Last Updated:
IPL 2026 KKR vs GT: केेकेआर के खिलाफ हाई स्कोरिंग मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 29 रनों से हार मिली. हालांकि, लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने अच्छी बल्लेबाजी की थी, लेकिन उससे पहले टीम के खिलाड़ियों ने फील्डिंग में बहुत ही निराश किया. इसके कारण मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल फील्डिंग को लेकर काफी दुखी नजर आए.
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल
नई दिल्ली: शनिवार को ईडन गार्डन्स में खेले गए आईपीएल 2026 के मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस को 29 रनों से हरा दिया. इस जीत के साथ ही केकेआर अब प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है. कोलकाता ने गुजरात के लगातार पांच मैच जीतने के सिलसिले को भी तोड़ा. मैच में भले ही गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने जुझारू पारी खेली, लेकिन 248 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस 4 विकेट पर 218 रन ही बना सकी. गुजरात की तरफ से गिल ने सबसे ज्यादा 49 गेंदों में 85 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और सात छक्के शामिल थे.
केकेआर के खिलाफ मिली हार के बाद गुजरात के कप्तान अपनी बॉलिंग और फील्डिंग से काफी निराश नजर आए. मैच के बाद उन्होंने कहा, “पिच को देखते हुए 200-210 का स्कोर बराबरी का स्कोर था, लेकिन हमने बहुत सारे कैच छोड़ दिए. पिच अच्छी थी, एकाध गेंद रुककर आ रही थी, लेकिन मुझे लगता है कि हमने इस स्कोर तक पहुंचने के लिए अच्छी बल्लेबाजी की. कोई चिंता की बात नहीं है, बस हमारी फील्डिंग काफी बेहतर हो सकती थी. हमारा एक अपना स्तर है और ऐसे में 3 बिल्कुल आसान कैच छोड़ना, हम यह मैच जीतना डिजर्व ही नहीं करते थे.”
केकेआर के लिए फिन एलन और रघुवंशी ने किया कमाल
इससे पहले कोलकाता ने फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी और कैमरून ग्रीन के शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन की बदौलत 2 विकेट पर 247 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. एलन ने सिर्फ 35 गेंदों में 93 रनों की तूफानी पारी खेलकर कोलकाता को तेज शुरुआत दी थी.
इसके बाद रघुवंशी ने 44 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाए, जबकि ग्रीन ने 28 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाकर कोलकाता को 250 रनों के करीब पहुंचाया. अपनी इस पारी के दौरान कोलकाता को गुजरात टाइटंस की खराब फील्डिंग का भी काफी फायदा मिला. मैच में खराब फील्डिंग के अलावा गुजरात गेंदबाजी का स्तर भी काफी नीचे था, जिसके कारण केकेआर बल्लेबाजों ने खूब चौके-छक्के उड़ाए.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


