Last Updated:
Inspirational Success Story Of charak kumar: आंध्र प्रदेश के चरक कुमार ने जलेबी का ठेला लगाकर सोशल वर्क में पीएचडी की डिग्री हासिल की है. आचार्य नागार्जुन यूनिवर्सिटी से प्रोफेसर एम. त्रिमूर्ति राव के मार्गदर्शन में उन्होंने गुंटूर के रेहड़ी-पटरी वालों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर शोध किया. ठेले से पढ़ाई का खर्च निकालने वाले चरक कुमार अब अपने नाम के आगे ‘डॉक्टर’ लगा रहे हैं और 3 अन्य लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं.
Hyderabad: अगर मन में कुछ कर गुजरने का पक्का इरादा और जुनून हो, तो गरीबी या कोई भी मुश्किल आपका रास्ता नहीं रोक सकती. इस बात को आंध्र प्रदेश के रहने वाले चरक कुमार ने सच साबित कर दिखाया है. एक समय सड़क किनारे पेट भरने के लिए जलेबी का ठेला चलाने वाले चरक कुमार ने अपनी कड़ी मेहनत, अटूट संघर्ष और लगन की बदौलत सोशल वर्क (समाज कार्य) में पीएचडी की प्रतिष्ठित डिग्री हासिल कर ली है. अब वह अपने नाम के आगे गर्व से ‘डॉक्टर’ लिख रहे हैं. उनकी यह प्रेरणादायक जीवन यात्रा हर युवा के लिए एक मिसाल बन गई है.
चरक कुमार का यह सफर काफी मुश्किलों और चुनौतियों भरा रहा. उन्होंने बताया कि शुरुआत में आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने दूसरों के पास जाकर जलेबी बनाने का काम सीखा. जब वह इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे थे, तब उन्होंने अपनी आजीविका और पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए खुद का जलेबी का ठेला लगाना शुरू किया. दिनभर ठेले पर गर्म-गर्म जलेबियां तलना और देर रात किताबों के साथ वक्त बिताना, यही उनका रोज का नियम बन गया था. उन्होंने किसी के आगे हाथ फैलाने के बजाय अपनी मेहनत की कमाई से ही इंटर, ग्रेजुएशन और फिर पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.
आचार्य नागार्जुन यूनिवर्सिटी से पूरा किया रिसर्च वर्क
मास्टर्स डिग्री पूरी करने के बाद भी चरक कुमार का शिक्षा के प्रति जुनून कम नहीं हुआ. उन्होंने आगे बढ़कर उच्च शिक्षा के लिए रिसर्च एंट्रेंस टेस्ट पास किया और आचार्य नागार्जुन यूनिवर्सिटी के सोशल वर्क विभाग में रिसर्च स्कॉलर के रूप में दाखिला लिया. उन्होंने प्रोफेसर एम. त्रिमूर्ति राव के कुशल मार्गदर्शन में अपना शोध (पीएचडी) पूरा किया. उनके शोध का विषय भी उनके खुद के जीवन के काफी करीब था. उन्होंने गुंटूर शहर के स्ट्रीट वेंडर्स यानी रेहड़ी-पटरी वालों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति पर बेहद विस्तृत अध्ययन किया.
स्ट्रीट वेंडर्स के अधिकारों और शिक्षा पर दिया जोर
अपनी रिसर्च के दौरान चरक कुमार ने पाया कि सड़कों पर दुकान लगाने वाले अधिकांश जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं, कानूनी अधिकारों और ‘स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट 2014’ की ठीक से जानकारी नहीं है. वे बेहद कम कमाई और कठिन हालात में अपना जीवन गुजारते हैं. चरक कुमार का मानना है कि समाज को रेहड़ी-पटरी वालों को हमेशा सम्मान की नजर से देखना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्ट्रीट वेंडर्स के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलनी चाहिए ताकि वे भी समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें.
तीन अन्य युवाओं को दे रहे हैं रोजगार
चरक कुमार न सिर्फ खुद शिक्षित होकर सफल हुए हैं, बल्कि वह अपनी उसी जलेबी की दुकान के जरिए तीन अन्य जरूरतमंद युवाओं को रोजगार भी दे रहे हैं. पीएचडी की डिग्री प्राप्त करने के बाद भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि यदि उनके माता-पिता आज जीवित होते, तो उनकी इस सफलता पर सबसे ज्यादा खुश होते. चरक कुमार की यह सफलता साबित करती है कि शिक्षा और ईमानदारी की मेहनत के दम पर कोई भी इंसान अपनी किस्मत बदल सकता है.
About the Author
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with News18 Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
