Last Updated:
IMD Forecast UP: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड में 47.6 डिग्री तापमान है. हाल ये है कि लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं. गर्मी के कहर से हर कोई परेशान है. अस्पतालों में जगह नहीं बच रही है इतने ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं.
बुंदेलखंड में गर्मी से परेशान लोग.
बुंदेलखंड: उत्तर प्रदेश में बुंदेलखंड इस वक्त आग उगलती गर्मी की चपेट में है. सूरज की तपिश ने ऐसा कहर बरपाया कि पांच वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया. बुंदेलखंड का बांदा जिला प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान बांदा में 47. 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पूरा शहर मानो धधकती भट्ठी में तब्दील हो गया. वहीं हमीरपुर में भी 45 डिग्री से अधिक तापमान देखने को मिला है. सुबह होते ही सूरज के तेवर इतने तल्ख हो गए कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया. सुबह नौ बजे से चल रही गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसाना शुरू कर दिया.
दोपहर तक सड़कें सूनी नजर आईं… बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग छांव और ठंडे पानी की तलाश करते दिखाई दिए. स्कूली बच्चे भी स्कूल आते जाते कपड़े से मुंह ढककर निकलते नजर आ रहे है. दोपहर दो बजे के बाद तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच गया. गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों की हालत बिगाड़ दी. हवा में नमी केवल 18 प्रतिशत रहने से हालात और ज्यादा खतरनाक हो गए. भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर अस्पतालों में देखने को मिला. बांदा के ट्रॉमा सेंटर में डायरिया के 40 से ज्यादा मरीज भर्ती कराए गए. 29 बेड वाला ट्रॉमा सेंटर मरीजों से भर गया… जिसके बाद बरामदों में बेड और बेंच लगाकर इलाज करना पड़ा.
अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी लाइनें लगी रहीं. डॉक्टरों के मुताबिक तेज धूप, लू और शरीर में पानी की कमी की वजह से उल्टी-दस्त और डायरिया के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं. ट्रॉमा सेंटर फुल हो चुका है. मरीजों को स्पेशल वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है. लोगों को धूप से बचने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी जा रही है.
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी दी है. ऐसे में प्रशासन और डॉक्टरों ने लोगों से बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है. फिलहाल बांदा में आसमान से बरस रही आग ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है और लोग अब बारिश या मौसम बदलने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं लोग लस्सी पेयजल का प्रयोग करते नजर आ रहे है. घरों से निकलते समय ही लोग अपने हाथ मे बोतल लेकर निकलते है. हालांकि हमीरपुर की बात की जाए तो जिला प्रशासन ने एडवाजरी जारी की है. जरूरत होने पर ही घरो से निकलने की अपील की है. नगर पालिका से जगह जगह घड़े रखवाए गए है. अस्पतालों में भी ओआरएस का घोल दिया जा रहा है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें


