Last Updated:
Priyansh Arya smash 16 ball fifty: आईपीएल 2026 के 17वें मैच में पंजाब किंग्स के ओपनर बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से धूम मचा दी. सनराइजर्स के खिलाफ पारी की शुरुआत करते हुए प्रियांश ने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए सिर्फ 16 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर सबको चौंका दिया.
प्रियांश आर्य ने 16 गेंद में लगाई फिफ्टी
नई दिल्ली: पंजाब किंग्स के ओपनर बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बैटिंग से सनसनी मचा दी. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में प्रियांश ने धुआंधार खेल दिखाते हुए सिर्फ 16 गेंद में फिफ्टी लगाकर गेंदबाजों को दहला दिया. हालांकि, फिफ्टी पूरी होने के बाद प्रियांश ज्यादा देर तक क्रीज पर खड़े नहीं रह पाए. प्रियांश 20 गेंद में 57 रनों की पारी खेलकर आउट हुए. अपनी इस पारी में उन्होंने 5 छक्के और 5 चौके भी लगाए.
प्रियांश जब तक क्रीज रहे उन्होंने सनराइजर्स के खिलाफ सिर्फ छक्के और चौके में ही डील किया. आउट होने से पहले प्रियांश ने प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 92 रनों की पार्टनरशिप कर डाली. प्रियांश को सनराइजर्स के स्पिन गेंदबाज शिवांग कुमार ने अपने जाल में फंसाया और नीतीश कुमार रेड्डी के हाथों कैच आउट कराया.
सनराइजर्स बनाए मैच में 219 रन का स्कोर
न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स की टीम ने टॉस जीतने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था. सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए धमाकेदार शुरुआत की और पावर प्ले में ही स्कोर को 100 रन के पार पहुंचा दिया, लेकिन जैसे ही ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा का विकेट गिरा उसकी रफ्तार धीमी हो गई. इसकी वजह से सनराइजर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर के खेल में 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन ही बना पाई.
बल्लेबाजी में सनराइजर्स के लिए सबसे ज्यादा अभिषेक शर्मा ने 74 रन बनाए. अपनी इस पारी में अभिषेक ने 24 गेंद का सामना करते हुए 8 छक्के और 5 चौके भी जड़े. अभिषेक के अलावा सनराइजर्स की तरफ से हेनरी क्लासेन ने 33 गेंद में 39 रनों की पारी खेली, जबकि ट्रेविस हेड ने 23 गेंद में 38 रनों का योगदान दिया. इसके अलावा अनिकेत वर्मा ने भी 9 गेंद में 18 रनों की पारी खेली. वहीं गेंदबाजी में पंजाब की तरफ से अर्शदीप सिंह और शशांक सिंह के खाते में 2-2 विकेट आया, जबकि जेवियर बार्टलेट ने भी टीम के लिए 1 सफलता हासिल की.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें


