Last Updated:
Kiran Powar Assam Ranji team: मुंबई के पूर्व क्रिकेटर किरण पोवार असम रणजी टीम के मुख्य कोच बनाए गए हैं. पिछले सीजन में मुंबई की अंडर-23 टीम के प्रभारी रहे किरण पहली बार सीनियर टीम की कोचिंग करेंगे. किरण के छोटे भाई रमेश पोवार ने भारत के लिए 2004 से 2007 के बीच 31 वनडे और दो टेस्ट मैच खेले हैं.
किरण पोवार असम क्रिकेट टीम के हेड कोच बने
मुंबई: मुंबई और बड़ौदा के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर किरण पोवार को 2026-27 के घरेलू सत्र के लिए असम की पुरुष टीम का नया मुख्य कोच बनाया गया है, उन्होंने सोमवार को यह जानकारी दी. बाएं हाथ के 50 साल के पूर्व खिलाड़ी किरण मुंबई, बड़ौदा और असम के लिए खेले हैं.
रमेश पोवार के बड़े भाई हैं किरण
किरण पोवार भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर और महिला टीम के पूर्व मुख्य कोच रमेश पोवार के बड़े भाई हैं. पिछले सीजन में किरण मुंबई की अंडर-23 टीम के प्रभारी थे और यह सीनियर टीम के साथ उनका पहला कार्यकाल होगा, जिसमें वह प्रभारी होंगे. किरण ने पीटीआई से कहा:
मुझे असम रणजी टीम का कोच नियुक्त किए जाने पर बहुत खुशी है. मैं उनके साथ काम करने के लिए बेहद उत्सुक हूं. जब मैं मुंबई की अंडर-23 टीम के कोच के तौर पर यहां आया था तो मैं उनके विजन से सचमुच बहुत प्रभावित हुआ था.
प्रथम श्रेणी क्रिकेट के दिग्गज रहे हैं किरण
किरण ने 71 सीनियर स्तर के मुकाबलों (प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए) में लगभग 3500 रन बनाए हैं. किरण ने बताया कि जब वह सीके नायुडू ट्रॉफी के लिए मुंबई की अंडर-23 टीम के साथ आए थे तो वह असम क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) के ‘विजन’ से बहुत प्रभावित हुए थे जिसकी वजह से उन्होंने उनका प्रस्ताव स्वीकार कर लिया.
एमसीए का शुक्रिया- किरण पोवार
किरण ने अपने समर्थन के लिए मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाईक को भी धन्यवाद दिया. किरण ने कहा, ‘एमसीए और उसके अध्यक्ष अजिंक्य नाईक का मैं तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने तब मेरा साथ दिया जब बहुत से लोग मेरे खिलाफ थे’ मैं भारी मन से मुंबई छोड़ रहा हूं. आज मैं जिंदगी में जो कुछ भी हूं वह मुंबई क्रिकेट की वजह से ही हूं.’
(एजेंसी से इनपुट के साथ)
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें


