13.2 C
Munich

ICC T20 World Cup Match Fixing: टी20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में कनाडा के कप्तान ने फिक्सिंग की कोशिश की थी.

Must read


नई दिल्ली: आईसीसी की एंटी करप्शन यूनिट क्रिकेट कनाडा से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही है. इनमें से एक जांच भारत और श्रीलंका में हुए हालिया टी20 विश्व कप के दौरान कनाडा के एक मैच की भी हो रही है. ईएसपीएनक्रिकइन्फो के अनुसार एसीयू दो सक्रिय मामलों की जांच कर रही है जो क्रिकेट कनाडा के कामकाज और अंतरराष्ट्रीय व घरेलू स्तर पर आईसीसी के भ्रष्टाचार विरोधी नियमों के उल्लंघन से जुड़े हैं.

इन आरोपों का खुलासा ‘करप्शन, क्राइम एंड क्रिकेट’ नामक एक डॉक्यूमेंट्री में हुआ है जिसे कनाडा के खोजी कार्यक्रम ‘द फिफ्थ एस्टेट’ ने बनाया है और सार्वजनिक प्रसारक सीबीसी द्वारा प्रसारित किया गया है. इस फिल्म में कनाडा क्रिकेट के प्रशासन और भ्रष्टाचार को लेकर कई बड़े आरोप लगाए गए हैं.

कनाडा के कप्तान पर है फिक्सिंग का शक

डॉक्यूमेंट्री के मुताबिक विश्व कप में भ्रष्टाचार का दावा कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच हुए मैच से जुड़ा है. जांच के दायरे में न्यूजीलैंड की पारी का पांचवां ओवर है जब कप्तान दिलप्रीत बाजवा गेंदबाजी करने आए थे. बाजवा को टूर्नामेंट शुरू होने से महज तीन हफ्ते पहले कप्तान बनाया गया था. मुख्य रूप से बल्लेबाजी ऑलराउंडर और ऑफ-स्पिनर बाजवा ने तब गेंद संभाली जब न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 35 रन था.

कनाडा ने तेज गेंदबाजी से शुरुआत की थी लेकिन वह काफी महंगी साबित हुई. इसके बाद स्पिनर साद बिन जफर ने एक विकेट मेडन ओवर फेंका, लेकिन जब बाजवा आए तो उन्होंने अपने ओवर की शुरुआत नो-बॉल से की, फिर एक लेग साइड पर वाइड फेंकी और उस ओवर में कुल 15 रन दिए.

पूर्व कोच ने कनाडा क्रिकेट पर लगाए आरोप

दूसरी जांच पूर्व कोच खुर्रम चौहान की एक टेलीफोन कॉल रिकॉर्डिंग से जुड़ी है, जिसमें वह दावा कर रहे हैं कि क्रिकेट कनाडा बोर्ड के वरिष्ठ सदस्यों ने उन पर कुछ खास खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में चुनने का दबाव बनाया था. यह ऑडियो पिछले साल लीक हुआ था और तब से जांच के घेरे में है. इस रिकॉर्डिंग में मैचों को फिक्स करने की कोशिशों के भी दावे हैं, हालांकि इनके लिए पुख्ता सबूत जुटाना एक चुनौती है.

आईसीसी की इंटीग्रिटी यूनिट के अंतरिम महाप्रबंधक एंड्रयू एफग्रेव ने कहा कि एसीयू इस कार्यक्रम से अवगत है, लेकिन अपनी स्थापित प्रक्रियाओं के तहत वे किसी भी चल रही जांच के तथ्यों पर टिप्पणी नहीं कर सकते. उन्होंने कहा कि आईसीसी के सदस्यों से जुड़े प्रशासनिक मामलों को आईसीसी के संवैधानिक नियमों के तहत देखा जाता है.

लंबे समय से कनाडा क्रिकेट में चल रही है गड़बड़ी

डॉक्यूमेंट्री में एक और पूर्व कोच पुबुदु दसानायके का इंटरव्यू भी है, जिन्होंने 2024 टी20 विश्व कप के लिए टीम चयन में अनुचित दबाव का दावा किया है. उनका कहना है कि बोर्ड ने उन्हें कुछ खिलाड़ियों को चुनने के लिए मजबूर किया और इनकार करने पर उनका अनुबंध खत्म करने की धमकी दी. दसानायके ने गलत तरीके से बर्खास्त किए जाने के खिलाफ क्रिकेट कनाडा पर मुकदमा किया है.

क्रिकेट कनाडा पिछले एक साल से प्रशासनिक उथल-पुथल से गुजर रहा है, विशेष रूप से पूर्व सीईओ सलमान खान की नियुक्ति और फिर उन्हें हटाए जाने को लेकर. उन पर आपराधिक आरोपों को छिपाने का आरोप था और कैलगरी पुलिस ने उन पर चोरी और धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए हैं. हाल ही में अरविंदर खोसा को बोर्ड का नया अध्यक्ष चुना गया है. इसके अलावा खिलाड़ियों को विश्व कप की इनामी राशि मिलने में देरी हुई और उनके अनुबंधों को लेकर भी विवाद रहा है.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article