Last Updated:
Kumar Sangakkara on Vaibhav suryavanshi: राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगाकारा ने कहा कि टीम मैनेजमेंट ओपनर्स पर कोई दबाव नहीं डाल रहा है. उन्होंने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को सलाह दी कि वे अपना स्वाभाविक खेल खेलें और खराब दिनों के बारे में ज्यादा न सोचें. संगाकारा का यह बयान वैभव के सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहली ही गेंद पर आउट होने के बाद आया है.
आईपीएल में बोल रहा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला.
नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के आईपीएल में शानदार खेल को लेकर बढ़ती चर्चा के बीच टीम के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा कि इस खिलाड़ी को अपने खेल का आनंद लेना चाहिए और उसके बारे में कम ही बात करना बेहतर है. संगकारा ने कहा कि वैभव की आईपीएल यात्रा शानदार पारियों और सीखने के अनुभवों का मेल है और इस उम्र में उतार-चढ़ाव आना बिल्कुल सामान्य है. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आईपीएल में जमकर बोल रहा है. वह तूफानी बल्लेबाजी से दुनियाभर के क्रिकेट लेजेंड्स को अपना मुरीद कर रहे हैं.
संगाकारा ने कहा, ‘मेरा संदेश बहुत आसान है- हर मौके का मजा लो. चाहे 35 गेंदों में 100 रन हों, 15 गेंदों में 50 रन या पहली ही गेंद पर आउट होना. रन बनाना और आउट होना, दोनों ही खेल का हिस्सा हैं.’ अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रन बनाने वाले इस 15 साल के बल्लेबाज ने मौजूदा आईपीएल में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है. उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ जसप्रीत बुमराह और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ जोश हेजलवुड जैसे गेंदबाजों पर भी आक्रामक शॉट लगाए हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 17 गेंदों में 52 रन की तेज पारी ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया था.
आईपीएल में बोल रहा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला.
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए, जिससे उनके प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव भी दिखा. संगकारा ने कहा कि टी20 क्रिकेट में ओपनर के लिए आक्रामक शुरुआत करना आम बात है और वैभव समय के साथ हालात को समझना सीख जाएंगे. उन्होंने कहा, ‘वह खुद ही चीजें समझ लेंगे. ऐसे खिलाड़ी के लिए कभी-कभी कम ही कहना अच्छा होता है.’ संगकारा ने कहा, ‘वैभव में बहुत टैलेंट है. वह नेट्स में कड़ी मेहनत करते हैं और मैच की स्थिति को अच्छी तरह समझते हैं. मैं चाहता हूं कि वैभव अपनी 15 साल की उम्र की मासूमियत और खेल के प्रति जिज्ञासा बनाए रखें, क्योंकि यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.’
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें


