3.8 C
Munich

Aaj Ka Mausam Live | Weather News Today Live | बिहार-झारखंड में तूफानी बारिश, एमपी-राजस्थान में लू का कर्फ्यू, दिल्ली में भी खूब पसीने छुड़ाएगी गर्मी

Must read


Weather News Today Live: देशभर में इस वक्त दो तरह का मौसम दिख रहा है. एक तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, तो दूसरी ओर पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. राजस्थान में पारा 48 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जबकि असम-मेघालय और पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से बुधवार 13 मई को लेकर जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं. संभावना है कि इस सप्ताह के आखिर तक मानसून अंडमान सागर, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में दस्तक दे सकता है. बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया लगातार सक्रिय है और अगले 48 घंटों में इसके और मजबूत होने की संभावना है. इसका असर दक्षिण भारत से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक दिखाई देगा.

नॉर्थ-ईस्ट में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में अगले कई दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. असम और मेघालय में 13 से 17 मई के बीच बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. अरुणाचल प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने इन राज्यों में भूस्खलन और जलभराव की आशंका जताई है.

पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा. बिहार में 13 मई को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है. झारखंड में भी अगले दो दिनों तक तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

भीषण गर्मी से तप रहा राजस्थान-गुजरात

दूसरी ओर राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई इलाके भीषण गर्मी से तप रहे हैं. राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो देश में सबसे ज्यादा रहा. पश्चिम राजस्थान में कई जगहों पर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग ने 17 और 18 मई तक यहां ‘सीवियर हीटवेव’ का अलर्ट जारी किया है. पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और गुजरात में भी लू चलने की संभावना है.

दक्षिण भारत में भी मौसम का असर दिखाई देगा. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. केरल और तमिलनाडु में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. कर्नाटक के आंतरिक इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है.

दिल्ली में छाए रहेंगे बादल

दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल राहत और गर्मी दोनों का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के मुताबिक 13 मई को राजधानी में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. हालांकि बारिश की संभावना बहुत कम है, लेकिन धूलभरी आंधी लोगों को परेशान कर सकती है.

दिल्ली में अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. यानी आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा तीखी होगी. मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने के बाद राजधानी में तापमान तेजी से बढ़ेगा. फिलहाल न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन सप्ताह के अंत तक उमस बढ़ सकती है.

पूर्वी यूपी और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश

उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह करवट ले चुका है. पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. 13 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है. वहीं पश्चिमी यूपी में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा, लेकिन गर्मी बढ़ती जाएगी.

उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है. पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है. मौसम विभाग ने यात्रियों और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. चारधाम यात्रा मार्गों पर भी भूस्खलन और फिसलन की आशंका जताई गई है.

बिहार और झारखंड का मौसम

बिहार में 13 मई को मौसम सबसे ज्यादा उग्र रूप ले सकता है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में थंडरस्क्वॉल यानी तेज आंधी और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है. हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इसके साथ ही कई जगहों पर बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना है. लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है.

झारखंड में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा. राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. 15 और 16 मई को कुछ इलाकों में तूफानी हवाओं की रफ्तार और ज्यादा तेज हो सकती है. मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसल और पशुओं की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम कर लें.

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक देशभर में मौसम के चरम रूप देखने को मिलेंगे. कहीं भीषण गर्मी लोगों को झुलसाएगी तो कहीं बारिश और आंधी मुश्किलें बढ़ाएगी. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने और सतर्क रहने की जरूरत है.

13 मई को देशभर में कैसा मौसम रहेगा?
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 13 मई को देश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राजस्थान, गुजरात और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव की चेतावनी दी गई है.

किन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है?
असम-मेघालय और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

कहां आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है?
बिहार, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.

किन इलाकों में ओलावृष्टि का खतरा है?
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 मई को ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. इससे पहाड़ी इलाकों में फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंच सकता है.

किन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी है?
राजस्थान, गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण-गोवा के कुछ हिस्सों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है.

क्या मानसून को लेकर भी कोई अपडेट है?
हां. मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के अंडमान सागर और दक्षिण बंगाल की खाड़ी के हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. सप्ताह के अंत तक मानसून की एंट्री शुरू हो सकती है.

समुद्री इलाकों के लिए क्या चेतावनी दी गई है?
श्रीलंका तट, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं और ऊंची लहरों का अलर्ट जारी किया गया है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article