UP Chunav 2027 LIVE: ‘अखिलेश यादव हमारी गर्दन पर सिर रखकर CM बनना चाहते हैं तो यह नहीं होगा’, भड़के इमरान मसूद

Date:


UP Chunav 2027 LIVE: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत तेज हो गई है. दोनों दलों के नेता सीट बंटवारे को लेकर लगातार चर्चा कर रहे हैं. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग की शुरुआत जीतने वाली पहली 26 सीटों से हुई है. उन्होंने कहा कि मिलजुलकर और समझदारी से बातचीत आगे बढ़ेगी.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने बताया कि दोनों दलों के बीच बैठक करीब साढ़े तीन घंटे चली. इसमें सीटों के बंटवारे के साथ प्रदेश के राजनीतिक हालात पर भी चर्चा हुई. उन्होंने दावा किया कि ज्यादातर सीटों पर सहमति बन गई है. जल्द ही अगली बैठक होगी और गठबंधन के साथ सीटों का ऐलान किया जाएगा. मोना ने कहा कि दोनों दल सम्मानजनक समझौता चाहते हैं और 2027 में मिलकर सरकार बनाना उनका लक्ष्य है.

यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने साफ किया कि कांग्रेस 100 से कम सीटों पर समझौता नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि अगली एक-दो बैठकों में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया जा सकता है. बातचीत सकारात्मक माहौल में चल रही है. कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने भी गठबंधन होने का भरोसा जताया. उनके मुताबिक, करीब 200 सीटों पर चर्चा पूरी हो चुकी है और अगले दो-चार दिनों में बाकी सीटों पर भी मंथन हो जाएगा. उन्होंने कहा कि दिसंबर में चुनाव प्रचार शुरू हो जाएगा.

सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत अभी खत्म नहीं हुई है, बल्कि शुरू हुई है. उन्होंने बताया कि चर्चा 26 सीटों से आगे बढ़ी है, लेकिन सीटों के बंटवारे की समयसीमा बताना अभी संभव नहीं है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी कहा कि दोनों दलों के बीच सीट-दर-सीट चर्चा हुई है. उन्होंने उम्मीद जताई कि दो-तीन दिनों में बातचीत के नतीजे सामने आ सकते हैं. मसूद के मुताबिक, दोनों दलों के बीच खटास आने की गुंजाइश कम है.

November 25, 202614:15 IST

यूपी चुनाव 2027 लाइव: अखिलेश यादव को कांग्रेस का दो टूक जवाब, राजेंद्र पाल गौतम बोले- 100 से कम सीटें मंजूर नहीं

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर तकरार बढ़ती जा रही है. कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने अखिलेश यादव को जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी पार्टी खत्म करके समझौता नहीं करेगी. उन्होंने सपा के 26 सीटों के ऑफर पर कहा कि अभी बातचीत चल रही है और कांग्रेस ने कोई सीट स्वीकार नहीं की है. गौतम ने बातचीत के बीच सपा के पांच उम्मीदवार घोषित करने को गैरजिम्मेदाराना व्यवहार बताया. उन्होंने कहा कि सहारनपुर में सपा के विधायक हैं तो कांग्रेस का भी सांसद है. गौतम ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ट्रिपल डिजिट यानी 100 से अधिक सीटों की मांग पर कायम है.

November 25, 202614:01 IST

UP Chunav 2027 LIVE: सपा-कांग्रेस गठबंधन पर दानिश आजाद अंसारी का हमला, बोले- एकता का दिखावा बेनकाब

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान पर यूपी सरकार के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच एकता का दिखावा अब बेनकाब हो गया है. दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर खींचतान भी सार्वजनिक हो चुकी है. दानिश ने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए गठबंधन का दिखावा कर रही हैं. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता 2027 में फिर से मोदी-योगी की डबल इंजन सरकार लाने का मन बना चुकी है. उन्होंने कहा कि बीजेपी मोदी और योगी सरकार के कामकाज और जनता के भरोसे के आधार पर चुनाव लड़ेगी.

November 25, 202613:22 IST

UP Chunav 2027 LIVE: सपा-कांग्रेस गठबंधन पर मंत्री नरेंद्र कश्यप का तंज, बोले- बातचीत के बीच उम्मीदवार घोषित करना ठीक नहीं

उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग की बातचीत के दौरान सपा के पांच उम्मीदवार घोषित करने पर सियासत तेज हो गई है. यूपी सरकार में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत चल रही है, वहीं दूसरी तरफ सपा ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी. इससे साफ है कि गठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन की शर्तें तय होने से पहले उम्मीदवार घोषित करने से बचना राजनीतिक समझदारी होती. कश्यप ने सपा पर गठबंधन सहयोगियों का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाते हुए इसे पार्टी का घमंड और असली चरित्र बताया.

November 25, 202611:27 IST

यूपी इलेक्शन 2027 लाइव: कांग्रेस को धोखा, PDA खत्म; SP की 5 सीटों की लिस्ट पर राजभर का तीखा हमला

कांग्रेस-समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे की चर्चा पर उत्तर प्रदेश के मंत्री ओपी राजभर ने सपा पर तीखा प्रहार किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने गठबंधन धर्म नहीं निभाया और कांग्रेस को धोखा दिया. राजभर के मुताबिक, सपा की पांच उम्मीदवारों की सूची से दो बड़े संकेत मिले हैं पहला, कांग्रेस पर दबाव बनाना और दूसरा, चंद्रशेखर आज़ाद व असदुद्दीन ओवैसी की संभावित गोलबंदी के बीच मुस्लिम वोटों को ओवैसी के पाले में जाने से रोकना. इमरान मसूद के ‘भीख न मांगने’ वाले बयान का जिक्र करते हुए राजभर ने कहा कि सपा ने उनके ही खेमे में सूची जारी कर सीधा जवाब दिया है. उनके अनुसार, इससे PDA की राजनीति खत्म हो गई है और अखिलेश यादव को चंद्रशेखर व ओवैसी का डर सता रहा है.

November 25, 202610:54 IST

UP Election 2027 LIVE: सपा के उम्मीदवार घोषित करने पर इमरान मसूद बोले- पार्टी अपने फैसले लेने के लिए आजाद है

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है. इस बीच सपा की ओर से पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की प्रतिक्रिया आई है. लखनऊ में उन्होंने कहा कि यह समाजवादी पार्टी का अपना फैसला है. पार्टी अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र है और उसे ऐसा करने का पूरा अधिकार है. मसूद ने कहा कि वह न तो सपा के फैसलों पर टिप्पणी करने के लिए अधिकृत हैं और न ही समाजवादी पार्टी की तरफ से बोलने की स्थिति में हैं. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर सहमति नहीं बन पाई है.

November 25, 202610:12 IST

UP Election 2027 LIVE: सपा-कांग्रेस गठबंधन पर रामजीलाल सुमन बोले- सीटों की मांग के साथ ठोस वजह भी होनी चाहिए

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है. इस बीच सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि कांग्रेस का सीटें मांगना गलत नहीं है, लेकिन उसकी मांग के पीछे ठोस वजह होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि गठबंधन कुछ मानकों और जमीनी हकीकत के आधार पर चलते हैं. बातचीत सकारात्मक रही है और आगे भी जारी रहेगी. सुमन ने दावा किया कि यूपी के लोग बीजेपी को हराने के लिए तैयार हैं. इस बार चुनाव पुराने मुद्दों के बजाय आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं पर लड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जनता का भरोसा तोड़ा है और 2027 में जातिगत समीकरण भी बदल सकते हैं.

November 25, 202609:32 IST

यूपी चुनाव 2027 लाइव: संविधान दिवस पर बीजेपी का विशेष अभियान, सांसद शैक्षणिक संस्थानों में करेंगे जनसंवाद

संविधान दिवस के मौके पर बीजेपी 26 से 29 नवंबर तक विशेष अभियान चलाएगी. इसके तहत पार्टी के सांसदों को शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी दी गई है. सांसद विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ संविधान पर संवाद करेंगे और संगोष्ठियों में हिस्सा लेंगे. अभियान के दौरान बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी. सांसदों को कार्यक्रमों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं. बीजेपी इस संगठनात्मक अभियान के जरिए युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक करने और शैक्षणिक संस्थानों तक अपनी पहुंच बढ़ाने की तैयारी में है.

November 25, 202609:30 IST

UP Vidhan Sabha Chunav 2027 LIVE: यूपी में बीजेपी का सामाजिक संपर्क अभियान आज से

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने सामाजिक संपर्क अभियान की शुरुआत की है. इसके तहत उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर आज से दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों को भोजन के लिए आमंत्रित किया गया है. इस पहल के जरिए पार्टी अलग-अलग सामाजिक समूहों के लोगों से संवाद करेगी.

November 25, 202608:53 IST

UP Chunav 2027 LIVE: अखिलेश की PDA प्रहरियों से अपील, बोले- एक भी फर्जी वोट जुड़े नहीं और सही वोट घटे नहीं

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेशभर के PDA प्रहरियों से निर्वाचन आयोग की गतिविधियों पर नजर रखने और सबूत जुटाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कन्नौज ही नहीं, पूरे प्रदेश के PDA प्रहरी मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर नजर रखें. अखिलेश ने इसके लिए नारा दिया, ‘एक भी फर्जी वोट जुड़े नहीं, एक भी सही वोट घटे नहीं.’ EVM पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनता कैसे विश्वास करे, क्योंकि ‘हाथी के दांत दिखाने के और होते हैं और खाने के और.’ उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए चंडीगढ़ का जिक्र किया और कहा कि जनता उसकी ‘चंडीगढ़ी चाल’ से परिचित है.

November 25, 202608:44 IST

UP Election 2027 LIVE: 26 नवंबर को घोषणापत्र जारी कर सकती है सपा

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी अपना चुनावी घोषणापत्र तैयार कर रही है. पार्टी 26 नवंबर यानी संविधान दिवस के मौके पर अखिलेश यादव के हाथों केंद्रीय घोषणापत्र जारी करा सकती है. इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम दिया गया है. सपा का फोकस महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों पर रहेगा. पार्टी घोषणापत्र के जरिए PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को आर्थिक और सामाजिक भरोसे से जोड़ने की तैयारी में है. इसके अलावा हर जिले की स्थानीय जरूरतों और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अलग घोषणापत्र भी तैयार किया जा रहा है. आरक्षण और सामाजिक न्याय इसके प्रमुख मुद्दे होंगे.

November 25, 202608:01 IST

UP Chunav 2027 LIVE: 27 नवंबर को हो सकती है यूपी चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर सपा-कांग्रेस की तीसरी मीटिंग

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर बातचीत जारी है. दो दौर की बैठक के बाद भी सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई है. अब 27 नवंबर को दोनों दलों के बीच तीसरी मीटिंग हो सकती है. इस बीच अखिलेश यादव की ओर से सीटों की लिस्ट जारी किए जाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. सवाल है कि क्या इस लिस्ट के जरिए कांग्रेस पर दबाव बनाने की कोशिश की गई है?

November 25, 202607:48 IST

यूपी इलेक्शन 2027 लाइव: सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे पर ओपी राजभर का तंज, बोले- पहले 26, फिर 25 और 22 सीटों की आएगी लिस्ट

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी बातचीत पर मंत्री ओपी राजभर ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव को वह अच्छी तरह जानते हैं. अभी कांग्रेस को 26 सीटें देने की बात सामने आई है, लेकिन आगे एक और बैठक होगी. इसके बाद 25 और फिर 22 सीटों की सूची आ सकती है. राजभर ने कहा कि दोनों दलों के नेता जब एक साथ बैठेंगे, तभी सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला होगा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर बातें उल्टी करते हैं और उनके शोर मचाने से कोई फर्क नहीं पड़ता.

November 25, 202607:48 IST

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 लाइव: यूपी चुनाव लड़ेगी शिवसेना, प्रवक्ता आनंद दुबे बोले- बालासाहेब ठाकरे का सपना पूरा कर रहे शिंदे

उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने के शिवसेना के फैसले पर पार्टी प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि यह बालासाहेब ठाकरे के सपने और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने की कोशिश है. उन्होंने कहा कि बालासाहेब का सपना था कि पार्टी का विस्तार पूरे देश में हो, ताकि वह लोगों की सेवा कर सके. उनका सिद्धांत 80 फीसदी समाज सेवा और 20 फीसदी राजनीति का था. दुबे ने कहा कि एकनाथ शिंदे और श्रीकांत शिंदे इसी विचार को आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के लोग भी शिवसेना से चुनाव लड़ने और उनकी सेवा करने की उम्मीद कर रहे हैं. दुबे ने कहा कि शिवसेना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित उत्तर प्रदेश के सपने को पूरा करने में योगदान देना चाहती है.

November 25, 202607:47 IST

यूपी चुनाव 2027 लाइव: तनुज पुनिया का BJP पर हमला, बोले- लोग संविधान को लेकर उसका इतिहास जानते हैं

कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने संविधान दिवस पर भाजपा के कार्यक्रम को लेकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितने मार्च निकाल ले और जनता को अपनी बात समझाने की कोशिश करे, लेकिन लोग 1949 से उसका इतिहास जानते हैं. पुनिया ने आरोप लगाया कि आरएसएस और हिंदू महासभा जैसे संगठनों ने संविधान की प्रतियां जलाई थीं और डॉ. भीमराव अंबेडकर के अंतिम संस्कार के जुलूस निकाले थे. उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेता बार-बार संविधान बदलने की बात करते रहे हैं. पुनिया ने कहा कि कांग्रेस और INDIA ब्लॉक की पार्टियां कन्याकुमारी से कश्मीर तक संविधान और उसके मूल्यों की रक्षा के लिए लड़ रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का रवैया अब जनता के सामने है.

November 25, 202606:49 IST

UP Vidhan Sabha Chunav 2027 LIVE: यूपी चुनाव नहीं लड़ेगी कॉकरोच जनता पार्टी, किसी दल को समर्थन भी नहीं देगी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संयोजक अभिजीत दीपके ने मंगलवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी और न ही किसी राजनीतिक दल को समर्थन देगी. छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव जाति और धर्म के बजाय युवाओं के मुद्दों पर केंद्रित होने चाहिए. दीपके ने कहा कि दुनिया आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और नवीकरणीय ऊर्जा पर चर्चा कर रही है, जबकि भारत में अब भी जाति और धर्म के नाम पर चुनाव होते हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजनीति में रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए. कॉजपा यह नहीं बताएगी कि किसे सरकार बनानी चाहिए और किसे नहीं.

November 25, 202605:31 IST

UP Chunav 2027 LIVE:संजीव बालियान का आजम खान पर हमला, ‘मुजफ्फरनगर दंगों का भूत आज भी कर रहा पीछा’

भाजपा नेता संजीव बालियान ने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर सपा नेता आजम खान पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि दंगों से प्रभावित परिवारों की पीड़ा के लिए आजम खान जिम्मेदार हैं. बालियान ने कहा कि दंगों का भूत आज भी उनका पीछा कर रहा है. उन्होंने दावा किया कि दंगों के बाद 6,250 लोगों पर मुकदमे दर्ज हुए और हजारों को जेल भेजा गया, जिनमें ज्यादातर हिंदू थे. बालियान ने आजम खान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई मानने से इनकार किया और इसे उनके अपने कामों का नतीजा बताया. उन्होंने आजम खान को पिछली सपा सरकार का ‘सुपर मुख्यमंत्री’ बताते हुए सत्ता के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया.

November 25, 202605:30 IST

UP Election 2027 LIVE: अखिलेश ने दोहराया, ‘जीतने की क्षमता होगी सीट बंटवारे का आधार’

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है. सीटों का आवंटन उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाएगा. रामगोपाल यादव के 26 सीटों की पेशकश वाले बयान पर उन्होंने कहा कि अभी बातचीत के नतीजे पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी. हालांकि, उन्होंने एक्स पर लिखा कि जीतने वाली पहली 26 सीटों से शुरुआत हुई है और बातचीत समझदारी से आगे बढ़ेगी. अखिलेश ने कहा कि गठबंधन का मकसद चुनाव जीतना है. इसके लिए सभी दलों को मिलकर काम करना और एक-दूसरे को समायोजित करना होगा. उन्होंने कहा कि सपा सहयोगियों को साथ लेकर चलने को तैयार है.



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related