Last Updated:
ECB announced England’s 15-member Test squad: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 जून से शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. चयनकर्ताओं ने कड़ा फैसला लेते हुए जैक क्रॉली और ओली पोप को बाहर का रास्ता दिखाया है, जबकि एमिलियो गे, सॉनी बेकर और जेम्स रेव के रूप में तीन नए चेहरों को मौका दिया गया है. जोफ्रा आर्चर आईपीएल प्रतिबद्धताओं के कारण उपलब्ध नहीं हैं. अनुभव और युवा जोश से भरी यह टीम लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर कीवी चुनौती का सामना करेगी.
नई दिल्ली. इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. 4 जून से लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर शुरू होने वाले इस टेस्ट मैच के लिए चुनी गई टीम में कई चौंकाने वाले फैसले लिए गए हैं, जिसमें अनुभवी खिलाड़ियों की छुट्टी और युवा प्रतिभाओं को तरजीह दी गई है. इस टीम चयन में सबसे बड़ी खबर ओपनर जैक क्राउली और पूर्व उप-कप्तान ओली पोप का बाहर होना है.लंबे समय से इंग्लैंड के बल्लेबाजी क्रम का मुख्य हिस्सा रहे ये दोनों खिलाड़ी लॉर्ड्स टेस्ट के लिए अपनी जगह सुरक्षित नहीं रख पाए. चयनकर्ताओं का यह फैसला संकेत देता है कि इंग्लैंड अब अपनी ‘बैजबॉल’ रणनीति में कुछ नए और फ्रेश चेहरों को आजमाना चाहता है.
दूसरी ओर, स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) भी इस चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे. आर्चर फिलहाल भारत में IPL 2026 खेल रहे हैं, जहां वे राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. ईसीबी ने स्पष्ट किया कि उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट के लिए धीरे-धीरे तैयार किया जा रहा है. ईसीबी ने बताया कि टीम में तीन अनकैप्ड (Uncapped) खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. एमिलियो गे (Durham) टॉप ऑर्डर के शानदार बल्लेबाज हैं वहीं सॉनी बेकर (Hampshire) अपनी रफ्तार से प्रभावित करने वाले तेज गेंदबाज हैं. जेम्स रेव (Somerset) प्रतिभाशाली विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं.
इन युवाओं के अलावा, टीम में रेहान अहमद, मैथ्यू फिशर और ओली रॉबिन्सन की वापसी हुई है. रॉबिन्सन की वापसी से गेंदबाजी आक्रमण को अनुभव मिलेगा, जबकि रेहान अहमद स्पिन विभाग को मजबूती देंगे. इंग्लैंड मेन्स क्रिकेट के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने टीम चयन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘हमने एक ऐसी टीम चुनी है जिसमें अंतरराष्ट्रीय अनुभव, घरेलू क्रिकेट (County) का बेहतरीन फॉर्म और भविष्य की अपार संभावनाओं का मिश्रण है. एमिलियो, जेम्स और सॉनी ने अपने लगातार अच्छे प्रदर्शन से यह मौका हासिल किया है. उन्होंने न केवल अपनी प्रतिभा से बल्कि दबाव की स्थितियों में अपने खेल के तरीके से हमें प्रभावित किया है.’ रॉब की ने आगे कहा कि रेहान, मैट और ओली जैसे खिलाड़ियों की वापसी टीम में विविधता और गहराई लाएगी. उनके अनुसार, टीम में जगह के लिए प्रतिस्पर्धा होना इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट के लिए एक सकारात्मक संकेत है.
जोफ्रा आर्चर और IPL का समीकरण
जोफ्रा आर्चर ने 2025-26 एशेज सीरीज के पहले तीन मैचों में 9 विकेट चटकाए थे. उनकी गैरमौजूदगी पर रॉब की ने कहा कि जोफ्रा अभी चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं. वे आईपीएल में खेल रहे हैं और पिछले छह महीनों के व्यस्त कार्यक्रम के बाद हम उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट के कार्यभार के लिए धीरे-धीरे तैयार कर रहे हैं.’ इसके अलावा, टीम में शामिल दो अन्य खिलाड़ी रेहान अहमद (दिल्ली कैपिटल्स) और जैकब बेथेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) भी वर्तमान में आईपीएल खेल रहे हैं. ये खिलाड़ी अपनी फ्रेंचाइजी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के बाद स्वदेश लौटेंगे.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की 15 सदस्यीय टीम:
बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जो रूट, बेन डकेट, रेहान अहमद, गस एटकिंसन, सॉनी बेकर, शोएब बशीर, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रेव, ओली रॉबिन्सन, जोश टंग.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें


