नई दिल्ली (Ram Navami School Holiday 2026 List). चैत्र नवरात्रि के समापन और भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ को लेकर पूरे देश में उत्साह है. साल 2026 में रामनवमी की तिथि को लेकर मतभेद होने के कारण स्कूलों और सरकारी ऑफिस की छुट्टियों को लेकर अलग-अलग राज्यों में अलग नियम लागू किए गए हैं. हिंदू पंचांग के अनुसार, नवमी तिथि 26 मार्च को सुबह शुरू होकर 27 मार्च की सुबह तक रहेगी. इसीलिए कई राज्यों में उदया तिथि और वैष्णव रामनवमी के आधार पर छुट्टियां घोषित की गई हैं.
Ram Navami 2026 Date: रामनवमी की छुट्टी कब है?
रामनवमी की छुट्टी अलग-अलग राज्यों ने अपने हिसाब से तय की है. कुछ राज्यों में सरकारी छुट्टी कल यानी 27 मार्च 2026 को है, कुछ में परसों यानी 28 मार्च 2026 को. वहीं, उत्तर प्रदेश में सभी स्कूल कल और परसों, दोनों दिन बंद रहेंगे.
उत्तर प्रदेश: दो दिन का महापर्व और लंबी छुट्टी
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस बार रामनवमी पर बड़ा फैसला लिया है. अयोध्या में राम लला के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए राज्य में 26 मार्च और 27 मार्च, दोनों दिन छुट्टी की घोषणा की गई है. इसके बाद 28 मार्च को चौथा शनिवार और 29 मार्च को रविवार होने के कारण, यूपी के छात्रों और सरकारी कर्मचारियों को लगातार 4 दिनों का लंबा वीकेंड मिल रहा है.
Ram Navami 2026 Holiday: आज किन राज्यों में छुट्टी है?
दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड जैसे राज्यों में रामनवमी का मुख्य अवकाश आज यानी 26 मार्च 2026 को है. इन राज्यों में सरकारी और अधिकांश निजी स्कूल आज बंद हैं. हालांकि, दिल्ली और पंजाब के कुछ निजी स्कूलों ने स्थानीय प्रबंधन के आधार पर निर्णय लिया है. इसलिए छात्रों को स्कूल के आधिकारिक नोटिस का पालन करने की सलाह दी गई है.
Schools Closed Tomorrow: कल किन राज्यों में बंद रहेंगे स्कूल?
बिहार, ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में रामनवमी का अवकाश कल, 27 मार्च 2026 को मनाया जाएगा. बिहार शिक्षा विभाग के कैलेंडर के अनुसार, राज्य के सरकारी स्कूलों में 27 मार्च को छुट्टी निर्धारित की गई है. इसके अलावा, जो लोग वैष्णव परंपरा को मानते हैं, वे भी 27 मार्च को ही जन्मोत्सव मनाएंगे, जिसके कारण इस्कॉन (ISKCON) से जुड़े संस्थानों और कुछ विशिष्ट क्षेत्रों में कल अवकाश रहेगा.
दक्षिण और पश्चिम भारत की स्थिति
महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक जैसे राज्यों में रामनवमी पर छुट्टी का हिसाब अलग है. महाराष्ट्र के मुंबई और नागपुर जैसे शहरों में आज (26 मार्च) बैंक और स्कूल बंद हैं, लेकिन गुजरात और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में इसे वैकल्पिक अवकाश (Optional Holiday) के रूप में रखा गया है. तमिलनाडु और केरल जैसे दक्षिणी राज्यों में रामनवमी पर स्कूलों की छुट्टी नहीं होती है. वहां शैक्षणिक कार्य सामान्य रूप से जारी है.
कई बार स्थानीय जिला प्रशासन आखिरी समय में आदेश बदल देता है. जैसे इलाहाबाद हाई कोर्ट ने पहले 26 मार्च की छुट्टी घोषित की थी, जिसे बाद में बदलकर 27 मार्च कर दिया गया.





