Last Updated:
राजधानी दिल्ली में आतंकी संगठनों की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है. दिल्ली के रोहिणी से 19 साल के लकी अहमद को गिरफ्तार किया गया है, जो खूंखार आतंकी संगठन ISIS और अलकायदा (AQIS) से गहराई से जुड़ा था. चौंकाने वाली बात यह है कि अली को एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए ब्रेनवॉश करके आतंकी नेटवर्क में शामिल किया गया था. वह सोशल मीडिया पर तिरंगे का अपमान कर भारत को ‘इस्लामिक स्टेट’ बनाने की साजिश रच रहा था और जल्द ही ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान भागने की फिराक में था. आंध्र प्रदेश पुलिस और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने जॉइंट ऑपरेशन में इसे गिरफ्तार किया है.
कैसे गेम खेलते खेलते आतंकवादी बन गया दिल्ली का युवा? (AI इमेज)
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली एक बार फिर खूंखार आतंकी संगठनों ISIS और अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) के निशाने पर है. सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए दिल्ली के रोहिणी इलाके से 19 साल के एक युवक लकी अहमद को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और आंध्र प्रदेश पुलिस के एक बेहद खुफिया और जॉइंट ऑपरेशन के तहत की गई है. ट्रांजिट रिमांड पर आंध्र प्रदेश पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है.
गेमिंग ऐप के जरिए आतंकी जाल
जांच एजेंसियों के मुताबिक, लकी अहमद के कट्टरपंथी बनने की कहानी बेहद चौंकाने वाली है. उसे किसी मदरसे या गुप्त ठिकाने पर नहीं, बल्कि एक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए फंसाया गया था. गेम खेलते-खेलते वह आतंकी संगठनों के सोशल मीडिया हैंडलर्स के संपर्क में आया, जिन्होंने उसका पूरी तरह से ब्रेनवॉश कर दिया. इसके बाद उसे ऑनलाइन ही आईएसआईएस जॉइन करवा दी गई.
तिरंगे का अपमान और इस्लामिक स्टेट का प्रोपेगेंडा
कट्टरपंथ की आग में अंधा हो चुका लकी अहमद देश विरोधी गतिविधियों में खुलकर शामिल हो गया था. उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भारत के राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) की जगह ISIS का झंडा लगा लिया था. उसने राष्ट्रगान का मजाक उड़ाया और तिरंगा जलाने की तस्वीरें भी पोस्ट कीं. वह लगातार ISIS की तारीफ कर रहा था और गैर-मुस्लिमों के खिलाफ नफरत फैलाते हुए भारत को ‘इस्लामिक स्टेट’ बनाने की धमकियां दे रहा था. एजेंसियों के मुताबिक, अली को सोशल मीडिया ग्रुप्स के जरिए कोई बड़ा ‘टास्क’ (आतंकी हमला) मिलने ही वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसे दबोच लिया गया.
12 आतंकियों की गिरफ्तारी से खुले तार
लकी अहमद की गिरफ्तारी हाल ही में आंध्र प्रदेश पुलिस द्वारा देश के अलग-अलग राज्यों में मारे गए छापों की कड़ी का हिस्सा है. आंध्र प्रदेश पुलिस ने हाल ही में ISIS और अल कायदा से जुड़े 12 संदिग्धों को गिरफ्तार किया था, जिनमें 3 (मोहम्मद रहमतुल्लाह शरीफ, मिर्जा सोहेल बेग और मोहम्मद दानिश) आंध्र प्रदेश के ही थे.
अल मलिक इस्लामिक यूथ और गजवा-ए-हिंद की साजिश
जांच में सामने आया है कि इन आतंकियों ने युवाओं का ब्रेनवॉश करने और ‘गजवा-ए-हिंद’ की विचारधारा को फैलाने के लिए ‘अल मलिक इस्लामिक यूथ’ नाम का एक ग्रुप बनाया था. आरोपी पेशे से बाइक टैक्सी ड्राइवर रहमतुल्लाह के साथ मिलकर जिहादी गतिविधियों का ऑनलाइन विस्तार कर रहे थे. ये लोग ISIS से जुड़े ‘Benex Com’ ग्रुप के भी सदस्य थे. ये खुद को मुजाहिदीन बताते हुए ओसामा बिन लादेन के वीडियो देखते थे और कट्टरपंथी प्रोपेगेंडा फैलाते थे.
पाकिस्तान जाने की थी तैयारी
सबसे खतरनाक खुलासा यह हुआ है कि यह पूरा नेटवर्क एक महीने के भीतर हथियारों और धमाकों की ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान जाने की तैयारी कर रहा था. साथ ही ये अन्य भारतीय युवाओं को भी अफगानिस्तान और पाकिस्तान जाकर ट्रेनिंग लेने के लिए उकसा रहे थे. फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस पूरे नेक्सस की गहराई से जांच कर रही हैं ताकि इनके स्लीपर सेल्स को पूरी तरह खत्म किया जा सके.
About the Author

दीप राज दीपक 2022 में न्यूज़18 से जुड़े. वर्तमान में होम पेज पर कार्यरत. राजनीति और समसामयिक मामलों, सामाजिक, विज्ञान, शोध और वायरल खबरों में रुचि. क्रिकेट और मनोरंजन जगत की खबरों में भी दिलचस्पी. बनारस हिंदू व…और पढ़ें




