Last Updated:
Ravichandran Ashwin का मानना है कि लगातार तीन हार के बाद पिछली दो जीत से चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर दबाव कम होगा. अश्विन का ये भी कहना है कि जब रुतु के बल्ले से रन नहीं आ रहे तो उन्हें शुरुआत में संयम बरतना चाहिए. पांच मैच में 63 रन बनाने वाले गायकवाड़ को अश्विन ने हवा में शॉट्स से बचने और ग्राउंड शॉट्स खेलने की सलाह दी.
रविचंद्रन अश्विन और रुतुराज गायकवाड़
चेन्नई: पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स सीएसके ने शुरुआत में लगातार तीन हार झेली, लेकिन इसके बाद उसने दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स को हराकर शानदार वापसी की. भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि सीएसके की मौजूदा सीजन में लगातार दो जीत से कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर दबाव कम होगा, उन्होंने इसके अलावा खराब फॉर्म में चल रहे इस ओपनर को एक सलाह भी दी है.
रवि अश्विन ने जियोस्टार पर कहा कि गायकवाड़ को शुरुआत में अपने दृष्टिकोण में थोड़ा बदलाव करने की जरूरत है.
कप्तान के तौर पर उन्हें दो जीत मिल चुकी हैं, जिससे वह सहज महसूस करेंगे. सच कहूं तो अगर मैं डगआउट में होता या रुतुराज गायकवाड़ होता तो ज्यादा चिंता नहीं करता. टी-20 प्रारूप ऐसा है जहां आपको लगातार इरादा दिखाना होता है.
पांच मैच में बनाए सिर्फ 63 रन
गायकवाड़ रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं. उन्होंने पांच मैच में केवल 63 रन बनाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 28 है, उनकी असफलता के कारण युवा आयुष म्हात्रे के संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने की भी चर्चा बढ़ रही है. ऐसे में गायकवाड़ के तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है.
हवा में मत खेलो शॉट्स- अश्विन
अश्विन ने गायकवाड़ को अपनी पारी की शुरुआत में हवा में शॉट नहीं खेलने की सलाह दी. उन्होंने कहा, ‘रुतुराज कुछ ज्यादा ही आक्रामक शॉट खेल रहे हैं और जल्दी आउट हो रहे हैं. अगर वह अपनी पारी की शुरुआत में थोड़ा सहज होकर खेलें, गेंद को सही समय पर खेलने की कोशिश करें और ज्यादा से ज्यादा मैदानी शॉट खेलें तो इससे उन्हें फायदा मिल सकता है.’
संजू के शतक ने फूंकी टीम में जान- स्टेन
इस बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन का मानना है कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सैमसन के शतक ने सीएसके में नई जान फूंकी है. सैमसन ने दिल्ली के खिलाफ नाबाद 115 रन बनाकर शानदार वापसी की और फिर केकेआर के खिलाफ 48 रन बनाए. स्टेन ने कहा, ‘‘उनके उस शतक ने ड्रेसिंग रूम का माहौल बदल दिया. इससे टीम में नहीं ऊर्जा का संचार हुआ है जिससे टीम ने जीत की राह पकड़ ली है.’
About the Author

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें


