Last Updated:
भारतीय क्रिकेट इतिहास में कई ऐसे दिग्गज खिलाड़ी हुए हैं, जिनका पूरी दुनिया ने लोहा माना है, लेकिन उनमें से कई ऐसे हैं जिनकी शुरुआत यादगार नहीं रही. खास तौर से वनडे क्रिकेट में उनका आगाज खराब रहा है. ऐसे में आइए जानते हैं भारत के ऐसे ही पांच दिग्गज बल्लेबाजों के बारे में जो अपने वनडे डेब्यू में शून्य पर आउट हो गए.
वनडे डेब्यू में आउट होने वाले भारतीय दिग्गज बल्लेबाज
नई दिल्ली: क्रिकेट के खेल में जब कोई खिलाड़ी डेब्यू करता है तो उसकी कोशिश होती है वह उसे यादगार बनाए. कई बार ऐसा हुआ भी है जब डेब्यू मैच में किसी खिलाड़ी अपने दमदार खेल से महफिल लूट ली और आगे चलकर महानता के शिखर पर भी पहुंचे, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे में भी हुए हैं, जिनकी शुरुआत तो अच्छी नहीं रही, लेकिन बाद में पूरी दुनिया ने उन्हें सलाम किया. ऐसे में आइए जानते हैं भारत के पांच ऐसे ही दिग्गज क्रिकेटरों के बारे में जो अपने वनडे डेब्यू में बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन आगे चलकर उन्होंने इस खेल में अनगिनत उपलब्धियां हासिल की.
सचिन तेंदुलकर
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का है. क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन का वनडे डेब्यू 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ हुआ था, लेकिन अपने करियर के पहले ही वनडे में बिना खाता खोले आउट हो गए. वकार यूनिस की गेंद का सामना करते हुए सचिन पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए. हालांकि, शून्य से शुरू हुआ सचिन का ये सफर आगे चलकर 18426 वनडे रनों पर जाकर थमा. इस फॉर्मेट में सचिन ने 463 मैचों में 49 शतकों के साथ वनडे क्रिकेट के लगभग हर रिकॉर्ड को अपने नाम किया.
सचिन तेंदुलकर
महेंद्र सिंह धोनी
सचिन के बाद इस लिस्ट में दूसरा बड़ा महेंद्र सिंह धोनी का है. धोनी भी अपने वनडे डेब्यू में शून्य पर आउट हुए थे. धोनी को साल 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव वनडे में डेब्यू का मौका मिला था, लेकिन वे बिना कोई गेंद खेले ही डायरेक्ट थ्रो पर रन आउट हो गए थे. करियर के पहले ही मैच में ऐसी शुरुआत के बावजूद धोनी आगे चलकर भारत के सबसे महानतम कप्तानों में से एक बने. उन्होंने टीम इंडिया के लिए 350 वनडे मैचों में 10773 रन बनाए. उनकी कप्तानी में ही भारत ने 2011 विश्व कप जीता.
महेंद्र सिंह धोनी
शिखर धवन
भारतीय टीम में गब्बर के नाम मशहूर रहे ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन की भी वनडे में शून्य से शुरुआत हुई थी. धवन ने साल 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था, लेकिन क्लिंट मैके की एक इनस्विंगर पर वे अपनी दूसरी ही गेंद पर बोल्ड हो गए. ऐसी शुरुआत के बात किसी ने नहीं सोचा था कि यह बल्लेबाज आगे चलकर आईसीसी टूर्नामेंट्स का किंग बनेगा. शून्य से शुरुआत के बावजूद धवन ने भारत के लिए 167 वनडे मैचों में 6793 रन बनाए.
शिखर धवन
सुरेश रैना
इस लिस्ट में भारत के दिग्गज मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सुरेश रैना का भी नाम शामिल है. रैना ने साल 2005 में श्रीलंका के खिलाफ अपना डेब्यू किया था. रैना के वनडे करियर की शुरुआत भी गोल्डन डक से हुई थी. मुथैया मुलरलीधरन की गेंद पर रैना पहली ही गेंद का सामना करते हुए एलबीडबल्यू हो गए थे. गोल्डन डक से शुरुआत होने के बावजूद रैना भारत के लिए 226 वनडे मैचों में मैदान पर उतरे, जिसमें उन्होंने 5615 रन बनाए.
सुरेश रैना
कृष्णमाचारी श्रीकांत
इस लिस्ट में पूर्व क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत का भी नाम शामिल है. श्रीकांत ने साल 1981 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था. वे अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे. डेब्यू मैच में श्रीकांत ने 13 गेंद का सामना किया, लेकिन वह अपना खाता नहीं खोल पाए, लेकिन के इसके बाद वे भारत के लिए 146 वनडे खेले और 4091 रन बनाए. वे 1983 विश्व कप जीतने वाली टीम के प्रमुख ओपनर बल्लेबाज थे.
के श्रीकांत
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें


