हैदराबाद: अपने शुरुआती चार मैचों में से तीन में हारने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने घरेलू मैदान पर शानदार वापसी की है. पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स को हराने के बाद अब हैदराबाद का अगला शिकार चेन्नई सुपरकिंग्स है. दोनों टीम के बीच शनिवार को शाम साढ़े सात बजे राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टक्कर होनी है. कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन अपने इस अभियान को जारी रखने की पूरी कोशिश करेंगे.
प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन का ड्रीम डेब्यू
अनुभवी गेंदबाज हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट की जगह टीम में शामिल किए गए इस युवा जोड़ी ने आते ही शानदार प्रदर्शन किया और पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स का स्कोर पहले तीन ओवरों के अंदर ही पांच विकेट पर नौ रन कर दिया, इससे रॉयल्स को इस सत्र की पहली हार का सामना करना पड़ा. विदर्भ के 24 वर्षीय तेज गेंदबाज हिंगे ने शुरू में वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस जैसे बल्लेबाजों को आउट किया, उन्होंने चार ओवर में 34 रन देकर चार विकेट लिए. बिहार के रहने वाले 21 वर्षीय हुसैन ने भी अपने पदार्पण मैच में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने बीच के ओवरों में अपनी विविधता पूर्ण गेंदबाजी से प्रभावित किया और चार विकेट लिए जिससे राजस्थान 216 रन का पीछा करते हुए 159 रन पर आउट हो गया. इन दोनों युवा गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से सनराइजर्स के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिली है.
सिर्फ एक बदलाव कर लल्लनटॉप हो जाएगी CSK?
चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही. सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के बल्ले से रन नहीं आ रहे. वह इस सीजन में बुरी तरह जूझ रहे हैं. अब तक पांच मैच में उनका उच्चतम स्कोर 28 रन है. संजू सैमसन के टी-20 विश्व कप वाली फॉर्म में वापसी करने से सीएसके को कुछ राहत मिली है, उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद शतक जड़ा. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत में 48 रन बनाए. गायकवाड़ के फॉर्म में न होने के कारण सीएसके उन्हें मध्यक्रम में भेजने और युवा आयुष म्हात्रे को पारी के शुरुआत करने के लिए भेजने पर विचार कर सकता है. आयुष ने अपनी पिछली चार पारियों में दो अर्धशतक लगाकर प्रभावित किया है.
धोनी की कमी, खलील टूर्नामेंट से बाहर
पांच बार की चैंपियन सीएसके की टीम ने लगातार दो मैच जीतकर अच्छी वापसी की है, उसकी तरफ से अभी तक महेंद्र सिंह धोनी ने कोई मैच नहीं खेला है, लेकिन उनके अगले मैच तक फिट होने की संभावना है. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद केकेआर के खिलाफ मैच के दौरान जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं जो सीएसके के लिए करारा झटका है. धोनी और नाथन एलिस की कमी पहले से ही खल रही है और अब सीएसके को अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण में फेरबदल करना होगा. खलील की जगह लेने के लिए उसके पास रामकृष्ण घोष के रूप में एक और विकल्प हैं.
सनराइजर्स हैदराबाद का स्क्वॉड: ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अमित कुमार, सलिल अरोड़ा, ब्रायडन कार्स, पैट कमिंस, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, ट्रैविस हेड, प्रफुल्ल हिंगे, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, ईशान मलिंगा, कामिंदु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, डेविड पायने, साकिब हुसैन, शिवम मावी, शिवांग कुमार, रविचंद्रन स्मरण, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, अनिकेत वर्मा, जीशान अंसारी
चेन्नई सुपर किंग्स का स्क्वॉड: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, नूर अहमद, अकील हुसैन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैकरी फॉल्क्स, स्पेंसर जॉनसन, रामकृष्ण घोष और मुकेश चौधरी.
(एजेंसी से इनपुट के साथ)


