4.4 C
Munich

Aaj ka Mausam Live | Weather News LIVE| 60 KM की स्पीड से आंधी-तूफान, बिहार वाले रहे सावधान, इन राज्यों में होगी बारिश, यूपी-दिल्ली पर भी IMD का अलर्ट

Must read


Today’s Weather News Live: देशभर में अब सूरज का प्रकोप बढ़ने लगा है. देश के लगभग सारे राज्य इन दिनों भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से जूझ रहे हैं.ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही चल रहा है, जहां प्रयागराज सोमवार को 44.4 डिग्री पारे के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से मंगलवार 21 अप्रैल के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, आज देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग मौसम देखने को मिलेगा. एक ओर पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान करेगी. इसके अलावा कई राज्यों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की भी संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग के अनुसार, इस समय कई सक्रिय मौसम प्रणालियां देश के ऊपर प्रभाव डाल रही हैं. जम्मू-कश्मीर के ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ, राजस्थान, असम और अन्य क्षेत्रों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) और दक्षिण भारत तक फैली ट्रफ लाइन के कारण मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है. इसके साथ ही उत्तरी भारत के ऊपर 110 नॉट की रफ्तार वाली सबट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है, जो मौसम को और अधिक प्रभावित कर रही है.

पूर्वोत्तर भारत: भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर राज्यों में 21 अप्रैल को मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा. अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में भी भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.

इन राज्यों में तेज हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका भी जताई गई है.

कहां-कहां आंधी-तूफान का अलर्ट?

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. एक तरफ बिहार में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है, वहीं दूसरी तरफ लू भी लोगों को परेशान करेगी.

उधर झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी लू की स्थिति बनी रहेगी. ओडिशा में 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. हालांकि, इसके बावजूद तापमान में खास गिरावट नहीं होगी और उमस भरी गर्मी बनी रहेगी.

दिल्ली में खूब सताएगी गर्मी

राजधानी दिल्ली में अगले पांच दिनों तक गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है. आईएमडी के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, जिससे तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच जाएगा. इसके चलते दिल्ली के कई इलाकों में हीटवेव (लू) की स्थिति बन सकती है.

दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है. रात के समय भी राहत मिलने की संभावना कम है, क्योंकि ‘वॉर्म नाइट’ कंडीशन बनी रह सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.

यूपी में लू, उत्तराखंड में बारिश

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 23 अप्रैल के आसपास हीटवेव की स्थिति बन सकती है. दिन का तापमान तेजी से बढ़ेगा, जिससे गर्मी का असर और तीखा हो जाएगा.

वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहेगा. 23 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण यहां हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को कुछ राहत मिलेगी.

बिहार में तेज आंधी का अलर्ट

बिहार में 21 अप्रैल को मौसम काफी उथल-पुथल भरा रहेगा. एक ओर जहां तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में लू का भी असर रहेगा. हवा की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने की आशंका है.

A girl runs through a water sprinkler on a hot summer day in New Delhi, India, May 6, 2024. REUTERS/Anushree Fadnavis

झारखंड में भी 20 से 22 अप्रैल के बीच लू चलने की संभावना है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है. हालांकि, इससे गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और उमस बनी रह सकती है.

एमपी-छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक के साथ बारिश

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 21 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी इसी तरह का मौसम देखने को मिल सकता है.

गुजरात में फिलहाल तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 24 अप्रैल के बाद तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. हालांकि, इसके साथ ही उमस भरी गर्मी भी बनी रहेगी. केरल और तटीय आंध्र प्रदेश में ‘हॉट एंड ह्यूमिड’ कंडीशन लोगों को परेशान कर सकती है.

क्या कहते हैं मौसम विशेषज्ञ?

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समय देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण यह असामान्य स्थिति बनी हुई है. जहां एक तरफ बारिश और आंधी-तूफान हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ तापमान भी लगातार बढ़ रहा है.
सावधानी जरूरी

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम के अनुसार सतर्क रहें. तेज आंधी और बिजली के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें और लू के दौरान धूप में निकलने से बचें. खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.

मौसम पूर्वानुमान की खास बातें…

देश में कहां वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, कहां साइक्लोनिक सर्कुलेशन?
इस वक्त देशभर में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं. जम्मू-कश्मीर के ऊपर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, राजस्थान, असम और महाराष्ट्र क्षेत्र में अलग-अलग साइक्लोनिक सर्कुलेशन, साथ ही उत्तर भारत में सब-ट्रॉपिकल वेस्टर्ली जेट स्ट्रीम सक्रिय है. इसके अलावा 23 अप्रैल से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी असर दिखाएगा.

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का मतलब क्या?
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक मौसमी सिस्टम होता है, जो भूमध्य सागर क्षेत्र से उठकर पश्चिमी हवाओं के साथ भारत के उत्तर-पश्चिम हिस्सों तक पहुंचता है. इसकी वजह से तापमान में गिरावट आती है और कभी-कभी तेज हवाएं, आंधी या ओलावृष्टि भी होती है। यह भारत की रबी फसलों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है.

साइक्लोनिक सर्कुलेशन क्या होता है?
साइक्लोनिक सर्कुलेशन वायुमंडल में कम दबाव (लो प्रेशर) के आसपास बनने वाली हवा की गोलाकार गति को कहा जाता है. इसमें हवाएं केंद्र की ओर घूमते हुए ऊपर की तरफ उठती हैं, जिससे बादल बनते हैं और बारिश या आंधी-तूफान की स्थिति पैदा होती है. यह सिस्टम मौसम को अस्थिर बनाता है और कई बार भारी बारिश, तेज हवाएं या बिजली गिरने जैसी घटनाएं करा सकता है.

कहां-कहां लू का खतरा है?
बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में 20 से 24 अप्रैल के बीच लू चलने की संभावना है.

क्या कहीं तेज आंधी या तूफान की चेतावनी है?
बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में 50-70 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है.

क्या भारी बारिश की चेतावनी भी जारी हुई है?
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

तापमान में क्या बदलाव देखने को मिलेगा?
उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 3-4°C तक बढ़ सकता है, जबकि मध्य और पूर्वी भारत में धीरे-धीरे 2-3°C की बढ़ोतरी होगी.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article