Last Updated:
Riyan Parag Statement: सनराइजर्स हैदराबाद से मिली हार के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग का मानना है कि गेंदबाजी और बल्लेबाजी में टीम ने अच्छा काम किया, लेकिन कैच छोड़ना भारी पड़ा. उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को अगर आप ‘दूसरा मौका’ देंगे, तो वे मैच छीन लेंगे. रियान ने यह भी कहा कि टीम अगले मैच से पहले प्रैक्टिस सेशन में अपनी फील्डिंग सुधारने पर सबसे ज्यादा ध्यान देगी.
हार के बाद क्या बोले रियान पराग?
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इस सीजन की तीसरी हार के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने माना कि टीम को मुकाबले में कैच छोड़ना काफी महंगा पड़ा. जयपुर के सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में आरआर से मिले 229 रनों के लक्ष्य को एसआरएच ने 5 विकेट खोकर 18.3 ओवर में हासिल कर लिया. यह सनराइजर्स हैदराबाद की इस सीजन की पांचवीं जीत है. घरेलू मैदान पर टीम की हार पर रियान पराग ने क्या कुछ कहा. चलिए आपको बताते हैं…
रियान ने कहा, ‘स्किल के हिसाब से हमने काफी अच्छा किया. हालांकि, हमने कैच छोड़े, जो हमें भारी पड़ा. अभिषेक जैसे शानदार खिलाड़ी के आप कैच नहीं छोड़ सकते हैं. यह देखने लायक होगा. यह गेम का एक हिस्सा है. हमें क्लिनिकल होना होगा और फील्डिंग एक बड़ा रोल निभाती है. हम अगले मैच में मानसिक तौर पर तरोताजा होकर वापस आएंगे.’
रियान पराग ने माना कैच छोड़ना टीम पर पड़ा भारी.
उन्होंने आगे कहा, ‘सच कहूं तो, उन्होंने 18वें और 19वें ओवर में अच्छी गेंदबाजी की और शानदार यॉर्कर फेंके. हम 10-15 रन और बनाना चाहते थे. वे दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज (ईशान और अभिषेक) थे और मुझे लगा कि मेरे और फरेरा के पास विकेट लेने का बेहतर चांस था, विकेट में स्पिन गेंदबाजों के लिए मदद नहीं थी. असल में चीजें प्लान के मुताबिक नहीं रही, लेकिन अगली बार भी ऐसा ही करेंगे.’
बैटिंग को लेकर क्या बोले?
रियान पराग से जब पूछा गया कि क्या वह 228 रन के स्कोर से खुश थे? इस पर उन्होंने कहा, ‘देखिए, मुझे लगता है कि हमने 10-15 रन कम बनाए. सच कहूं तो, विपक्षी टीम ने 18वें और 19वें ओवर में बहुत अच्छी गेंदबाजी की. उन्होंने बेहतरीन यॉर्कर डालीं, जिसकी वजह से हम ज्यादा कुछ नहीं कर पाए, लेकिन अगर सब कुछ सही रहता, तो हम 15 रन और बनाना पसंद करते.’
राजस्थान के कप्तान ने पंजाब किंग्स के खिलाफ अगले मुकाबले को लेकर कहा, ‘हर दिन अलग मैदान और अलग तरह का मैच होता है, इसलिए हमारी रणनीति भी बदलती रहती है. अभी हमें नहीं पता कि चंडीगढ़ की पिच कैसी होगी. पंजाब ने दिल्ली में बड़ा लक्ष्य हासिल कर लिया, यह सच है, लेकिन चंडीगढ़ एक नया मैदान है, वहां की पिच और मिट्टी अलग होगी. उम्मीद है कि वहां इतना बड़ा स्कोर नहीं बनेगा. हम उन्हें कम स्कोर पर रोकना चाहेंगे, लेकिन अभी हमें थोड़ा समय चाहिए ताकि हम आराम कर सकें, इस मैच के बारे में सोचें और फिर आगे बढ़ें.’
वैभव के शतक पर भरी पड़ी ईशान-अभिषेक की पारी
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 228 रन लगाए. टीम की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली. वैभव ने 37 गेंदों में 103 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल ने 51 रनों का योगदान दिया. हालांकि, एसआरएच ने लक्ष्य को 9 गेंदें रहते हासिल कर लिया. एसआरएच की तरफ से अभिषेक शर्मा ने 29 गेंदों में 57 रन बनाए. वहीं, ईशान किशन ने 31 गेंदों में 74 रनों की दमदार पारी खेली. हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंदों में 29 रन बनाए, तो नीतीश कुमार रेड्डी ने 18 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 36 रन बनाए.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें


