नई दिल्ली. पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच भारत सरकार ने देश में ऊर्जा आपूर्ति, समुद्री संचालन और विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर ताज़ा जानकारी जारी की है. सरकार ने भरोसा दिलाया है कि देश में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है और सभी आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं.
ईंधन और गैस की स्थिति सामान्य
सरकार के अनुसार देशभर के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीज़ल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई भी सामान्य बनी हुई है और बीते दिन 54 लाख से ज्यादा घरेलू सिलेंडर डिलीवर किए गए. वहीं, कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति बढ़ाकर अब संकट से पहले के स्तर के 70% तक कर दी गई है. कुछ जगहों पर अफवाहों के कारण लोगों ने ज्यादा खरीदारी की, लेकिन सरकार ने स्पष्ट किया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और सभी जगह पर्याप्त स्टॉक मौजूद है.
सरकार के बड़े कदम
सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपये प्रति लीटर घटाई है. साथ ही, देश में उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डीज़ल और एटीएफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) के निर्यात पर अतिरिक्त शुल्क लगाया गया है. प्राकृतिक गैस (PNG/CNG) की सप्लाई को प्राथमिकता दी जा रही है और इसके नेटवर्क को तेजी से बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.
राज्यों को सख्त निर्देश
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को रोज़ाना प्रेस ब्रीफिंग करने, अफवाहों पर रोक लगाने और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं. अब तक 14 राज्य/केंद्र शासित प्रदेश रोज़ाना ब्रीफिंग कर रहे हैं.
सख्त कार्रवाई जारी
देशभर में करीब 2900 छापेमारी की गई है और 1700 से ज्यादा एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं. साथ ही, कई डीलरों को नोटिस भी जारी किए गए हैं.
समुद्री और बंदरगाह संचालन सामान्य
भारत के सभी बंदरगाहों पर कामकाज सामान्य रूप से जारी है और कहीं भी भीड़ या रुकावट नहीं है. अब तक 938 से ज्यादा भारतीय नाविकों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है.
विदेशों से भारतीयों की वापसी जारी
सरकार ने बताया कि अब तक करीब 5 लाख भारतीय पश्चिम एशिया से वापस आ चुके हैं अलग-अलग देशों से विशेष उड़ानों के जरिए लोगों को सुरक्षित लाया जा रहा है. कई देशों में एयरस्पेस बंद होने के बावजूद वैकल्पिक रास्तों से यात्रा कराई जा रही है.
सरकार की अपील
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें और ऊर्जा की बचत करें. साथ ही, एलपीजी बुकिंग के लिए डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. सरकार ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.





