Last Updated:
DDA Karmyogi Awas Yojna : दिल्ली विकास प्राधिकरण ने सरकारी कर्मचारियों और रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए कर्मयोगी आवास योजना शुरू की है. इसमें 26 मार्च से आवेदन किया जा सकेगा और खरीदारों को 1, 2 और 3 बीएचके फ्लैट दिए जाएंगे. यह सभी फ्लैट्स 25 फीसदी डिस्काउंट पर बेचे जाएंगे.
डीडीए की कर्मयोगी आवास योजना में 26 मार्च से अप्लाई कर सकते हैं.
नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली में आप भी सस्ते घर का सपना देख रहे हैं तो दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) इसे हकीकत बना सकता है. डीडीए ने राम नवमी के अवसर पर कर्मयोगी आवास योजना शुरू की है. इस योजना में रिटायर्ड और मौजूदा सरकारी कर्मचारियों को ही आवेदन का मौका दिया जाएगा. इस योजना में 26 मार्च से ही अप्लाई किया जा सकता है. डीडीए इस योजना के तहत अपने फ्लैट को डिस्काउंट पर बेचने की तैयारी में है.
डीडीए की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, कर्मयोगी आवास योजना में केंद्र या राज्य सरकार के कर्मचारियों के अलावा सरकारी बैंकों और कंपनियों, विश्वविद्यालयों और स्वायत्त संस्थाओं में काम करने वालों को भी आवेदन का मौका दिया जाएगा. इतना ही नहीं रिटायर हो चुके कर्मचारी भी इस योजना में अप्लाई कर सकते हैं, लेकिन आम लोगों के यह योजना नहीं है. डीडीए के यह फ्लैट दिल्ली के नरेला इलाके में स्थित पॉकेट 6 में बने हैं.
कितने फ्लैट बेचेगा डीडीए
कर्मयोगी आवास योजना के तहत डीडीए ने 936 फ्लैट बिक्री के लिए पेश किए हैं. योजना के तहत 1, 2 और 3 बीएचके फ्लैट बेचे जाएंगे, जिसमें सबसे ज्यादा संख्या 2बीएचके फ्लैट्स की है. डीडीए ने 1बीएचके वाले 256 फ्लैट्स को बिक्री के लिए पेश किया है, जबकि 2बीएचके फ्लैट्स की संख्या 448 है और 3बीएचके फ्लैट्स 232 हैं. यह योजना पूरी तरह पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर लॉन्च की गई. सभी प्रॉपर्टी रेडी टू मूव और फ्री होल्ड हैं.
कितना डिस्काउंट और कीमत
डीडीए ने सभी तरह के फ्लैट्स पर सीधा 25 फीसदी डिस्काउंट देने की बात कही है. डीडीए ने 1बीएचके फ्लैट की कीमत डिस्काउंट के बाद 63.51 लाख रुपये रखी है, जबकि 2बीएचके फ्लैट की कीमत 75.60 लाख रुपये रखी गई है. इसके अलावा 3बीएचके फ्लैट की कीमत 1.06 करोड़ रुपये रखी गई है. यह सारी कीमत 25 फीसदी डिस्काउंट के बाद रखी गई है. डीडीए की इस योजना में 26 मार्च की दोपहर 12 बजे के बाद से अप्लाई होना शुरू हो जाएगा.
फ्लैट की कीमत में ही पार्किंग भी
डीडीए की इस योजना की सबसे खास बात ये है कि इस बार पार्किंग के लिए अलग से पैसे नहीं लिए जाएंगे, बल्कि फ्लैट की कीमत में ही पार्किंग का मूल्य भी शामिल होगा. डीडीए ने अपने विज्ञापन में बताया है कि नरेला एजुकेशन हब के रूप में डेवलप हो रहा है, जबकि यह मेट्रो से भी सीधी तरह कनेक्टेड है. इस योजना में बेचे जा रहे फ्लैट में काफी बड़ी बालकनी दी जा रही है और कम्युनिटी सेंटर व क्लब हाउस जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी. योजना में आवेदन करने वालों के लिए डीडीए ने सैंपल फ्लैट भी तैयार रखा है, जो भी चाहें यहां जाकर देख सकते हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें





