Last Updated:
Silver Cleaning Tips: चांदी के गहनों में तेज चमक होती है. लेकिन लंबे समय तक पहने रहने से इसका रंग फीका पड़ने लगता है. कई बार चांदी के गहने काले भी नजर आने लगते हैं. ऐसे में समय-समय पर इसकी सफाई बहुत जरूरी है. ऐसे में एल्युमिनियम फॉइल का क्लीनिंग ट्रिक बहुत कारगर साबित होता है. यहां जानें एल्युमिनियम फॉइल से चांदी कैसे साफ किया जाता है.
चांदी के गहने कुछ समय बाद अपनी चमक खो देते हैं. खासकर जब चांदी की पायल, अंगूठी, चेन या बिछिया लंबे समय तक इस्तेमाल की जाए, तो वे धीरे-धीरे काली दिखाई देने लगती हैं. दरअसल, चांदी के गहने हवा में मौजूद सल्फर के संपर्क में आने से धीरे-धीरे काले पड़ने लगते हैं. ऐसा होने पर उनकी सतह पर सिल्वर सल्फाइड की परत जम जाती है.
ऐसे में कई लोग इन्हें साफ करने के लिए बाजार में मिलने वाले महंगे सिल्वर क्लीनर या पॉलिश का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर में रखी एल्युमिनियम फॉइल की मदद से भी चांदी के गहनों की चमक वापस लाई जा सकती है? आइए जानते हैं इस आसान घरेलू तरीके को इस्तेमाल करने का सही तरीका.
गहने साफ करने के लिए जरूरी चीजें
– एल्युमिनियम फॉइल
– 1-2 चम्मच बेकिंग सोडा
– उबलता हुआ पानी
– गर्मी सहने वाला कांच या सिरेमिक का बर्तन
– मुलायम सूती कपड़ा
– डिशवॉश लिक्विड
चांदी के गहने साफ करने का तरीका
- सबसे पहले एक कांच या सिरेमिक का गर्मी सहने वाला बर्तन लें. इसके अंदर एल्युमिनियम फॉइल बिछाएं. ध्यान रखें कि फॉइल की चमकदार सतह ऊपर की तरफ हो.
- अब चांदी के गहनों को फॉइल के ऊपर रख दें. कोशिश करें कि गहने सीधे फॉइल के संपर्क में रहें.
- इसके बाद गहनों के ऊपर 1-2 चम्मच बेकिंग सोडा डालें. अब सावधानी से इतना उबलता हुआ पानी डालें कि गहने पूरी तरह डूब जाएं.
- गहनों को 5 से 10 मिनट तक पानी में रहने दें. इस दौरान हल्के बुलबुले दिखाई दे सकते हैं, जो रासायनिक प्रतिक्रिया का संकेत हैं.
- अब गहनों को सावधानी से बाहर निकालें और ठंडे पानी से धो लें. इसके बाद मुलायम कपड़े से अच्छी तरह सुखा लें. गहनों पर पानी की नमी बिल्कुल न रहने दें.
- अगर पहली बार में पूरी चमक वापस नहीं आती है, तो प्रक्रिया दोबारा दोहरा सकती हैं. आखिर में सिल्वर पॉलिशिंग कपड़े से हल्के हाथों से साफ करने पर गहने और चमकदार दिख सकते हैं.
किन चांदी के गहनों पर न करें इस्तेमाल?
यह तरीका मुख्य रूप से 925 स्टर्लिंग सिल्वर के ठोस गहनों के लिए बेहतर माना जाता है. सिल्वर प्लेटेड गहनों पर इसका इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे चांदी की पतली परत खराब हो सकती है. सोने की पॉलिश वाले चांदी के गहनों को भी इस प्रक्रिया से नुकसान पहुंच सकता है. इसके अलावा, मोती और गर्म पानी के प्रति संवेदनशील रत्नों वाले गहनों को इस तरह साफ करने से बचें.
About the Author
शारदा सिंह एक अनुभवी लाइफस्टाइल पत्रकार हैं, जिनके पास डिजिटल मीडिया और कंटेंट लेखन के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से…
