मुल्लांपुर: वैभभ सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल जैसे युवा ओपनर्स के शानदार फॉर्म में होने के बावजूद राजस्थान रॉयल्स अपने पिछले चार में से तीन मैच हार चुकी है. ऐसे में 28 अप्रैल को उसके सामने पंजाब किंग्स का विजयी रथ रोकने का मुश्किल चुनौती होगी. ये मुकाबला वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या के बीच दिलचस्प लड़ाई के लिए भी याद रखा जाएगा. इसके अलावा यशस्वी जायसवाल और प्रभसिमरन सिंह की टक्कर भी देखने लायक होगी. ये चारों युवा सलामी बल्लेबाज भारतीय टी-20 टीम में ओपनिंग स्लॉट के प्रबल दावेदार हैं.
प्रियांश आर्या-प्रभसिमरन की जोड़ी धमाल मचा रही
पंजाब किंग्स की सात मैचों में छह जीत (एक मैच बारिश के कारण रद्द) प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की विस्फोटक सलामी जोड़ी की बदौलत संभव हो पाई हैं. इन दोनों ने दिल्ली के खिलाफ पावरप्ले में 116 रन बनाकर अपनी टीम को कोटला में रिकार्ड लक्ष्य हासिल करने में मदद की. उस मैच में पंजाब किंग्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई थी, लेकिन बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों और सीमा रेखा छोटी होने के कारण उन्हें ज्यादा दोषी नहीं ठहराया जा सकता.
वैभव-यशस्वी की जोड़ी छुड़ा देंगी छक्के
राजस्थान रॉयल्स ने टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन पहले चार मैच जीतने के बाद उसने अपनी लय खो दी है. युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन किया है. वैभव ने आठ पारियों में एक शतक के साथ 357 रन बनाए हैं तो यशस्वी जायसवाल आठ पारियों में 255 रन बना चुके हैं. राजस्थान के लिए उनके कप्तान रियान पराग का फॉर्म चिंता का सबब है, जो अभी तक आठ पारियों में केवल 88 रन ही बना पाए हैं.
जीत के रथ पर सवार पंजाब किंग्स
रिकी पोंटिंग के हेड कोच और श्रेयस अय्यर के कप्तान बनने के बाद से पंजाब किंग्स में नई ऊर्जा का संचार हुआ है. पिछले साल टीम चैंपियन बनने से चूक गई थी और उप विजेता रही थी और इस साल उसने शुरू से ही अच्छा प्रदर्शन किया है. श्रेयस अय्यर को भी चेस मास्टर कहा जाने लगा है. अय्यर की कप्तानी भी शानदार रही है. पंजाब किंग्स ने पिछले सत्र में आईपीएल के इतिहास के सबसे कम स्कोर का बचाव किया था और अब उसने नई दिल्ली में शनिवार को भीषण गर्मी के बावजूद रिकॉर्ड 265 रन के लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया था.
पंजाब किंग्स का स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह, मिचेल ओवेन, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसन, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विजयकुमार विशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शुइस, प्रवीण दुबे, विशाल निशाद, पाइला अविनाश और विष्णु विनोद.
राजस्थान रॉयल्स का स्क्वॉड: शुभम दुबे, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रियान पराग (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, संदीप शर्मा, युद्धवीर सिंह चरक, रवि बिश्नोई, अमन राव पेराला, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन, दासुन शनाका, सुशांत मिश्रा, विग्नेश मिश्रा पुथुर, रवि सिंह और ब्रिजेश शर्मा.
(एजेंसी से इनपुट के साथ)


