20.7 C
Munich

DC vs PBKS IPL 2026: आईपीएल में पहली बार चेज हुआ 264 रन, पंजाब किंग्स ने वर्ल्ड रिकॉर्ड

Must read


नई दिल्ली. आईपीएल के इतिहास में जब भी असंभव कारनामों की बात होगी, पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हुआ यह मुकाबला स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा. क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्ड बनते ही हैं टूटने के लिए, लेकिन 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करना किसी चमत्कार से कम नहीं था. पंजाब किंग्स ने न केवल इस विशाल लक्ष्य को हासिल किया, बल्कि आईपीएल इतिहास का सबसे सफल रन-चेस कर दुनिया को हैरान कर दिया.  आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब इतना बड़ा स्कोर चेज हुआ है. इससे पहले पंजाब ने ही केकेआर के खिलाफ 262 रन का स्कोर पहले चेज किया था. यह टी20 क्रिकेट में भी सबसे बड़ा रन चेज है.

पंजाब किंग्स के इरादे कुछ और ही थे. 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने पहली गेंद से ही ‘आर-पार’ की जंग शुरू कर दी. प्रियांश आर्या (Priyansh Arya) ने 43 रनों की तेज शुरुआत दी, तो दूसरी ओर प्रभसिमरन सिंह ने दिल्ली के स्पिनर्स पर कहर बरपाते हुए मात्र 26 गेंदों में 76 रन कूट डाले. मध्यक्रम में कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और 71 रनों की नाबाद कप्तानी पारी खेलकर जीत की नींव पक्की की. नेहल वढेरा और शशांक सिंह के उपयोगी योगदान की बदौलत पंजाब ने यह ऐतिहासिक लक्ष्य महज 18.5 ओवरों में ही हासिल कर लिया.  यह मैच केवल चौकों-छक्कों की बारिश नहीं था, बल्कि टी-20 क्रिकेट के बदलते स्वरूप की गवाही थी. पंजाब किंग्स की 6 विकेट से यह जीत साबित करती है कि आधुनिक क्रिकेट में अब कोई भी स्कोर सुरक्षित नहीं है. 14.07 के अविश्वसनीय रन रेट के साथ पंजाब ने वह कर दिखाया जो अब तक लीग के इतिहास में कभी नहीं हुआ था.

दिल्ली की ओर से दिए गए 265 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने 6.5 ओवर में 126 रन जोड़ लिए थे. प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की ओपनिंग जोड़ी ने टीम को धुआंधार शुरुआत दिलाई. लेकिन इसी स्कोर पर प्रियांश आर्या 17 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद प्रभसिमरन भी पवेलियन लौट गए. प्रभसिमरन सिंह 26 गेंदों पर 76 रन बनाकर पवेलियन लौटे. 132 के स्कोर पर प्रभसिमरन सिंह के आउट होने के बाद कूपर कॉनली भी 145 के स्कोर पर चलते बने. तीन विकेट जल्दी जल्दी गिरने के बाद पंजाब लय खो बैठा. नेहाल बढ़ेरा अच्छी लय में दिख रहे थे लेकिन विप्रज  निगम ने उन्हें 25 रन के निजी स्कोर पर करुण नायर के हाथों कैच कराया.

पंजाब किंग्स आईपीएल में 265 रन का टारगेट चेज करने वाली पहली टीम बनी.

राहुल के नाबाद 152 और राणा के 91 रनों के दम पर पंजाब ने 264 रन बनाए
इससे पहले, केएल राहुल की आक्रामक नाबाद शतकीय पारी और नीतीश राणा के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 गेंदों में 220 रन की साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 264 रन बनाए. यह मौजूदा सत्र का सर्वोच्च स्कोर होने के साथ आईपीएल इतिहास में कैपिटल्स का सबसे बड़ा स्कोर है. आईपीएल में अपने छठे शतक के दौरान राहुल ने 67 गेंदों की पारी में 16 चौके और नौ छक्के लगाए, जबकि राणा ने 44 गेंदों की पारी में 11 चौके और चार छक्कों की मदद से 91 रन बनाए. दोनों की 220 रन की साझेदारी आईपीएल की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है. सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के नाम है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की इस जोड़ी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 2016 में दूसरे विकेट के लिए 229 रन की साझेदारी की थी.

राहुल ने बतौर भारतीय आईपीएल की सबसे बड़ी पारी खेली
राहुल का यह स्कोर किसी भारतीय बल्लेबाज का आईपीएल में सबसे बड़ा, जबकि ओवरऑल तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. उन्होंने 226 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. राहुल को 12 रन के स्कोर पर अर्शदीप की गेंद पर शशांक सिंह ने कैच छोड़कर जीवनदान दिया और इस बल्लेबाज ने उसका पूरा फायदा उठाते हुए मैदान के हर कोने में बाउंड्री लगाई. पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह और जेवियर बार्टलेट ने एक-एक विकेट लिए, लेकिन टीम के सभी गेंदबाजों ने रन लुटाए. बार्टलेट ने चार ओवर में 69 रन दिए, जबकि विजयकुमार वैशाख ने तीन ओवर में 48 रन दिए.

राहुल ने दूसरे ओवर में बार्टलेट का स्वागत लगातार दो चौकों से किया
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद राहुल ने दूसरे ओवर में बार्टलेट का स्वागत लगातार दो चौकों से किया, लेकिन अर्शदीप की गेंद पर शशांक सिंह ने उनका आसान कैच टपका दिया. अर्शदीप ने हालांकि पथुम निसांका (11) को आउट कर पवेलियन की राह दिखाई. राहुल ने इसी ओवर में दिल्ली की पारी का पहला छक्का जड़ा, वहीं क्रीज पर आए नीतीश राणा ने मार्को यानसेन और फिर वैशाख के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौके जड़े. राहुल ने वैशाख की फुलटॉस गेंद को दर्शकों तक पहुंचाया. पावर प्ले में एक विकेट पर 68 रन बनाने के बाद राहुल ने युजवेंद्र चहल की गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्के के लिए भेजने के बाद राणा के साथ 25 गेंदों में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की.

राहुल ने 56 गेंदों पर शतक जड़ा
राहुल ने युजवेंद्र चहल की लगातार गेंदों पर सीधे शॉट में शानदार चौके जड़े, वहीं राणा ने 12वें ओवर में बार्टलेट के खिलाफ दो छक्के और चार चौके लगाकर ओवर से 28 रन बटोरे. इस दौरान उन्होंने 29 गेंदों में अपना अर्धशतक और राहुल के साथ शतकीय साझेदारी पूरी की. राहुल ने स्टोइनिस की गेंद पर कवर-प्वाइंट के ऊपर से कमाल का छक्का लगाया और फिर अर्शदीप के खिलाफ कवर क्षेत्र में बड़ा छक्का जड़ा और यह गेंद दर्शकदीर्धा में पहली मंजिल पर जा गिरी. उन्होंने यानसेन के खिलाफ 15वें ओवर में चौका लगाकर 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. आईपीएल में यह राहुल का सबसे तेज शतक है. इससे पहले उन्होंने 2018 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 56 गेंदों में अपना सबसे तेज शतक बनाया था.

राहुल ने यानसेन के खिलाफ छक्का जड़कर राणा के साथ 200 की साझेदारी पूरी की
कैपिटल्स ने सातवें से 15वें ओवर के बीच बिना विकेट गंवाए 121 रन बटोरे और बड़े स्कोर की ओर कदम बढ़ाए. राहुल ने अगले ओवर में आक्रामक तेवर जारी रखते हुए वैशाख के खिलाफ काउ कॉर्नर, फाइन लेग और कवर क्षेत्र के ऊपर से लगातार तीन छक्के लगाकर ओवर से 24 रन बटोरे, जिससे कैपिटल्स का स्कोर एक विकेट पर 213 रन हो गया. चहल की गेंद पर स्टोइनिस ने राणा का बाउंड्री के पास शानदार कैच लपका, लेकिन रिप्ले में उनका पैर बाउंड्री से टकराता दिखा, जिससे यह छह रन हो गए. राहुल ने यानसेन के खिलाफ छक्का जड़कर राणा के साथ 88 गेंदों में 200 रन की साझेदारी पूरी की. राणा ने बार्टलेट के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर शतक की ओर कदम बढ़ाए, लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार कैच लपककर उन्हें आउट किया. राहुल ने आखिरी ओवर में अर्शदीप की गेंद को विकेटकीपर के ऊपर से चार रन के लिए भेजकर 66 गेंदों में 150 रन के आंकड़े को पार किया.



Source link

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article