Last Updated:
INDW vs SAW, 2nd T20I: पांच टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 8 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 147 रनों का स्कोर खड़ा किया था. दक्षिण अफ्रीका ने इस स्कोर 17 गेंद रहते ही हासिल कर लिया.
साउथ अफ्रीका ने भारत को 8 विकेट से हराया
नई दिल्ली: क्लो ट्रायोन की अगुवाई में गेंदबाजों के कमाल के बाद कप्तान लौरा वोल्वार्ट (54) और सुने लुस (57) की अर्धशतकीय से दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टी20 में भारत को 8 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही मेजबान टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के आक्रामक 57 रन के बावजूद भारतीय टीम 147 रन पर आउट हो गई. इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 17.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाकर लक्ष्य को हासिल कर लिया.
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका के लिए वोल्वार्ट ने 34 गेंदों की पारी में सात चौके और एक छक्का, जबकि लुस ने 46 गेंदों की पारी में छह चौके और एक छक्का जड़ा. दोनों ने महज 73 गेंदों में 106 रन की साझेदारी कर टीम की एकतरफा जीत सुनिश्चित की. 147 रनों के बचाव में भारतीय क्षेत्ररक्षण काफी खराब रहा और टीम ने कई आसान कैच टपकाए, जिससे बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बन पाया. मैच में भारतीय टीम की गेंदबाजी बहुत ही साधारण रही. भारत की तरफ से एकमात्र बॉलर श्रेयंका पाटिल को सफलता मिल पाई. भारत के लिए दोनों विकेट श्रेयंका पाटिल ने लिए.
भारत की मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी रही कमजोर
टी20 में अपना 15वां अर्धशतक जड़ने वाली शेफाली ने पदार्पण कर रही अनुष्का शर्मा (28) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन की अच्छी साझेदारी की. अनुष्का हालांकि इस दौरान तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करती दिखीं. शेफाली ने 38 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए. भारतीय टीम 12 ओवर के बाद दो विकेट पर 97 रन के साथ अच्छी स्थिति में थी, लेकिन टीम ने इसके बाद आठ ओवर में 50 रन के अंदर आठ विकेट गंवा दिए. प्लेयर ऑफ द मैच ट्रायोन को तुमी सेखुखुने (31 रन देकर तीन विकेट) का अच्छा साथ मिला.
दक्षिण अफ्रीका ने की थी मैच में तूफानी शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए वोल्वार्ट ने क्रांति गौड़ के खिलाफ चौके से हाथ खोले और श्रेयंका की गेंद को बाउंड्री पार भेजकर आत्मविश्वास दिखाया. दूसरे छोर से लुस ने श्रेयंका की गेंद पर कदमों का इस्तेमाल करते हुए छक्का जड़ा. उन्होंने श्री चरणी के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौके जड़कर पांचवें ओवर में ही दक्षिण अफ्रीका के रनों का अर्धशतक पूरा कर दिया. लुस ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए दीप्ति शर्मा के खिलाफ भी दो चौके जड़े और पावरप्ले में ही टीम के स्कोर को बिना किसी नुकसान के 66 रन तक पहुंचाकर दक्षिण अफ्रीका के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी की.
भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद रनगति पर लगाम लगाने की कोशिश की, लेकिन वोल्वार्ट ने श्री चरणी की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़ने के बाद 11वें ओवर में अरुंधति रेड्डी की गेंद पर चौके के साथ 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इस तरह दक्षिण अफ्रीका ने आसानी से मैच को अपने नाम कर लिया.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें


