गर्मी के मौसम में धूल और धूप के कारण त्वचा की चमक कम हो जाती है. ऐसे में लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन घर पर भी आसान तरीकों से त्वचा की देखभाल की जा सकती है. आयुष चिकित्सक के अनुसार तुलसी के पत्ते त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं. इनमें एंटीबैक्टीरियल, एंटीफंगल और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा को साफ और स्वस्थ रखते हैं. उन्होंने बताया कि तुलसी के 10–15 पत्तों को धोकर पीस लें और इसमें एक चम्मच दही व आधा चम्मच शहद मिलाकर पेस्ट तैयार करें. इस मिश्रण को चेहरे और गर्दन पर 15–20 मिनट तक लगाएं, फिर गुनगुने पानी से धो लें. सप्ताह में दो बार इसका इस्तेमाल करने से त्वचा साफ और चमकदार बनती है. तुलसी मुंहासों को कम करने में मदद करती है, जबकि दही त्वचा को पोषण देता है और शहद उसे मुलायम बनाता है.






