Last Updated:
हेडन ने मैच के बाद कहा, मुझे उम्मीद थी कि हार का अंतर इतना ज्यादा नहीं होगा. हमारे बल्लेबाजों का प्रदर्शन बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है. वहीं मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने हार की ठीकरा गेंदबाजों पर फोड़ा था जिन्होंने अंतिम 4 ओवर में 73 रन लुटा दिए.
मुंबई के खिलाफ बड़ी हार के बाद गुजरात के बैटिंग कोच हेडन ने बल्लेबाजों पर उतारा गुस्सा
नई दिल्ली. गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 99 रन से मिली हार के लिए अपने खिलाड़ियों की कड़ी आलोचना की और इसे बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन और डेथ ओवरों में खराब गेंदबाजी की वजह बताया. इस मैच में मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं थी, लेकिन आखिरी चार ओवर में 73 रन बनाकर पांच विकेट पर 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
जवाब में गुजरात टाइटन्स की टीम सिर्फ 100 रन पर ऑल आउट हो गई, जिसमें वाशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए. हेडन ने मैच के बाद कहा, मुझे उम्मीद थी कि हार का अंतर इतना ज्यादा नहीं होगा. हमारे बल्लेबाजों का प्रदर्शन बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है. वहीं मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने हार की ठीकरा गेंदबाजों पर फोड़ा था जिन्होंने अंतिम 4 ओवर में 73 रन लुटा दिए.
ऐसी बल्लेबाजी बर्दाश्त नहीं
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर हेडन ने कहा, आज का दिन हमारे लिए बहुत खराब रहा. अगर मैं ईमानदारी से कहूं तो कागिसो रबाडा के अलावा आज कुछ भी अच्छा नहीं था. हमें बहुत मेहनत करनी होगी. गुजरात टाइटन्स के पास साई सुदर्शन, शुभमन गिल और जोस बटलर जैसे टॉप बल्लेबाज हैं, और शाहरुख खान, राहुल तेवतिया के साथ न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स भी मिडिल ऑर्डर में हैं. हेडन ने कहा, जब आप हमारी बल्लेबाजी देखते हैं, तो हमारे पास शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें मौके का फायदा उठाने के लिए सही मानसिकता और स्थिति में होना चाहिए. इस टूर्नामेंट में हम उनसे यही उम्मीद करते हैं.
हेडन ने आगे कहा कि , 20 ओवर के मैच में 100 रन (99) से हार पर कोई खुश नहीं हो सकता. मेरे समय में 50 ओवर के क्रिकेट में 100 रन जीत के लिए काफी होते थे. हेडन ने कहा, आज हमारे मिडिल ऑर्डर की कमजोरी साफ दिख गई. जब मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज पहले छह ओवर में खेलने आते हैं, तो पता चलता है कि टीम मुश्किल में है. पावर प्ले में ही हम मैच हार गए.
पहली 36 गेंदों में हार गए मैच
हेडन ने डेथ ओवरों में गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन पर भी बात की, वहीं मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा की शानदार बल्लेबाजी (45 गेंदों पर नाबाद 101 रन) की तारीफ की. उन्होंने कहा, किसी वर्ल्ड क्लास गेंदबाजी आक्रमण का एकतरफा विश्लेषण करना ठीक नहीं है, लेकिन आज हमारी गेंदबाजी खराब रही. हेडन ने कहा, जब आप आखिरी चार ओवर देखते हैं, तो वह सच में बहुत खराब दौर था. हमारे पास वर्ल्ड क्लास गेंदबाजी है, लेकिन आखिरी चार ओवर में 73 रन देना मंजूर नहीं है. गेंदबाजों को अपने प्रदर्शन पर सोचने की जरूरत है. उन्होंने कहा, इस पिच पर रन बनाना आसान नहीं था, इसलिए तिलक वर्मा को भी श्रेय जाता है, जिन्होंने शानदार खेल दिखाया. यह कोई साधारण प्रदर्शन नहीं था, बल्कि दमदार था. उन्होंने हालात को अच्छी तरह समझा.


