Last Updated:
India-Russia FTA : भारत और रूस सामरिक और व्यापारिक रूप से हमेशा से ही अच्छे साझेदार रहे हैं और अब यह साझेदारी नए आयाम पर पहुंचने वाली है. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने संकेत दिया है कि भारत और रूस जल्द ही मुक्त व्यापार समझौते पर आगे बढ़ सकते हैं. पिछले वित्तवर्ष में दोनों देशों का कारोबार 59 अरब डॉलर के आसपास रहा था, जो एफटीए के बाद काफी ज्यादा बढ़ने का अनुमान है.
रूस और भारत के बीच जल्द ही मुक्त व्यापार समझौते पर मुहर लग सकती है.
नई दिल्ली. भारत और रूस की दोस्ती पहले से ही दुनिया के लिए मिसाल बनी हुई है. बीते कई दशक से दोनों देशों के बीच कारोबारी और सामरिक संबंध काफी मजबूत हुए हैं और अब इन संबंधों के नए सिरे से परवान चढ़ने के संकेत मिलने लगे हैं. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि भारत एक प्रमुख बाजार है और रूस इन संभावनाओं से जुड़ने के लिए जल्द ही भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता कर सकता है.
रूसी राष्ट्रपति का यह संकेत ऐसे में सामने आया है, जबकि अमेरिका के साथ भारत का मुक्त व्यापार समझौता लगभग पूरा होने की स्थिति में है. चीन के शेन्जेन में एपीईसी शिखर सम्मेलन के दौरान पुतिन ने कहा कि भारत और रूस के नेतृत्व वाले यूरेशियन इकनॉमिक यूनियन (EAEU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते की प्रक्रिया को तेज करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि भारत एक प्रमुख बाजार है, जिसके साथ मॉस्को एफटीए करना चाहता है.
पीएम मोदी से हो चुकी है बातचीत
इसी साल सितंबर महीने में पीएम मोदी और पुतिन की मुलाकात हुई थी. तब भी दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर सहमति को लेकर बातचीत हुई थी. पुतिन ने कहा कि दुनिया का केंद्र तेजी से बदल रहा है और अब एशिया-प्रशांत क्षेत्र पूरे दुनिया की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ा रहा है. बीते तीन साल में रूस के मौजूदा व्यापार समझौतों के दायरे में आने वाला बाजार तीन गुना बढ़ चुका है. पहले यह 18.5 करोड़ लोगों के बाजार तक सीमित था, जो अब 57 करोड़ लोगों के बाजार तक पहुंच चुका है.
किन देशों के साथ समझौतों से फायदा
रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और मंगोलिया के साथ हुए व्यापारिक समझौतों से कारोबार बढ़ाने में मदद मिली है. इंडोनेशिया के साथ भी रूस एफटीए पर विचार कर रहा है. भारत और ईएईयू ने पिछले साल एफटीए पर बातचीत शुरू करने के लिए टर्म ऑफ रेफरेंस पर हस्ताक्षर भी किए थे. भारत और रूस कई सेक्टर में साझा प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने पर विचार कर रहे हैं. इसमें मेटल, इंजीनियरिंग, रेलवे, एयरोनॉटिक्स, खनिज, एग्री और तकनीक व एआई प्रमुख रूप से शामिल हैं.
भारत-रूस का कितना कारोबार
भारत और रूस के बीच कारोबार लगातार बढ़ रहा है. 2025-26 में दोनों देशों के बीच कुल कारोबार करीब 59.86 अरब डॉलर था, जो भारतीय रुपये में 5.5 लाख करोड़ बैठता है. हालांकि, रूस के साथ भारत का व्यापार घाटा भी काफी है. भारत से निर्यात करीब 5 अरब डॉलर रहा है, जबकि आयात करीब 55 अरब डॉलर का था. इससे साफ पता चलता है कि करीब 50 अरब डॉलर का व्यापार घाटा भारत को हो रहा है, लेकिन एफटीए के बाद भारत का निर्यात भी बढ़ने का अनुमान है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
