हर व्यक्ति चाहता है कि उसके जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे और परिवार खुशहाल जीवन व्यतीत करे. इसके लिए लोग कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन कई बार अथक प्रयासों के बावजूद आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं हो पाती. बता दें कि वास्तु शास्त्र के अनुसार इसका एक कारण घर में मौजूद वास्तुदोष भी हो सकता है.
दरअसल, घर का प्रत्येक हिस्सा ऊर्जा का केंद्र माना जाता है और यदि किसी स्थान का वास्तु संतुलित न हो तो उसका प्रभाव परिवार के स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है. वहीं, वास्तु शास्त्र में बाथरूम को ऐसा स्थान माना गया है, जहां नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक होता है. यदि बाथरूम सही दिशा में न बना हो या वहां कुछ अशुभ वस्तुएं रखी हों, तो घर में नकारात्मकता बढ़ सकती है.
बाथरूम में क्या न रखें
इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि बाथरूम में रखी कुछ सामान्य वस्तुएं भी वास्तुदोष का कारण बन सकती हैं. यदि इन्हें समय रहते हटा दिया जाए तो घर की सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि बनी रह सकती है.
पंडित दीपलाल जयपुरी के अनुसार, बाथरूम में कभी भी टूटी हुई चप्पल नहीं रखनी चाहिए, क्योंकि फटी या घिसी चप्पलें नकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करती हैं. इसी प्रकार टूटा हुआ शीशा भी वास्तुदोष का कारण माना जाता है और यह मानसिक तनाव के साथ-साथ आर्थिक परेशानियों को बढ़ा सकता है.
उन्होंने कहा कि वास्तु शास्त्र में खाली बाल्टी रखना भी अशुभ माना गया है, क्योंकि मान्यता है कि खाली बाल्टी दुर्भाग्य को आमंत्रित करती है. यदि बाल्टी में पानी भरकर रखना संभव न हो, तो उसे उल्टा करके रखना बेहतर माना जाता है. इसके अलावा, यदि बाथरूम के नल से लगातार पानी टपकता रहे तो यह धन हानि का संकेत माना जाता है और ऐसे में नल की तुरंत मरम्मत करवा लेनी चाहिए.
गीले कपड़ों को लंबे समय तक बाथरूम में न छोड़े
उन्होंने कहा कि गीले कपड़ों को लंबे समय तक बाथरूम में छोड़ना सूर्य दोष का कारण बन सकता है. इसी प्रकार नहाने के बाद कपड़ों को धोकर तुरंत सुखाने के लिए डाल देना चाहिए. साथ ही बाथरूम की नाली या फर्श पर पड़े टूटे हुए बाल भी दरिद्रता और शनि-मंगल दोष से जोड़े जाते हैं, इसलिए नियमित सफाई करना आवश्यक है.
उन्होंने बताया कि वास्तु शास्त्र के अनुसार बाथरूम में पौधे रखना भी हर स्थिति में शुभ नहीं माना जाता. यदि कोई व्यक्ति सजावट के लिए पौधे रखना चाहता है, तो पहले किसी अनुभवी वास्तु विशेषज्ञ से सलाह जरूर लेनी चाहिए. ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी का कहना है कि बाथरूम को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और दोषमुक्त रखना न केवल वास्तु की दृष्टि से लाभकारी है, बल्कि इससे घर में सकारात्मक वातावरण और सुख-समृद्धि भी बनी रहती है.


