Last Updated:
केरल एग्जिट पोल में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है. पार्टी के दिग्गज नेता शशि थरूर ने एग्जिट पोल की खामियों पर सवाल तो उठाए लेकिन ये भी कहा कि इस बार सभी एक लाइन पर बात कर रहे हैं. इसलिए नतीजे अप्रत्याशित होने वाले हैं.
कांग्रेस सांसद शशि थरूर.
तिरुवनंतपुरम: केरल में चुनाव नतीजों से ठीक पहले जारी हुए एग्जिट पोल ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है. लगभग सभी एग्जिट पोल में राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को स्पष्ट और निर्णायक बढ़त मिलती हुई दिखाई दे रही है. इन पर कांग्रेस के दिग्गज नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने बड़ा बयान दिया है. थरूर ने एक तरफ जहां भारत में एग्जिट पोल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, तो वहीं दूसरी तरफ उन्होंने सभी पोल्स के एक ही नतीजे पर पहुंचने को ‘अद्भुत’ करार देते हुए यूडीएफ की शानदार जीत का दावा किया है. शशि थरूर ने बंगाल को लेकर भी अनुमान जताया. उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि ममता बनर्जी की जीत होगी, लेकिन शायद उन्हें पिछली बार की तरह बड़ा बहुमत न मिले.
एएनआई से बातचीत में शशि थरूर ने कहा कि वह आमतौर पर एग्जिट पोल के आंकड़ों पर बहुत अधिक निर्भर नहीं रहते हैं, लेकिन इस बार का दृश्य बेहद अलग और दिलचस्प है. थरूर ने कहा, हमारे देश में एग्जिट पोल में अक्सर कई तरह की समस्याएं और खामियां होती हैं. मैं व्यक्तिगत रूप से उन पर पूरी तरह भरोसा नहीं करना चाहता. लेकिन इस बार जो बात सबसे ज्यादा हैरान करने वाली और अद्भुत है, वह यह है कि सभी एग्जिट पोल के नतीजे एक-दूसरे से पूरी तरह सहमत नजर आ रहे हैं. यह एक सर्वसम्मत निष्कर्ष है.
चुनाव विश्लेषकों की भी एक ही राय
अपनी जीत के दावे को और मजबूत करते हुए कांग्रेस सांसद ने जमीनी हकीकत और विशेषज्ञों के फीडबैक का भी हवाला दिया. उन्होंने बताया कि मतदान के आस-पास के समय से लेकर अब तक लगातार उन्हें जो फीडबैक मिला है, वह एग्जिट पोल के इन आंकड़ों की तस्दीक करता है. थरूर ने कहा, 4 अप्रैल से लेकर अब तक मैंने जिन भी तमाम विशेषज्ञों, वरिष्ठ पत्रकारों, चुनाव पर्यवेक्षकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के विश्लेषकों से बातचीत की है, वे सभी इस बात पर पूरी तरह से एकमत हैं कि इस चुनाव में यूडीएफ एक बड़ी जीत दर्ज करने जा रही है.
‘परिणाम अलग आए तो यह बेहद चौंकाने वाला होगा’
थरूर ने राज्य में यूडीएफ के पक्ष में माहौल को लेकर इतना पक्का विश्वास जताया है कि उनका मानना है कि अगर नतीजे इसके विपरीत आते हैं, तो यह राजनीतिक पंडितों के लिए एक बड़ा झटका होगा. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “ग्राउंड पर मौजूद हर व्यक्ति यही कह रहा है. ऐसे में अगर परिणाम इस तरह की जीत के रूप में सामने नहीं आते हैं, तो यह वास्तव में हम सभी के लिए एक आश्चर्यजनक और चौंकाने वाला परिणाम होगा.”
कल सुबह के मध्य तक स्पष्ट हो जाएगा नैरेटिव
मतगणना के दिन को लेकर अपनी उम्मीदें जताते हुए शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस और यूडीएफ खेमा कल सुबह आने वाले रुझानों का शांति से इंतजार कर रहा है. उन्होंने आत्मविश्वास से लबरेज होकर कहा, हम यहां यह देखने के लिए मौजूद हैं कि कल सुबह मतगणना शुरू होने के बाद क्या रुझान आते हैं. लेकिन मेरी अपनी उम्मीद यह है कि कल सुबह के मध्य तक स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी और हमारे पक्ष में एक बहुत ही स्पष्ट और ठोस नैरेटिव उभर कर सामने आ जाएगा.”
About the Author
Mr. Gyanendra Kumar Mishra is associated with hindi.news18.com. working on home page. He has 20 yrs of rich experience in journalism. He Started his career with Amar Ujala then worked for ‘Hindustan Times Group…और पढ़ें


