Uttar Pradesh Assembly Elections Updates: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के साथ ही चुनाव आयोग भी अपनी तैयारियों दुरुस्त करने में जुटा है. वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण से लेकर नए गठबंधन तक, चुनावी तैयारियां शुरू हो गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां कौशल विकास को युवाओं के भविष्य की नींव बताया, वहीं असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की मुलाकात ने नए सियासी समीकरणों को चर्चा में ला दिया है.
चुनाव आयोग मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत 22 नवंबर को विशेष अभियान चलाएगा. सुबह 10 से शाम 4 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर BLO मौजूद रहेंगे. मतदाता अपना और परिवार के सदस्यों का नाम सूची में जांच सकेंगे. नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा. दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अंतिम तारीख 16 दिसंबर है. 28 और 29 नवंबर को भी विशेष अभियान चलेंगे.
लखनऊ में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 52 प्रतिभागियों को सम्मानित किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा 2047 के आत्मनिर्भर भारत की ताकत बनेंगे. उन्होंने बताया कि यूपी में 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण और सात लाख से ज्यादा को नौकरी मिली है. 2026 के रोजगार मेलों में 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला.
उधर, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सहारनपुर में चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात की. दोनों ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के तहत चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. ओवैसी ने कहा कि गठबंधन की सरकार बनने पर चंद्रशेखर मुख्यमंत्री होंगे. दोनों नेताओं ने मस्जिद ध्वस्तीकरण मामले में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग भी की.
November 22, 202615:45 IST
UP Chunav News Live: अखिलेश यादव बोले- सपा सरकार बनी तो बंद स्कूल फिर खोले जाएंगे
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि उन्होंने मुश्किल वक्त में कभी किसी का साथ नहीं छोड़ा. मदद मांगने आने वाले हर व्यक्ति के लिए उन्होंने अपनी क्षमता के मुताबिक काम किया. अखिलेश ने कहा कि आज हम उनके बताए रास्ते पर चलने और समाज, प्रदेश व देश की तरक्की के लिए काम करने का संकल्प लेते हैं. अखिलेश यादव ने अभिनव स्कूल का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि इस स्कूल को सपा सरकार में मॉडल स्कूल के तौर पर विकसित किया गया था. पहला मॉडल स्कूल सैफई और लखनऊ में बनाया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में स्कूल की स्थिति सुधरने के बजाय बिगड़ी है. अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर बंद किए गए स्कूल फिर से खोले जाएंगे.
November 22, 202615:39 IST
यूपी चुनाव अपडेट्स LIVE: केशव मौर्य का अखिलेश पर पलटवार, बोले- सपा वाले अब ‘राधे-राधे’ से भी घबराने लगे
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ‘राधे-राधे’ नारे को लेकर BJP और सपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपाई पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन हैं. उन्होंने कहा कि अयोध्या में जय श्रीराम और ब्रज में राधे-राधे गूंजता है. वहीं, अखिलेश यादव ने BJP के ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारे पर तंज कसते हुए कहा था कि इसका मतलब पार्टी की विदाई है. BJP ने 16-17 नवंबर को मथुरा में चिंतन शिविर के दौरान यह नारा दिया था. मौर्य ने दावा किया कि 2027 में यूपी में फिर कमल खिलेगा.
November 22, 202612:51 IST
UP Elections Live Updates: पंकज चौधरी बोले- छूटे समर्थकों के नाम जुड़वाएगी BJP, घुसपैठियों के नाम हटवाने का भी दावा
लखनऊ में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SSR) की प्रक्रिया जारी है. 17 नवंबर को नई मतदाता सूची प्रकाशित की गई है. चुनाव आयोग के अभियान के तहत 17 नवंबर से 17 दिसंबर तक काम चल रहा है. चौधरी ने बताया कि बीजेपी ने 22, 23 और 24 नवंबर को विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है. पार्टी कार्यकर्ता फॉर्म-6 भरकर छूटे हुए समर्थकों और सहयोगियों के नाम जुड़वाएंगे. वहीं, उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची में शामिल घुसपैठियों के नाम फॉर्म-7 के जरिए हटवाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर चुनाव आयोग के अभियान में सहयोग कर रहे हैं.
November 22, 202612:43 IST
UP Assembly Elections 2027: संजय निषाद बोले- गरीबों के हिस्से पर कब्जा कर रहे अमीर बने लोग
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री संजय कुमार निषाद ने कहा कि उनका मकसद समाज के सबसे निचले तबके को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि संविधान की व्यवस्था के तहत अमीरों से मिलने वाले टैक्स का इस्तेमाल गरीबों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा और समान अवसर देने में होना चाहिए. लेकिन कुछ लोग गरीबी से अमीर बनने के बाद भी खुद को गरीब बताकर जरूरतमंदों के लिए बने संसाधनों का लाभ उठा रहे हैं. निषाद ने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों की वजह से वास्तविक गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पा रहा है.
November 22, 202611:38 IST
UP Elections Updates Live: इसरार अहमद का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- मुसलमानों की पीठ में छुरा भोंक रही सपा
AIMIM के पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर मुस्लिम समाज की अनदेखी करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अखिलेश ने पिछले 4-5 साल में अपने बयानों में मुसलमानों का नाम तक नहीं लिया. आजम खान के मामले में भी सपा की भूमिका पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि AIMIM ने उनके लिए ज्यादा आवाज उठाई. इसरार ने कहा कि यूपी का मुसलमान अब सपा का पुलाव नहीं, हैदराबादी बिरयानी खा रहा है. उन्होंने आजाद समाज पार्टी और AIMIM के गठबंधन को दलित-मुस्लिम समीकरण से जोड़ते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. साथ ही अखिलेश पर हिंदुत्व कार्ड खेलने का आरोप लगाया.
November 22, 202610:55 IST
UP Election News Live: पंकज चौधरी बोले- 2027 में फिर जीतेगी कानून की लाठी और डिजिटल क्रांति का लैपटॉप
उत्तर प्रदेश BJP अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. उन्होंने लैपटॉप और टैबलेट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ का प्रतीक बताया. चौधरी ने कहा कि भारत का UPI दुनियाभर में अपनी पहचान बना रहा है. देश की डिजिटल क्रांति कई देशों के लिए भविष्य का रोडमैप बन गई है. उन्होंने लिखा कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में 2027 में कानून की लाठी और डिजिटल क्रांति का लैपटॉप एक बार फिर जीत हासिल करेंगे.
लाठी कमजोरों का सहारा है
अन्याय के ख़िलाफ हुंकार है
और न्याय की ताकत भी है…
फर्क सिर्फ़ इतना है कि
लाठी कानून के हाथों में होनी चाहिए,
उपद्रवियों और उत्पातियों के हाथों में नहीं
लाठी बापू के हाथों में भी थी
जो अन्याय, अत्याचार और अराजकता के खिलाफ भारत के संघर्ष और आत्मबल का प्रतीक बनी।
लैपटॉप और टैबलेट आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘डिजिटल इंडिया’ का प्रतीक है, जिसकी वजह से भारतीय UPI का दुनिया में डंका बज रहा है। देश की ‘डिजिटल क्रांति’ कई देशों के भविष्य का रोडमैप बन चुकी है।
नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में कानून की लाठी और डिजिटल क्रांति का लैपटॉप दोनों 2027 में फिर से जीतेंगे…
— Pankaj Chaudhary (@mppchaudhary) November 22, 2026
November 22, 202609:58 IST
UP Chunav Updates: राजीव राय बोले- सवाल सीटों का नहीं, जीत का है; अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना रुख साफ किया है. सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी स्पष्ट कर चुके हैं कि सवाल सीटों का नहीं, जीत का है. गठबंधन में इस बात पर चर्चा हो रही है कि मिलकर किन सीटों पर जीत हासिल की जा सकती है. वहीं, अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर राजीव राय ने BJP पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम ने चंदा, चढ़ावे और मंदिर की जमीन से जुड़े कथित घोटालों का पर्दाफाश किया है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भगवान राम का आशीर्वाद लेने और सच्चाई सामने आने पर धन्यवाद देने अयोध्या जाएंगे.
November 22, 202609:39 IST
UP Poll Updates Live: ओवैसी का आजम खान को जवाब, बोले- मुद्दा बिरयानी नहीं, लोगों की जान और न्याय है
सहारनपुर में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी नेता आजम खान के ‘हैदराबादी बिरयानी’ वाले बयान पर पलटवार किया. 2027 यूपी विधानसभा चुनाव के लिए AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन के बीच ओवैसी ने कहा कि असली मुद्दा खाना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना और उन्हें न्याय दिलाना है. उन्होंने उत्तर प्रदेश में पुलिस एनकाउंटर और कथित हाफ एनकाउंटर का मुद्दा उठाया. साथ ही मस्जिदों और मदरसों पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. ओवैसी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज खत्म हो रहा है और लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है.
November 22, 202609:23 IST
UP Election News LIVE: अयोध्या पहुंचे CM मोहन यादव, रामलला के दर्शन कर लिया आशीर्वाद
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की और भगवान राम का आशीर्वाद लिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेना उनका सौभाग्य है. सरयू नदी के तट पर बसी अयोध्या को उन्होंने सात पवित्र नगरों में से एक बताया. मोहन यादव ने कहा कि अयोध्या वह पवित्र भूमि है, जहां भगवान राम की दिव्य लीलाएं हुईं. सनातन संस्कृति में भगवान श्रीराम के जीवन को हर घर में मनाया जाता है. उन्होंने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं.
November 22, 202609:22 IST
UP Chunav News Live: रामजी लाल सुमन का ओवैसी पर हमला, बोले- तीसरा मोर्चा बनाने की कोशिश बेकार
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने असदुद्दीन ओवैसी के तीसरे मोर्चे की कोशिश पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ओवैसी बड़ी गलतफहमी में हैं. तीसरा मोर्चा बनाने की कोशिश बेकार और बेमतलब साबित होगी. सुमन ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के मतदाता BJP को हराना चाहते हैं और समाजवादी पार्टी ही ऐसा करने में सक्षम है. उन्होंने कहा कि सभी समान विचारधारा वाली धर्मनिरपेक्ष पार्टियों को सपा का समर्थन करना चाहिए. उनके मुताबिक, तीसरा मोर्चा बनाने वाले अनजाने में BJP की मदद कर रहे हैं. सुमन ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी सरकार बनाएगी और अब मतदाता वोटों का बंटवारा नहीं होने देंगे.
November 22, 202607:33 IST
यूपी चुनाव अपडेट्स LIVE: संजय सिंह का BJP पर हमला, बोले- यूपी के लोग सरकार को हराने का काम करेंगे
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मऊ के मधुबन विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और चुनावी रणनीति पर चर्चा की. उन्होंने अखिलेश यादव से मुलाकात को पारिवारिक निमंत्रण से जुड़ा बताया. संजय सिंह ने BJP सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में 27 हजार सरकारी स्कूल बंद किए गए और इतनी ही मधुशालाएं खोली गईं. उन्होंने स्कूल, बिजली, पानी और सरकारी नौकरियों के मुद्दे भी उठाए. मोहन सेतु के निर्माण में देरी और एक्सप्रेसवे में गड्ढों को लेकर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यूपी के लोग परेशान हैं और मौजूदा सरकार को हराने के लिए वोट करेंगे. गोरखपुर में बच्चे की मौत के मामले पर भी उन्होंने सवाल उठाए.
November 22, 202607:32 IST
Uttar Pradesh Assembly Election Updates: अखिलेश यादव बोले- गठबंधन पर बातचीत जारी, BJP को हटाना ही जीत का लक्ष्य
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगामी चुनावों में गठबंधन की संभावनाओं पर कहा कि विपक्षी दलों के बीच बातचीत अभी जारी है. उन्होंने कहा कि अंतिम मकसद चुनाव जीतना और उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र व संविधान की रक्षा करना है. इसके लिए BJP को सत्ता से हटाना जरूरी है. AAP सांसद संजय सिंह से मुलाकात पर अखिलेश ने कहा कि यह दोनों के बीच निजी बातचीत थी. अखिलेश ने BJP सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा प्रशासन में व्यवस्थाएं खत्म हो गई हैं. उन्होंने लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए विपक्षी दलों से साथ आने और समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की अपील की.
