Last Updated:
MS Dhoni Noor Ahmad IPL 2026: नूर अहमद ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ ऐसी नकेल कसी कि उसके बल्लेबाज अपने पैर तक नहीं हिला पाए. अब नूर के इस मैजिकल स्पैल के बाद खबर आ रही है कि धोनी ने प्रैक्टिस के दौरान उनसे लंबी बातचीत की थी. नूर को कुछ ऐसे टिप्स दिए थे, जिससे वह आईपीएल 2026 के शुरुआत मैच में असफल रहने के बाद अब सफलता के झंडे गाड़ रहे हैं.
नूर अहमद की अपनी सफलता का क्रेडिट धोनी को दिया जा रहा
चेन्नई: महेंद्र सिंह धोनी भले ही इंजरी के चलते मौजूदा आईपीएल सीजन का एक भी मैच नहीं खेल पाए हो, लेकिन इसके बावजूद चेन्नई की जीत में उन्हें क्रेडिट दिया जा रहा है. बीती रात कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ नूर अहमद ने चार ओवरों में 21 रन देकर तीन विकेट लिए और अपनी टीम की दूसरी जीत तय की.
धोनी ने की थी नूर से बात
अफगानिस्तान के बाएं हाथ की कलाई के स्पिनर नूर इस मैच से पहले तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे और उन्होंने चार मैचों में केवल एक विकेट लिया था, लेकिन नेट पर अभ्यास के दौरान धोनी से लंबी बातचीत के बाद उनके खेल में बदलाव देखने को मिला. केकेआर के खिलाफ नूर ने बीच के ओवरों में अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह और कैमरन ग्रीन के विकेट लेकर सीएसके की 32 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई.
असिस्टेंट कोच श्रीराम का खुलासा
पिच से गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी, लेकिन नूर बल्लेबाजों पर हावी होने में कामयाब रहे. सीएसके के सहायक कोच श्रीधरन श्रीराम ने नूर की मैच से पहले धोनी के साथ हुई बातचीत के बारे में बात की. धोनी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण नहीं खेल पा रहे हैं. श्रीराम ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा:
विकेट से थोड़ी मदद मिल रही थी। आज उसकी गेंद की गति हवा में थोड़ी धीमी थी. गेंद पर साइड स्पिन ज्यादा थी और ड्रॉप भी ज्यादा था. इस पर वह काम कर रहा है, धोनी ने अभ्यास सत्र के दौरान उनसे काफी देर तक बात की और उन्हें लेग अधिक ब्रेक करने के लिए प्रेरित किया. मुझे लगता है कि आज उससे मदद मिली और इसके परिणाम सबके सामने हैं.
श्रीराम ने वेस्टइंडीज के स्पिनर अकील हुसैन और नूर के संयोजन पर भी बात की. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि वे एक-दूसरे के पूरक हैं. वे दोनों आपस में बहुत अच्छे से संवाद भी करते हैं. उनके बीच आपस में अच्छी समझ है. आज तो अकील ने ही नूर को सही लेंथ बताई। एक बार नूर को जब सही लेंथ मिल गई, तो उन्हें खेलना लगभग असंभव हो गया.’
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें


