Last Updated:
MS Dhoni Fitness Update MI vs CSK: आईपीएल 2026 में महेंद्र सिंह धोनी को मैदान पर देखने का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. पूरी तरह फिट न होने के चलते माही चेन्नई सुपर किंग्स के शुरुआती 6 मुकाबलों में नहीं खेल पाए. हालांकि, सीएसके और फैंस के लिए एक अच्छी खबर आई है. धोनी मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीएसके के अगले मुकाबले में मैदान पर नजर आ सकते हैं. उन्होंने विकेटकीपिंग प्रैक्टिस शुरू कर दी है.
मुंबई के खिलाफ खेल सकते हैं एमएस धोनी.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज को एक्शन में देखने के लिए हर कोई बेताब है. अब फैंस का ये इंतजार खत्म होने जा रहा है. चेन्नई सुपर किंग्स ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि धोनी मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम के अगले मुकाबले में सीजन में पहली बार मैदान पर नजर आ सकते हैं. धोनी मांसपेशियों में खिंचाव के चलते सीएसके के लिए शुरुआती 6 मुकाबले नहीं खेल पाए, लेकिन मुंबई के खिलाफ एल-क्लासिको में सबके चहेते थाला धमाल मचाने के लिए तैयार लग रहे हैं.
दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें धोनी विकेटकीपिंग प्रैक्टिस कर रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि बल्लेबाज क्रीज से बाहर निकलकर शॉट खेलने गया, लेकिन मिस कर गया. धोनी ने गेंद लपकी और स्टंप आउट दिया. वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘नियम नंबर 1: जब ‘थला’ स्टंप्स के पीछे हों, तो क्रीज से बाहर कदम न रखें. नियम नंबर 2: नियम नंबर 1 को फिर से पढ़ें.’ फैंस इस वीडियो को देखने के बाद खुशी जाहिर कर रहे हैं. कई फैंस ने कहा कि धोनी मुंबई के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं.


