएम मोदी वहां पहुंचे. सुरक्षा कारणों से शादी के जश्न में आई बाधा के लिए पीएम ने न केवल माफी मांगी, बल्कि नवदंपति के साथ समय भी बिताया.
काफिला रोक कर शादी में पहुंच गए पीएम नरेंद्र मोदी.
PM Modi Viral Video: पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने राजनीति से इतर मानवीय संवेदनाओं की एक नई मिसाल पेश की है. सिलीगुड़ी के मेफेयर टी रिज़ॉर्ट (Mayfair Tea Resort) में एक साधारण शादी समारोह चल रहा था, लेकिन यह समारोह उस वक्त पूरी दुनिया की सुर्खियों में आ गया जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद मंडप तक पहुंच गए.
सिलीगुड़ी के मशहूर मेफेयर टी रिजॉर्ट में श्रेया और अक्षय की शादी की रस्में सुचारू रूप से चल रही थीं. मेहमान हंसी-मजाक में व्यस्त थे. दूल्हा-दुल्हन अपनी नई जिंदगी के सपने बुन रहे थे. तभी अचानक रिजॉर्ट के बाहर और भीतर हलचल तेज हो गई. देखते ही देखते पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया और सुरक्षा बल के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया. शादी में आए मेहमान समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर माजरा क्या है. तभी खबर फैली कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रिज़ॉर्ट में मौजूद हैं. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के कारण शादी के संगीत और मेहमानों की आवाजाही पर कुछ पाबंदियां लग गईं.
पीएम मोदी का सरप्राइज
आमतौर पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा (SPG) किसी भी कार्यक्रम के बीच में आम लोगों के प्रवेश को रोक देती है, लेकिन यहाँ नजारा बिल्कुल उल्टा था. प्रधानमंत्री मोदी खुद चलकर शादी समारोह की ओर बढ़े. वे सीधे दूल्हा-दुल्हन श्रेया और अक्षय के सामने जा पहुंचे.
जैसे ही श्रेया और अक्षय ने अपने सामने प्रधानमंत्री को देखा, उनकी आंखों में अविश्वास और खुशी के आंसू छलक आए. लेकिन इसके बाद जो हुआ, वह और भी हैरान करने वाला था. प्रधानमंत्री मोदी ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया और फिर बड़े ही विनम्र भाव से उनसे माफी मांगी. पीएम ने कहा कि उनके वहां होने और सुरक्षा प्रोटोकॉल की वजह से शादी के समारोह में जो भी बाधा आई या मेहमानों को जो असुविधा हुई, उसके लिए वे व्यक्तिगत रूप से खेद व्यक्त करते हैं.
आखिर क्यों मांगी माफी
प्रधानमंत्री का यह छोटा सा कदम एक बहुत बड़ा संदेश दे गया. एक ऐसे दौर में जहां वीवीआईपी कल्चर (VVIP Culture) अक्सर आम लोगों के जीवन में परेशानी का सबब बनता है, वहां देश के प्रधान सेवक का एक आम नागरिक की शादी में जाकर माफी मांगना उनकी सादगी को दर्शाता है.
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं. लोगों का कहना है कि यह एक ऐसे नेता की पहचान है जो हर नागरिक के खास पलों की कद्र करता है. श्रेया और अक्षय के लिए यह उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा उपहार बन गया. उनके परिवार वालों ने कहा कि उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि उनकी शादी में देश का प्रधानमंत्री मेहमान बनकर आएगा और इतनी विनम्रता दिखाएगा. (न्यूज18 बांग्ला से ली गई)
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें


