Last Updated:
IPL 2026 Stephen Fleming: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अहम मैच में मिली हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा है कि रुतुराज गायकवाड़ को अपनी कप्तानी में अभी और सुधार की जरूरत है. फ्लेमिंग के इस बयान से साफ हो गया है कि इस सीजन में सीएसके की नाकामी में गायकवाड़ की कप्तानी भी जिम्मेदार रही है.
सीएसके के कप्तान गायकवाड़ और कोच फ्लेमिंग
नई दिल्ली: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अहम मुकाबले में मिली हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग निराश हैं. मैच के बाद टीम के प्रदर्शन और रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी पर अपनी बात रखी. सनराइजर्स से हार के बाद फ्लेमिंग ने माना कि कप्तान के रूप में गायकवाड़ को अब भी काफी सुधार करने की जरूरत है. सीएसके की आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को सनराइजर्स से पांच विकेट की हार के कारण करारा झटका लगा है. उसकी टीम अब अगर मगर की कठिन डगर में फंस गई है.
सीएसके को अब गुरुवार को न सिर्फ गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच जीतना होगा बल्कि अन्य मैचों के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा.फ्लेमिंग ने पिछले तीन सत्र से सीएसके के कप्तान 29 वर्षीय गायकवाड़ के बारे में कहा,‘‘रुतुराज बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं. उन्होंने क्रिकेट जगत के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में से एक (महेंद्र सिंह धोनी) से कमान संभाली है. इसलिए इसमें थोड़ा समय लगेगा.’’
गायकवाड़ लगातार सीखे रहे हैं-स्टीफन फ्लेमिंग
उन्होंने कहा, ‘‘वह अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभा रहा है और खिलाड़ियों की बीच भी उसके लिए काफी सम्मान है. वह लगातार सीख रहा है और उस पर अच्छी तरह से अमल भी कर रहा है. इसलिए इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह भविष्य में फ्रेंचाइजी का बेहतरीन कप्तान साबित होगा.’’ गायकवाड़ इस सत्र में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और उनका औसत 29 है. उन्होंने अब तक खेले गए 13 मैचों में केवल दो अर्धशतक ही लगाए हैं.
फ्लेमिंग ने कहा, ‘‘हमने टीम में काफी बदलाव किए और हम सत्र की शुरुआत से ही जानते थे कि हम अन्य टीमों की तुलना में थोड़ा पीछे हैं. अच्छी शुरुआत करना बहुत अच्छा होता, लेकिन हमारी शुरुआत खराब रही. लेकिन बाद में हमने अच्छी वापसी की जो वास्तव में संतोषजनक है.’’ फ्लेमिंग ने कहा कि पिंडली की चोट के कारण धोनी के एक भी मैच में न खेलने के बावजूद डगआउट में उनकी उपस्थिति प्रेरणादायी रही है.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें


