Last Updated:
चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरे. धोनी पिंडली की चोट के कारण इस सीजन एक भी मैच में नहीं खेले हैं. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में धोनी को देखने के लिए भारी संख्या में फैंस स्टेडियम आए थे, लेकिन माही के नहीं होने से उनका दिल टूट गया.
महेंद्र सिंह धोनी
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी को लेकर इंतजार अभी जारी है. धोनी सीजन के शुरू होने से पहले ही चोटिल हो गए थे. उसके बाद से फैंस उनके लिए इंतजार में है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में उम्मीद की जा रही थी कि धोनी मैदान पर उतरेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. धोनी को खेलते हुए देखने के लिए भारी संख्या में फैंस अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन अपने चहेते थाला नहीं देख उनका दिल टूट गया.
पांच बार के चैंपियन 44 साल के धोनी पिंडली की चोट के कारण इस सत्र में एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं. लीग की शुरुआत में सुपरकिंग्स ने कहा था कि वह दो सप्ताह के लिए टीम से बाहर हैं, लेकिन आईपीएल में पांच सप्ताह से अधिक बीत जाने के बाद भी टीम से बाहर रहने पर उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. मूल रूप से झारखंड के गिरिडीह की रहने वाली केंद्रीय अर्धसैनिक बल से जुड़ी ममता खल्खो अपनी आठ साल की बेटी और 12 साल के बेटे के साथ धोनी को खेलते हुए देखने की उम्मीद से स्टेडियम पहुंची थीं, लेकिन जब उन्हें पता चला कि धोनी टीम के साथ दिल्ली नहीं आए हैं, तो वह और चेन्नई सुपरकिंग्स की धोनी के नाम की जर्सी पहने उनके दोनों बच्चे निराश हो गए.
स्टेडियम में मैच देखने आए फैंस में छाई निराशा
ममता ने कहा, ‘‘मेरे बच्चे झारखंड में अपने दादा-दादी के साथ रहते हैं और इस मैच के लिए यहां आए हैं. मेरे पति भी धोनी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं. बच्चों के साथ उन्हें ही आना था, लेकिन बीमारी के कारण मुझे छुट्टी लेकर यहां आना पड़ा.’’ उन्होंने कहा, ‘‘बच्चों को उम्मीद थी कि धोनी इस मैच को खेलें या न खेलें, कम से कम उनकी झलक तो दिख ही जाएगी. बच्चे इसी को लेकर उत्साहित थे, लेकिन आप कह रहे हैं कि धोनी दिल्ली आए ही नहीं हैं, तो यह हमारे लिए काफी निराशाजनक है.’’
दिल्ली के एक कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों का समूह भी चेन्नई सुपरकिंग्स और भारतीय टीम की धोनी के नाम वाली जर्सी पहनकर यहां मैच देखने पहुंचा, लेकिन उन्हें भी धोनी की गैरमौजूदगी के बारे में पता चलने के बाद निराशा हुई. इस समूह में कालकाजी के रहने वाले जितेंद्र अहलावत ने कहा, ‘‘हमारी टोली ने तो धोनी को खेलते हुए देखने के लिए टिकट लिया था, लेकिन अगर वह यहां नहीं आए हैं, तो इसके बारे में टीमों को पहले से बताना चाहिए था. हमारा तो पैसा और समय दोनों खराब हुआ.’’
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


