Last Updated:
IPL 2026 Prince Yadav: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 50वां मैच लखनऊ सुपरजायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया. बारिश से प्रभावित ये मैच टक्कर का रहा, लेकिन फैंस को तब निराशा हुई जब दिग्गज विराट कोहली बिना खाता खोले बोल्ड हो गए. विराट कोहली को लखनऊ के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने आउट किया.
प्रिंस यादव ने विराट कोहली को किया था बोल्ड
नई दिल्ली: लखनऊ सुपरजायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने उस समय सनसनी मचा दी जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दिग्गज विराट कोहली को बोल्ड कर दिया. लखनऊ के खिलाफ मैच में विराट पहली गेंद का सामना कर रहे थे, लेकिन वह अपना खाता भी नहीं खोल पाए. प्रिंस यादव की जिस गेंद पर विराट आउट हुए उसे देखकर उन्हें खुद भी यकीन नहीं रहा था. इस तरह प्रिंस यादव उन गिने-चुने गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए, जिन्होंने विराट जैसे महान खिलाड़ी को गोल्ड डक करने की उपलब्धि हासिल कर ली.
आरसीबी के खिलाफ मैच के बाद जब प्रिंस यादव से विराट के विकेट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “विराट भैया से जब मैं लास्ट टाइम मिला था तो उन्होंने मुझे गेंदबाजी के लिए कुछ टिप्स दिए थे. भैया ने कहा था कि मैं अपनी लेंथ और लाइन पर फोकस करूं. आज मैंने वही किया और उससे मुझे विकेट भी मिली.”
प्रिंस यादव ने मैच में लिए कुल 3 विकेट
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम बेशक कुछ खास कमाल नहीं कर पाई है, लेकिन टीम के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने जरूर प्रभावित किया है. वह टीम के लिए लगातार विकेट निकाल रहे हैं. आरसीबी के खिलाफ मैच में भी प्रिंस ने सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 33 रन देकर 3 विकेट लिए. उनकी इस दमदार गेंदबाजी के कारण ही लखनऊ ने आरसीबी को 9 रन से हराया.
बारिश से प्रभावित इस मैच में लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मिचेल मार्श की शतकीय पारी से निर्धारित 19 ओवर के खेल में 209 रन का स्कोर खड़ा किया था. लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन कप्तान रजत पाटीदार (61), टिम डेविड (40) और देवदत्त पडिक्कल (34) ने शानदार खेल दिखाते हुए टीम के स्कोर को 203 रन पहुंचा दिया, लेकिन DLS से निर्धारित 213 रनों के लक्ष्य तक टीम नहीं पहुंच पाई.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


