Last Updated:
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध के चलते भारतीय निर्यातकों को व्यापार में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे समय में चीन का कैंटन फेयर भारतीय कारोबारियों के लिए बड़ा अवसर बनकर सामने आया है. 23 से 27 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय मेले में 180 देशों के कारोबारी हिस्सा लेंगे, जहां भारतीय निर्यातक अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर नए खरीदारों से सीधे संपर्क करेंगे. कानपुर समेत उत्तर प्रदेश के उद्योगपति इसे नए ऑर्डर और कारोबार बढ़ने की उम्मीद से देख रहे हैं, जिससे मौजूदा व्यापारिक नुकसान की कुछ भरपाई हो सकती है.
कानपुर. पिछले कई महीनों से मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और युद्ध का असर भारतीय कारोबार पर साफ दिखाई दे रहा है. खासकर निर्यातकों को माल भेजने, भुगतान मिलने और नए ऑर्डर पाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे समय में चीन में लगने वाला दुनिया का सबसे बड़ा कैंटोन फेयर भारतीय व्यापारियों के लिए राहत की खबर बनकर सामने आया है. कानपुर समेत उत्तर प्रदेश के कई निर्यातक अब इस फेयर से नए कारोबार और मुनाफे की उम्मीद लगाए बैठे हैं. चीन में हर साल आयोजित होने वाला कैंटोन फेयर 23 से 27 अप्रैल तक आयोजित होगा. इसमें दुनिया के करीब 180 देशों से कारोबारी हिस्सा लेंगे. इस मेले को अंतरराष्ट्रीय व्यापार का बड़ा मंच माना जाता है, जहां कंपनियां अपने उत्पाद दिखाती हैं और नए खरीदारों से सीधे संपर्क करती हैं.
भारतीय उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन (फियो) के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार भी भारत से अच्छी संख्या में निर्यातक मेले में हिस्सा ले रहे हैं. यहां एलईडी पैनल, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, प्लास्टिक उत्पाद, लेदर आइटम, टेक्सटाइल, केमिकल्स और अन्य कई उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि कैंटोन फेयर अलग-अलग चरणों में आयोजित होता है. पहला चरण 15 से 19 अप्रैल तक हो चुका है, जबकि अब दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है. इस दौरान कई देशों के कारोबारी एक-दूसरे से बिजनेस टू बिजनेस बैठक करेंगे और नए सौदों पर चर्चा होगी.
चीन और आसियान देशों से बढ़ रहा व्यापार
फियो के अनुसार जुलाई 2025 से अब तक अमेरिका, यूरोप और गल्फ देशों के साथ कारोबार में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है. लेकिन चीन और आसियान देशों के साथ व्यापार लगातार बेहतर हो रहा है. ऐसे में कैंटोन फेयर भारतीय निर्यातकों के लिए बड़ा अवसर साबित हो सकता है. कारोबारियों का मानना है कि अगर यहां अच्छे खरीदार मिले तो आने वाले महीनों में ऑर्डर बढ़ सकते हैं, जिससे उद्योगों को राहत मिलेगी और उत्पादन भी तेज होगा.
कानपुर के उद्योगों को भी फायदा संभव
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील वैश्य ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मेले व्यापार बढ़ाने का बेहतरीन मौका देते हैं. कारोबारियों को अपने उत्पाद दुनिया के सामने रखने चाहिए और नए बाजार तलाशने चाहिए. वहीं काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट के वाइस चेयरमैन मुख्तारुल अमीन ने कहा कि चीन के कैंटोन फेयर की पहचान पूरी दुनिया में है. यहां एक ही जगह पर कई देशों के खरीदार मिलते हैं, जिससे मार्केटिंग आसान हो जाती है और अच्छे ऑर्डर मिलने की संभावना बढ़ जाती है. कानपुर के लेदर, टेक्सटाइल और इंजीनियरिंग उत्पादों से जुड़े उद्योगपति भी इस फेयर को बड़ी उम्मीद से देख रहे हैं. उन्हें भरोसा है कि मिडिल ईस्ट संकट से हुए नुकसान की कुछ भरपाई चीन के इस बड़े मेले से हो सकती है.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें


