Last Updated:
आकाश दीप अगले तीन से चार महीने तक क्रिकेट से दूर रहेंगे. एक रिपोर्ट के अनुसार, बंगाल के इस तेज गेंदबाज की नजर दलीप ट्रॉफी 2026 में वापसी करने पर है. इसका मतलब है कि वह 6 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे.
आकाशदीप की मैदान पर वापसी पर आया बड़ा अपडेट
नई दिल्ली. किसी भी टीम का सीजन शुरू होने से पहले ही पटरी से उतर जाए, तो वापसी का रास्ता और मुश्किल हो जाता है. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ IPL 2026 में कुछ ऐसा ही हुआ जहां चोटों ने उनकी योजना को शुरुआत में ही बिखेर दिया और अब इस कहानी में एक और झटका जुड़ गया है.कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को IPL 2026 की शुरुआत से पहले ही बड़े झटके लगे, जिसने उनके पूरे अभियान को हिला कर रख दिया. मथीशा पथिराना की टीम में देरी से एंट्री हुई, वहीं भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा और आकाश दीप चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए.
आकाश दीप को लेकर स्थिति थोड़ी अस्पष्ट थी. उन्हें लोअर-बैक स्ट्रेस इंजरी के चलते IPL 2026 से बाहर कर दिया गया. अब इस तेज गेंदबाज को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है हाल के समय में भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा रहे आकाश दीप अगले तीन से चार महीने तक क्रिकेट से दूर रहेंगे. एक रिपोर्ट के अनुसार, बंगाल के इस तेज गेंदबाज की नजर दलीप ट्रॉफी 2026 में वापसी करने पर है. इसका मतलब है कि वह 6 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, जहां BCCI दूसरी पंक्ति की टीम उतारने पर विचार कर रहा है तब तक आकाश दीप पूरी तरह फिट नहीं हो पाएंगे.
आकाश दीप के लिए लंबा रिकवरी सफर
तेज गेंदबाजों के लिए चोटें नई बात नहीं हैं, और आकाश दीप भी इससे अछूते नहीं हैं. उनकी गेंदबाजी का तरीका जहां वह रन-अप से गति पैदा करते हैं और डिलीवरी के समय पीठ को मोड़ते हैं उन्हें बैक इंजरी के जोखिम में डालता है. यही कारण है कि यह प्रतिभाशाली गेंदबाज पिछले कुछ समय से लगातार पीठ की समस्या से जूझ रहा है. पिछले साल भी, जब वह लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का हिस्सा थे, तब यह समस्या सामने आई थी. इसके बावजूद उन्होंने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन सिडनी टेस्ट से पहले पीठ में जकड़न के कारण बाहर हो गए.
इंग्लैंड और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
इंग्लैंड दौरे पर वह जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के बाद भारत के तीसरे तेज गेंदबाज थे. उन्होंने पांच में से तीन टेस्ट खेले और 13 विकेट लिए. एजबेस्टन टेस्ट में उनका प्रदर्शन खास रहा लेकिन फिर ग्रोइन स्ट्रेन के कारण मैनचेस्टर टेस्ट से बाहर होना पड़ा. IPL 2026 से पहले, रणजी ट्रॉफी 2025/26 के दौरान बंगाल के लिए खेलते हुए उन्हें लोअर-बैक स्ट्रेस इंजरी हो गई. सेमीफाइनल के दौरान लगी इस चोट ने उनके पूरे घरेलू सीजन को प्रभावित किया. उन्होंने रणजी ट्रॉफी में 22 विकेट लिए थे और IPL में खेलने की कोशिश भी की, लेकिन फिटनेस हासिल नहीं कर सके.
सितंबर में होगी वापसी
हाल ही में आकाश दीप ने रिहैब के लिए BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में दाखिला लिया है. उनकी वापसी का अनुमानित समय सितंबर बताया जा रहा है, जब भारतीय घरेलू सीजन की शुरुआत दलीप ट्रॉफी से होगी. आकाश दीप इसी टूर्नामेंट के जरिए वापसी करना चाहते हैं. आकाश दीप अब तक भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक वनडे या टी20 फॉर्मेट में डेब्यू नहीं किया है. ऐसे में IPL 2026 के बाद होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज मिस करने का उन्हें ज्यादा मलाल नहीं होगा हालांकि, अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भी वह उपलब्ध नहीं रहेंगे. स्पष्ट है कि आकाश दीप के लिए यह वापसी आसान नहीं होगी लेकिन अगर वह पूरी तरह फिट होकर लौटते हैं, तो भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को एक बार फिर मजबूती मिल सकती है.
About the Author

मैं, राजीव मिश्रा, वर्तमान में नेटवर्क 18 में एसोसिएट स्पोर्ट्स एडिटर के रूप में कार्यरत हूँ. इस भूमिका में मैं डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट की योजना, संपादकीय रणनीति और एंकरिंग की जिम्मेदारी निभाता हूँ. खेल पत्रका…और पढ़ें


