Last Updated:
Dream 11 New Platform : ऑनलाइन स्पोर्ट गेम और बेटिंग कंपनी ड्रीम स्पोर्ट्स ने ऐसे खेल पर प्रतिबंध लगने के बाद शेयर बाजार में एंट्री मारने की तैयारी कर ली है. कंपनी के सीईओ ने बताया कि सभी जरूरी मंजूरियां मिल चुकी हैं और अब प्रोडक्ट की टेस्टिंग चल रही है. इसके बाद जल्द ही इसे पब्लिक के बीच लॉन्च कर दिया जाएगा.
ड्रीम 11 की पैरेंट कंपनी ने स्टॉक ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म बनाया है.
नई दिल्ली. आईपीएल के मैच शुरू होने में बस 2 दिन बचे हैं और इससे ठीक पहले ड्रीम-11 ने अपने यूजर्स को बड़ी खुशखबरी दी है. स्पोर्ट एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म ड्रीम-11 की पैरेंट कंपनी ड्रीम स्पोर्ट ने अपने यूजर्स को एक बार फिर पैसे कमाने का मौका दिया है, लेकिन इस बार प्लेटफॉर्म जरा अलग है. ड्रीम स्पोर्ट ने अब ऑनलाइन गेम और बेटिंग छोड़कर शेयर बाजार में कदम रख दिया है. इसके लिए बाकायदा ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म भी बना दिया है. इस नए प्लेटफॉर्म का नाम ड्रीम स्ट्रीट (Dream Street) रखा गया है.
ड्रीम स्पोर्ट के सीईओ हरीश जैन का कहना है उनकी कंपनी ने सभी जरूरी लाइसेंस हासिल कर लिए हैं और अब आखिरी टेस्टिंग चल रही है. जैसे ही प्रोडक्ट की टेस्टिंग पूरी होगी, इसे जनता के बीच जल्द ही लॉन्च कर दिया जाएगा. आपको बता दें कि सरकार ने सभी तरह के ऑनलाइन गेम और बेटिंग प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिसके बाद ड्रीम-11 को भी अपना वह वाला धंधा बंद करना पड़ा है. लिहाजा कंपनी ने अपने बड़े यूजर बेस का इस्तेमाल शेयर बाजार ट्रेडिंग में करने का फैसला किया है.
क्या है इस प्लेटफॉर्म की खासियत
ड्रीम स्ट्रीट का लक्ष्य टीयर-2 और टीयर-3 शहरों में एआई-आधारित निवेश टूल लॉन्च करने का है. हरीश जैन का कहना है कि आज की सबसे बड़ी समस्या ये है कि जो लोग शेयर बाजार में पैसे गंवा रहे हैं, उन्हें कोई भी व्यक्तिगत तौर पर सही जानकारी उपलब्ध नहीं करा रहा है. हम देखते हैं कि हर कोई उन लोगों पर ही फोकस करना चाहता है, जो बाजार में निवेश करके पैसे बना रहा है. हमारा मानना है कि एआई इस मामले में उनकी मदद कर सकता है. हमारा यूजर बेस काफी ज्यादा है और इस बात की पूरी उम्मीद भी है कि इस प्लेटफॉर्म के जरिये बाजार में निवेशकों की संख्या बढ़ा सकते हैं. जिन लोगों ने पैसे गंवाए हैं, उन्हें भी गोल्डमैन सॉक्स, मॉर्गन स्टेनले और जेपी मॉर्गन जैसे एनालिस्ट की सर्विस इस प्लेटफॉर्म के जरिये मिल सकेगी. यह सभी ब्रोकिंग हाउस हमारे प्लेटफॉर्म पर निवेशकों के पोर्टफोलियो को 24 घंटे निगरानी करेंगे.
8 अलग-अलग बिजनेस में पहुंच गया है ड्रीम स्पोर्ट
मनीकंट्रोल के मुताबिक, ड्रीम स्पोर्ट ने खुद को अब 8 अलग-अलग बिजनेस में बांट लिया है. कंपनी ने मुंबई रग्बी टीम और इंग्लैंड के प्रोफेशनल फुटबॉल क्लब के अलावा कई स्पोर्ट लीग में भी निवेश किया है. इसके अलावा एक ड्रीम फाउंडेशन भी है, जिसे मिलाकर 11 बिजनेस हो गए हैं. कंपनी ने यह पुनर्गठन ऑनलाइन गेमिंग कानून बनने के बाद किया है, जिसने कंपनी के फैंटेसी स्पोर्ट बिजनेस मॉडल को प्रभावित किया था और उसकी 95 फीसदी कमाई को एक झटके में खत्म कर दिया था.
पिछले साल ही काम कर रहा फाइनेंस ऐप
ड्रीम स्पोर्ट्स का फाइनेंस ऐप पिछले साल 2025 से ही काम रहा है. तब इसके प्लेटफॉर्म पर सोने और एफडी में निवेश का ऑप्शन मिलता था. बाद में इसमें म्यूचुअल फंड में निवेश की सुविधा भी जोड़ दी गई है. इस सर्विस के लिए कंपनी ने ऑगमोंट, आईसीआईसीआई प्रू म्यूचुअल फंड और इन्क्रेड फाइनेंस जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी की है. अब ड्रीम स्पोर्ट्स की एंट्री बाजार में ऐसे समय में हो रही है, जब फिनटेक और कंज्यूमर इंटरनेट कंपनियों की नई लहर भारत के स्टॉक ब्रोकिंग मार्केट में प्रवेश कर रही है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें





