17.4 C
Munich

सूर्यकुमार के बाद ये खिलाड़ी टीम इंडिया का टी20 कप्तान बनने का असली दावेदार, पोंटिंग ने बताया नाम

Must read


होमखेलक्रिकेट

सूर्यकुमार के बाद ये खिलाड़ी टीम इंडिया का टी20 कप्तान बनने का असली दावेदार

Last Updated:

India T20I Next Captain: रिकी पोंटिंग ने श्रेयर अय्यर को भारत का अगला टी20 कप्तान बनने का सबसे बड़ा दावेदार बताया है. पंजाब किंग्स के कोच ने टीम के कप्तान की तारीफ करते हुए कहा कि सूर्यकुमार यादव के बाद इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए अय्यर एक दम सही विकल्प हैं. उन्होंने कहा कि अय्यर पहले से अधिक परिपक्व हो गए हैं.

Zoom

सूर्यकुमार के बाद अय्यर टी20 कप्तान बनने के बड़े दावेदार.

नई दिल्ली. पंजाब किंग्स के कोच रिकी पोंटिंग का कहना है कि सूर्यकुमार यादव के बाद श्रेयस अय्यर टी20 में भारत के कप्तान बनने के सबसे बड़े दावेदार हैं. वह अभी अपने खेल के सबसे अच्छे दौर में हैं और पहले से ज्यादा समझदार हो गए हैं. सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने हाल ही में दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता था, लेकिन पिछले एक साल में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और आईपीएल में भी वह रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं.

अय्यर सबसे बड़े दावेदार
पोंटिंग ने पीटीआई को बताया, ‘सूर्यकुमार के बाद कप्तानी के लिए कई नाम हैं, लेकिन मुझे लगता है श्रेयस अय्यर सबसे आगे हैं. हमने टूर्नामेंट की शुरुआत में ही देखा था कि वह टी20 के कितने अच्छे खिलाड़ी हैं और मैदान के अंदर-बाहर दोनों जगह वह किस तरह हैं.’ उन्होंने कहा, ‘वह पहले से ज्यादा परिपक्व हो गए हैं और इस समय अपने खेल के टॉप पर हैं.’

श्रेयस अभी भारत की टी20 टीम में नहीं हैं, लेकिन उन्हें कप्तान बनाने की चर्चा चल रही है. आईपीएल के शुरुआती दौर में पंजाब किंग्स के अच्छे प्रदर्शन की वजह से यह चर्चा तेज हुई थी, हालांकि, बाद में टीम छह मैच हार गई. लेकिन कप्तान के तौर पर श्रेयस का रिकॉर्ड बहुत अच्छा रहा है. उनकी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल जीता था. इसके बाद वह पंजाब किंग्स से जुड़े और उनकी कप्तानी में टीम पिछले सीजन में 11 साल बाद पहली बार फाइनल में पहुंची थी. इस बार भी टीम प्लेऑफ की दौड़ में है.

पोंटिंग को भरोसा वापसी करेगी पंजाब
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आखिरी लीग मैच से पहले पोंटिंग ने कहा कि श्रेयस और टीम वापसी करेंगे. उन्होंने कहा, ‘खिलाड़ी और टीम दोनों के लिए उतार-चढ़ाव आते रहते हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि वह हमारे आखिरी लीग मैच में शानदार वापसी करेगा. अगर वह अच्छा खेलेगा और बड़ा स्कोर बनाएगा, तो हमारे पास जीतने का अच्छा मौका होगा.’

अय्यर का टीम में न होना हैरानी भरा
पोंटिंग ने कहा कि श्रेयस का भारतीय टी20 टीम में न होना हैरान करने वाला है. उन्होंने कहा, ‘जब भी भारत टीम का चयन करता है और उसमें श्रेयस का नाम नहीं होता तो मुझे बहुत हैरानी होती है. आईपीएल में उनके अच्छे प्रदर्शन को देखकर मुझे पूरा भरोसा है कि चयनकर्ता न सिर्फ टीम में उनको शामिल करने बल्कि कप्तानी के लिए भी उनके नाम पर जरूर सोचेंगे.’ पोंटिंग ने कहा, ‘भारतीय क्रिकेट की खास बात यह है कि आप आसानी से टीम में नहीं आ सकते. आपको बहुत सारे रन बनाने होते हैं और वह भी खास तरीके से. उनका अब तक का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है और उनकी कप्तानी भी शानदार रही है.’ उन्होंने कहा, ‘वह अभी अपने करियर के उस मोड़ पर हैं जहां अगर उन्हें कप्तानी का मौका मिलता है तो मुझे लगता है कि वह इसका पूरा फायदा उठाएंगे.’

ड्रेसिंग रूम के माहौल पर क्या बोले?
पंजाब किंग्स का प्रदर्शन लगातार गिर रहा है और सोशल मीडिया पर भी इसकी काफी आलोचना हो रही है, लेकिन पोंटिंग ने कहा कि नकारात्मक बातें ड्रेसिंग रूम तक नहीं पहुंची हैं. उन्होंने कहा, ‘एक कोच के तौर पर मुझे मैदान से बाहर की किसी भी बात की चिंता नहीं होती है. हमने टीम के रूप में हर चीज को वैसे ही संभाला है जैसे हमें करना चाहिए था.’ पोंटिंग ने कहा, ‘बाहर क्या हो रहा है इसका हम पर कोई असर नहीं पड़ता है. हम जानते हैं कि मैच जीतने के लिए क्या करना है और हम उसी दिशा में आगे बढ़ते हैं. अगर हम क्वालीफाई कर लेते हैं तो हमारे बारे में जो भी नकारात्मक बातें हो रही हैं वह खत्म हो जाएंगी.’

About the Author

authorimg

Shivam Upadhyay

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article