Last Updated:
Cooler Sales Increase April in Month: गर्मियों की आहट के साथ ही बाजारों में रौनक लौट आई है और इस बार कूलर की डिमांड ने सीजन की शुरुआत में ही रफ्तार पकड़ ली है. अप्रैल के महीने में तापमान अभी बहुत ज्यादा नहीं बढ़ा है, लेकिन फिर भी लोग आने वाली भीषण गर्मी से निपटने के लिए पहले ही तैयारी कर रहे हैं. मार्केट में 3 हजार से लेकर 15 हजार रुपये तक के बजट वाले कूलर ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं. हाई-टेक फीचर्स जैसे रिमोट कंट्रोल और इनवर्टर सपोर्ट के साथ बाजार में आए नए मॉडल्स मध्यम वर्गीय परिवारों को अपनी ओर खींच रहे हैं.
सुलतानपुर: सर्दी का मौसम अब पूरी तरह विदा ले चुका है और धीरे-धीरे सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं. अप्रैल के महीने में हालांकि अभी उतनी तपिश महसूस नहीं हो रही है, लेकिन तापमान में हो रही लगातार बढ़ोतरी ने कूलर बाजार में जान फूंक दी है. लोग चिलचिलाती गर्मी आने से पहले ही अपने घरों को ठंडा रखने के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं. दुकानदार और ग्राहक दोनों ही इस बार कूलर की नई वैरायटी और तकनीक को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं.
अप्रैल में ही बढ़ने लगी बिक्री की रफ्तार
दुकानदार आर्यन अग्रहरि ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि अप्रैल के महीने में भले ही पारा बहुत ऊपर न गया हो, लेकिन कूलर की डिमांड में अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. उनके मुताबिक, वर्तमान में उनकी दुकान से प्रतिदिन 5 से 6 कूलर की बिक्री सामान्य रूप से हो रही है. जैसे-जैसे दिन चढ़ रहा है और गर्मी बढ़ रही है, ग्राहकों की संख्या में भी इजाफा होता जा रहा है. व्यापारी उम्मीद जता रहे हैं कि मई और जून के महीनों में यह डिमांड अपने चरम पर होगी.
हर बजट के लिए बेहतरीन विकल्प
बाजार में इस समय हर वर्ग के ग्राहकों के लिए कूलर उपलब्ध हैं. कीमत की बात करें तो छोटे पोर्टेबल कूलर से लेकर बड़े डेजर्ट कूलर तक की रेंज 3 हजार रुपये से शुरू होकर 15 हजार रुपये तक जाती है. खासकर मध्यम वर्गीय परिवारों में कूलर की मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है, क्योंकि यह AC के मुकाबले कम खर्च में बेहतर ठंडक प्रदान करता है. कूलर खरीदने आए ग्राहक लवकुश ने बताया कि उन्होंने अपने घर की जरूरत के हिसाब से लिवप्योर कंपनी का मॉडल चुना है, जो बजट और क्वालिटी दोनों में फिट बैठता है.
आधुनिक फीचर्स वाले कूलरों का बढ़ा क्रेज
दुकानदार ने आगे बताया कि इस बार बाजार में सिर्फ साधारण कूलर ही नहीं, बल्कि आधुनिक फीचर्स से लैस मॉडल भी खूब बिक रहे हैं. अब ग्राहकों को रिमोट कंट्रोल से चलने वाले, इनवर्टर सपोर्ट और हाई एयर थ्रो (तेज हवा) वाले कूलर काफी पसंद आ रहे हैं. इसके अलावा, ऐसे मॉडल्स की मांग अधिक है जो कम पानी की खपत में ज्यादा देर तक कूलिंग दे सकें. ब्रांडेड कंपनियों के साथ-साथ लोकल मार्केट में तैयार मजबूत बॉडी वाले कूलर भी अपनी पकड़ बनाए हुए हैं.
टिकाऊ और किफायती तकनीक पर जोर
ग्राहक अब केवल दिखावे पर नहीं, बल्कि मजबूती पर भी ध्यान दे रहे हैं. हनीकॉम्ब पैड्स और जंग न लगने वाली फाइबर बॉडी वाले कूलर इस सीजन के ट्रेंड में हैं. दुकानदार ने बताया कि लोग खरीदारी करते समय इस बात का ध्यान रख रहे हैं कि कूलर लंबे समय तक चले और बिजली की बचत भी करे.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें


