Last Updated:
Langer on Rishabh Pant : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत का खराब फॉर्म लगातार जारी है. उनके प्रदर्शन को लेकर कोच जस्टिन लैंगर ने सामने आकर बचाव किया है. हालांकि जो बयान उनको बचाने के लिए दिया वो किसी के गले नहीं उतरा. लैंगर ने कहा कि प्रैक्टिस मैच में पंत ने 30 बॉल पर 95 रन बनाए थे.
ऋषभ पंत के खराब फॉर्म का कोच जस्टिन लैंगर ने किया बचाव
नई दिल्ली. लखनऊ सुपर जायंट्स के कोच जस्टिन लैंगर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मैच में हार के बाद एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की. टीम अंक तालिका में सबसे नीचे चल रही है. अब तक आठ में से सिर्फ दो मैच जीते हैं. फ्रेंचाइजी का सफर लगभग खत्म होने के बाद लैंगर से खेल के कई पहलुओं पर सवाल किए गए, लेकिन मुख्य फोकस ऋषभ पंत की कप्तानी पर रहा. एलएसजी के कप्तान पंत फॉर्म में नहीं हैं और लगातार बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करने के उनके फैसले पर बहस छिड़ गई है. मुंबई के खिलाफ पंत ने जोश इंग्लिस को मिचेल मार्श के साथ ओपनिंग के लिए भेजा जबकि निकोलस पूरन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए.
पंत खुद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए लेकिन सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हो गए. जब पंत के प्रदर्शन के बारे में पूछा गया तो लैंगर ने बताया कि कप्तान ने दो दिन पहले एक प्रैक्टिस मैच में करीब 30 या 40 गेंद में 95 रन बनाए थे, लेकिन मैच में वह प्रदर्शन नहीं दोहरा सके. “हमने दो दिन पहले एक प्रैक्टिस मैच खेला था, और ऋषि (ऋषभ पंत) ने शायद 40 या 30 गेंद में 95 रन बनाए थे. आप उसे देखकर सोचते हैं, ‘वाह, ये है ऋषभ पंत अपने सबसे बेहतरीन फॉर्म में.’
उन्होंने कहा, “वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, हम जानते हैं. हमने उन्हें टेस्ट क्रिकेट में पांचवें नंबर पर टीमों को तबाह करते देखा है. हमें लगा कि आज, सात दिन के ब्रेक के बाद और दो दिन पहले जिस तरह से उन्होंने खेला, वह टीम के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है,”
लैंगर ने यह भी बताया कि बल्लेबाजी क्रम में नीचे जाने का फैसला पंत ने खुद ‘निस्वार्थ’ होकर लिया था. शुरुआत में यह फैसला सही भी लगा, क्योंकि निकोलस पूरन ने 21 गेंद में 63 रन की तूफानी पारी खेली. कोच ने आगे कहा, “उन्होंने निस्वार्थ होकर खुद को नीचे भेजा ताकि निक्की पी बल्लेबाजी कर सकें, जिनकी बल्लेबाजी कमाल की थी. तो हां, ऋषि ज्यादा दूर नहीं हैं. आईपीएल में कप्तान या कोच के तौर पर आपको हमेशा आगे आना पड़ता है, यही आप कर सकते हैं, और वह आगे भी ऐसा करते रहेंगे और उम्मीद है कि अगले कुछ मैचों में हमें जीत दिलाएंगे,”
About the Author

विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें


