23.2 C
Munich

Opinion: विराट कोहली अपने जाहिल फैंस को समझाओ, हेड की बीवी की कीमत पूछना नीचता की हद

Must read


नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के लीग स्टेज में विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच हुए विवाद ने एक नई बहस छेड़ दी है. क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बैंटर (हल्की-फुल्की नोकझोंक) होना आम बात है. यह बैंटर अगर मैदान तक ही सीमित रहे, तो इसे खेल भावना के अनुरूप माना जाता है. विराट और हेड के बीच भी शुरुआत में कुछ ऐसा ही हुआ था. मैदान पर दोनों के बीच कहासुनी तक तो बात ठीक थी, लेकिन मैच के बाद जब खिलाड़ी आपस में हाथ मिला रहे थे, तब विराट कोहली ने ट्रेविस हेड को नजरअंदाज कर दिया. विराट के इस रवैये से लगा कि मामला गंभीर है, क्योंकि विराट अमूमन एक ऐसे क्रिकेटर माने जाते हैं जो अपने विरोधियों का भी सम्मान करते हैं.

सोशल मीडिया पर बवाल और हेड के परिवार को धमकियां

विराट और हेड के बीच हैंडशेक न होने का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, तहलका मच गया. कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने इस पर अपनी राय रखी. कुछ ने विराट का समर्थन किया तो कुछ ने उनकी आलोचना की. लेकिन हद तो तब हो गई जब विराट कोहली के कुछ कट्टर फैंस ने ट्रेविस हेड के परिवार को निशाना बनाना शुरू कर दिया.

हेड की पत्नी जेसिका ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि विराट के फैंस ने उन्हें और उनके परिवार को भद्दे कमेंट्स किए और धमकियां दीं. जेसिका ने इस घटना की तुलना साल 2023 के वनडे विश्व कप फाइनल के बाद के माहौल से की, जब ट्रेविस हेड के शानदार शतक के बाद उनके परिवार को इसी तरह सोशल मीडिया पर प्रताड़ित किया गया था.

विराट और ट्रेविस हेड: पुरानी है यह टसल

यह पहली बार नहीं है जब विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच मैदान पर तल्खी देखी गई हो. इससे पहले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान भी ट्रेविस हेड के एक सेलिब्रेशन से विराट और उनके फैंस काफी नाराज थे. इसका एक बड़ा कारण यह भी है कि ट्रेविस हेड अक्सर भारत के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं. यही वजह है कि कुछ नासमझ फैंस अपनी भड़ास निकालने के लिए इस ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर को निशाना बनाते हैं. हालांकि, एक प्रोफेशनल खिलाड़ी के तौर पर शायद ट्रेविस हेड को इन बातों से फर्क न पड़े, लेकिन जब बात परिवार पर आती है, तो इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. आईपीएल के इस ताजा विवाद पर हेड की पत्नी ने तो अपनी प्रतिक्रिया दी है, लेकिन खुद इस ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने अभी तक चुप्पी साधी हुई है.

फैंस की जाहिलियत और यूथ आइकॉन विराट की जिम्मेदारी

इस बात में कोई दोराय नहीं है कि पूरी दुनिया में विराट कोहली को चाहने वालों की कमी नहीं है. वह एक ग्लोबल यूथ आइकॉन हैं और उनकी एक छोटी सी अपील भी करोड़ों लोगों को प्रभावित करती है. यही कारण है कि आज सोशल मीडिया के दौर में कई ऐसे ऑनलाइन ग्रुप्स बन गए हैं, जो विराट के समर्थन में किसी भी हद तक गुजर जाने को तैयार रहते हैं.

ऐसे में यह बड़ा सवाल उठता है कि क्या विराट कोहली सोशल मीडिया पर आकर अपने इन फैंस से मर्यादा में रहने की अपील नहीं कर सकते? क्या यह विराट की नैतिक जिम्मेदारी नहीं बनती कि वह उन फैंस को फटकारें जो किसी के परिवार को बीच में घसीटते हैं? अगर खुद विराट कोहली के परिवार पर कोई इस तरह की घटिया टिप्पणी करता, तो क्या वह चुप रहते?

मैदान पर ही खत्म होनी चाहिए लड़ाई

क्रिकेट के मैदान की जंग मैदान पर ही छूटना शोभा देती है, लेकिन इसे मैदान के बाहर खींचकर ले जाना सीधे तौर पर जाहिलपन है. विराट कोहली जैसे महान कद के खिलाड़ी के फैंस अगर ऐसा करते हैं, तो यह बेहद शर्मनाक है. यह खुद विराट की छवि को भी नुकसान पहुंचाता है. ऐसी घटिया हरकत करने वाले लोग असल में विराट कोहली के फैन कहलाने के लायक ही नहीं हैं.

आक्रामकता की कसौटी पर विराट का अतीत

विराट कोहली के फैंस ने ट्रेविस हेड की पत्नी पर जो भद्दे कमेंट्स किए, वह बेहद निंदनीय हैं, लेकिन खुद भारतीय दिग्गज का अतीत भी विवादों से अछूता नहीं रहा है. विराट ने मैदान पर अपनी अत्यधिक आक्रामकता के कारण अतीत में खूब सुर्खियां और बदनामी दोनों झेली हैं. हालांकि, पिछले कुछ समय से उनके व्यवहार में काफी बदलाव आया है और वह मैदान पर सौम्य नजर आए, लेकिन ट्रेविस हेड के साथ हुए इस हालिया विवाद ने विराट के पुराने आक्रामक अंदाज की यादें ताजा कर दी हैं.

ऑस्ट्रेलिया में फैंस को मिडिल फिंगर दिखाना हो, किसी युवा खिलाड़ी से कंधा टकराना हो या मैदान पर अपशब्द कहना, एक महान क्रिकेटर के तौर पर ये चीजें विराट के कद की चमक को थोड़ा फीका जरूर करती हैं. यही कारण है कि विराट कोहली खुद में कितना भी बदलाव ले आएं, लेकिन उनके अतीत के ये विवाद उनका पीछा आसानी से नहीं छोड़ने वाले.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article